Roohi Box Office Collection Day 4: रविवार को ख़ूब चला रूही का जादू, ओपनिंग वीकेंड में कमाई हुई इतने करोड़

Janhvi Kapoor, Rajkummar Rao and Varun Sharma in Roohi. Photo- Twitter

लॉकडाउन के बाद रिलीज़ हुई फ़िल्मों में यह बेस्ट ओपनिंग वीकेंड है। हालांकि स्त्री के मुकाबले फ़िल्म के कलेक्शंस की रफ़्तार काफ़ी कम है। 31 अगस्त 2018 को रिलीज़ हुई स्त्री ने 3 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में लगभग 32 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था।

Manoj VashisthMon, 15 Mar 2021 10:33 AM (IST)

नई दिल्ली, जेएनएन। राजकुमार राव, जाह्नवी कपूर और वरुण शर्मा की हॉरर-थ्रिलर फ़िल्म रूही का जादू बॉक्स ऑफ़िस पर चल गया। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में शानदार कमाई करते हुए 12 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन चाल दिनों में कर लिया। कोरोना वायरस पैनडेमिक के बाद वीरान पड़े सिनेमाघरों में दर्शकों की वापसी के इस संकेत से फ़िल्म उद्योग भी उत्साहित है। 

2020 में कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते हुए लॉकडाउन के बाद रूही पहली बड़ी बॉलीवुड रिलीज़ है। इसीलिए इस फ़िल्म की रिलीज़ का इंतज़ार ट्रेड को भी था। रूही के कलेक्शंस देखकर अब फ़िल्म उद्योग मे एक उम्मीद जगी है। कम से कम इस बात की तसल्ली है कि दर्शक सिनेमाघरों में लौटने लगे हैं।

11 मार्च को महाशिवरात्रि के अवकाश पर रिलीज़ हुई रूही को 4 दिन लम्बा ओपनिंग वीकेंड मिला। फ़िल्म निर्माता कंपनी मैडॉक फ़िल्म्स द्वारा उपलब्ध कराये गये आंकड़ों के अनुसार, फ़िल्म ने 3.06 करोड़ की ओपनिंग ली थी। हालात को देखते हुए यह सकारात्मक शुरुआत मानी गयी।

शुक्रवार को दूसरे दिन कलेक्शंस में गिरावट आयी और 2.25 करोड़ जमा किये। तीसरे दिन शनिवार को वीकेंड की शुरुआत के साथ कलेक्शंस का ग्राफ एक बार फिर ऊपर गया और रूही ने 3.42 करोड़ जुटा लिये। रविवार को फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचा दिया और 3.85 करोड़ का शानदार नेट कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर 4 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में रूही का नेट कलेक्शन 12.58 करोड़ हो चुका है।

लॉकडाउन के बाद रिलीज़ हुई फ़िल्मों में यह बेस्ट ओपनिंग वीकेंड है। हालांकि, स्त्री के मुकाबले फ़िल्म के कलेक्शंस की रफ़्तार काफ़ी कम है। 31 अगस्त 2018 को रिलीज़ हुई स्त्री ने 3 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में लगभग 32 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। मगर, मौजूदा परिस्थितियों में रूही के कलेक्शंस उत्साहवर्द्धक माने जा रहे हैं। रविवार को मुंबई के गेटी-गैलेक्सी सिनेमाघर के बाहर हाउसफुल का बोर्ड भी देखा गया 

हार्दिक मेहता निर्देशित रूही निर्माता दिनेश विजन के हॉर-कॉमेडी यूनिवर्स की दूसरी फ़िल्म है। वहीं, जाह्नवी कपूर की भी यह दूसरी फ़िल्म है, जो सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई है। जाह्नवी ने 2018 की फ़िल्म धड़क से डेब्यू किया था। इसके बाद 2020 में गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल सिनेमाघरों रिलीज़ होने वाली थी, मगर पैनडेमिक के चलते सिनेमाघर बंद हो गये और गुंजन सक्सेना नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की गयी।

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.