Box Office Prediction Day 1: जानिए कितने करोड़ कमा सकती हैं पल पल दिल के पास, प्रस्थानम और द ज़ोया फैक्टर

Box Office Prediction तीनों नई रिलीज़ फ़िल्मों के सामने सबसे बड़ी चुनौती छिछोरे और ड्रीम गर्ल की है जिन्होंने बॉक्स ऑफ़िस दर्शकों के बीच अपनी धाक जमाकर रखी है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Thu, 19 Sep 2019 05:20 PM (IST) Updated:Fri, 20 Sep 2019 11:57 AM (IST)
Box Office Prediction Day 1: जानिए कितने करोड़ कमा सकती हैं पल पल दिल के पास, प्रस्थानम और द ज़ोया फैक्टर
Box Office Prediction Day 1: जानिए कितने करोड़ कमा सकती हैं पल पल दिल के पास, प्रस्थानम और द ज़ोया फैक्टर

नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड पर शुक्रवार से घमासान शुरू हो गया है। इस बार तीन फ़िल्में पल पल दिल के पास, द ज़ोया फैक्टर और प्रस्थानम रिलीज़ हुई हैं। इन तीनों ही फ़िल्मों की राह आसान नहीं होगी, क्योंकि पहले स्ट्रांग चल रहीं ड्रीम गर्ल और छिछोरे दर्शकों को बड़ी तादाद में खींच रही हैं। इस लिहाज़ से देखें तो इस शुक्रवार 3 नहीं, बल्कि 5 फ़िल्मों के बीच तगड़ा मुक़ाबला होने वाला है। 

सबसे पहले बात करते हैं पल पल दिल के पास की, जिससे देओल परिवार की तीसरी पीढ़ी के सदस्य करण देओल बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। सनी देओल ने फ़िल्म का निर्देशन किया है। करण के साथ सहर बाम्बा भी बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। पल पल दिल के पास एक रोमांटिक फ़िल्म है, जो यूथ को ध्यान में रखकर बनायी गयी है। बॉलीवुड की आला फ़ैमिली से होने की वजह से इस फ़िल्म को लेकर ट्रेड के बीच काफ़ी उत्साह है। हालांकि दर्शकों का जोश फ़िल्म के सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद पता चलेगा, मगर माना जा रहा है कि उत्तर भारत में फ़िल्म अच्छा बिज़नेस कर सकती है, क्योंकि देओल परिवार की बड़ी फैन फॉलोइंग है।

अभिषेक शर्मा निर्देशित द ज़ोया फैक्टर में सोनम कपूर और दुल्कर सलमान ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। यह फ़िल्म क्रिकेट के खेल और लक की जुगलबंदी पर आधारित है। इसकी कहानी अनुजा चौहान के इसी नाम से आए नॉवल से ली गयी है। द ज़ोया फैक्टर के ट्रेलर को लोगों ने काफ़ी पसंद किया है। नौजवानों के बीच यह फ़िल्म अच्छी चल सकती है।

शुक्रवार को तीसरी फ़िल्म है संजय दत्त की प्रस्थानम, जिसे संजय ने प्रोड्यूस किया है और लीड रोल निभाया है। प्रस्थानम इसी नाम से आयी दक्षिण भारतीय फ़िल्म का आधिकारिक रीमेक है। देवी कट्टा निर्देशित फ़िल्म में  अली फ़ज़ल, सत्यजीत दुबे, चंकी पांडेय, जैकी श्रॉफ भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। बॉलीवुड हंगामा बेवसाइट के अनुसार, तीनों नई फ़िल्में अगर मिलकर 10 करोड़ का कलेक्शन कर लेती हैं तो यह ठीकठाक शुरुआत होगी।

ड्रीम गर्ल 13 सितम्बर को रिलीज़ हुई थी और पहले ही हफ़्ते में 70 करोड़ के आस-पास पहुंच चुकी है, वहीं 13 सितम्बर को आयी छिछोरे 100 करोड़ के पड़ाव को पार करके लगातार आगे बढ़ी रही है। ऐसे में पल पल दिल के पास, प्रस्थाम और द ज़ोया फैक्टर को जानदार ओपनिंग वीकेंड के लिए काफ़ी मेहनत करनी होगी।

chat bot
आपका साथी