इस महीने गुलज़ार होंगे शुक्रवार, बॉलीवुड-हॉलीवुड फ़िल्मों की सिनेमाघरों में लम्बी कतार, यहां देखिए पूरी लिस्ट

दिसम्बर के महीने में शुक्रवारों की रौनक फिर लौट रही है। Photo- Twitter/Instagram

Bollywood And Hollywood Movies In Cinemas मौजूदा हालात में दर्शकों को थिएटर्स तक लाना सबसे बड़ी चुनौती है जिसका सामना करने के लिए थिएटरों में एहतियात बरतने के साथ नई फ़िल्मों को रिलीज़ करने की कोशिशें की जा रही हैं।

Manoj VashisthTue, 01 Dec 2020 05:37 PM (IST)

नई दिल्ली, जेएनएन। Upcoming Bollywood And Hollywood Movies: दिसम्बर के महीने में शुक्रवारों की रौनक फिर लौट रही है। साल 2020 कोरोना वायरस पैनडेमिक के नाम रहा। मार्च में कोविड-19 वायरस की भारत में दस्तक के साथ ही सिनेमाघर भी धीरे-धीरे बंद हो गये और लगभग सात महीने तालाबंदी के बाद 15 अक्टूबर से खुले। मौजूदा हालात में दर्शकों को थिएटर्स तक लाना सबसे बड़ी चुनौती है, जिसका सामना करने के लिए थिएटरों में एहतियात बरतने के साथ नई फ़िल्मों को रिलीज़ करने की कोशिशें की जा रही हैं। इसी क्रम में 15 नवम्बर को सूरज पे मंगल भारी सिनेमाघरों में उतारी गयी, जो सिनेमाघर खुलने के बाद पहली थिएटर रिलीज़ बनी। अब दिसम्बर में कई बॉलीवुड और हॉलीवुड फ़िल्में सीधे सिनेमाघरों में आ रही हैं। 

4 दिसम्बर

साल के आख़िरी साल के पहले शुक्रवार को कोई बॉलीवुड फ़िल्म रिलीज़ नहीं होगी। अलबत्ता, दो हॉलीवुड फ़िल्में ज़रूर सिनेमाघरों में लगेंगी। पहली है क्रिस्टोफर नोलन की टेनेट है, जो अमेरिका में रिलीज़ होकर काफी सफल हो चुकी है। इस फ़िल्म की ख़ासियत यह है कि इसमें हिंदी सिनेमा की वेटरन एक्ट्रेस डिम्पल कपाड़िया एक अहम भूमिका में दिखेंगी। डिम्पल का यह हॉलीवुड डेब्यू है। इस फ़िल्म में डिम्पल जॉन डेविड वॉशिंगटन, रॉबर्ट पैटिंसन, एलिज़ाबेथ डेबिकी जैसे सितारों के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर रही हैं।

इसके साथ आएगी ग्रीनलैंड, जो एक डिजास्टर फ़िल्म है। इसका निर्देशन निक रोमन वॉग ने किया है। फ़िल्म में जेरार्ड बटलर और मोरेना बैकरीन लीड रोल्स में हैं। जेरार्ड इस फ़िल्म के प्रोड्यूसर भी हैं। यह फ़िल्म अमेरिका में 18 दिसम्बर को रिलीज़ होगी। कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से इसकी रिलीज़ भी विलम्बित हुई है।

11 दिसम्बर

दिसम्बर के दूसरे शुक्रवार को चार प्रमुख फ़िल्में सिनेमाघरों में लगेंगी, जिनमें दो बॉलीवुड और दो हॉलीवुड की हैं। सिनेमाहॉल खुलने के बाद रिलीज़ होने वाली दूसरी बॉलीवुड फ़िल्म इंदू की जवानी है। इस रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म में कियारा आडवाणी और आदित्य सील लीड रोल्स में हैं। इंदू की जवानी को अबीर सेनगुप्ता ने निर्देशित किया है। इसकी कहानी ग़ाज़ियाबाद की रहने वाली इंदिरा गुप्ता के इर्द-गिर्द घूमती है, जो डेटिंग ऐप के ज़रिए अपने लिए साथी की तलाश कर रही है। 

बॉक्स ऑफ़िस पर इंदू की जवानी को टक्कर देने के लिए नीना गुप्ता की द लास्ट कलर आ रही है। इस फ़िल्म की ख़ासियत यह है कि यह फ़िल्म जाने-माने शेफ विकास खन्ना का डायरेक्टोरियल डेब्यू है। द लास्ट कलर वृंदावन और वाराणसी में विधवाओं को लेकर सदियों से चले आ रहे सामाजिक वर्जनाओं पर टिप्पणी करती है। 

 

इन बॉलीवुड फ़िल्मों को हॉलीवुड की दो फ़िल्मों से चुनौती मिलेगी- द पर्सनल हिस्ट्री ऑफ़ डेविड कोपरफील्ड और द सीक्रेट्स वी कीप। द पर्सनल हिस्ट्री ऑफ़ डेविड कोपरफील्ड कॉमेडी ड्रामा फ़िल्म है, जिसका निर्देशन अरमांडो लैनुची ने किया है। फ़िल्म में देव पटेल, एनुरिन बर्नार्ड और पीटर पीटर कैपाल्डी लीड रोल्स में हैं। ब्रिटेन और अमेरिका में फ़िल्म इसी साल रिलीज़ हो चुकी है। 

द सीक्रेट्स वी कीप ड्रामा थ्रिलर फ़िल्म है, जिसे युवल एडलर ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में नूमी रापेस और जोइल किनमैन लीड रोल्स में हैं। 

25 दिसम्बर

दक्षिण भारतीय सिनेमा की बेहद चर्चित एडल्ट एक्टर की बायोपिक शकीला क्रिसमस पर रिलीज़ हो रही है। इस फ़िल्म में रिचा चड्ढा टाइटल रोल में दिखेंगी। फ़िल्म का निर्देशन इंद्रजीत लंकेश ने किया है। शकीला नब्बे दौर में दक्षिण भारतीय सिनेमा की बेहद चर्चित एडल्ट एक्ट्रेस थीं, जिन्होंने कई फ़िल्मों में काम किया था। 

बॉक्स ऑफ़िस पर शकीला को कड़ी टक्कर हॉलीवुड फ़िल्म वंडर वुमन 1984 से मिलेगी, जिसमें गैल गेडट लीड रोल में हैं। यह 2017 में आयी वंडर वुमन का सीक्वल है। इसका निर्देशन पैटी जेनकिंस ने किया है।

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से जुड़ी प्रमुख जानकारियों और आंकड़ों के लिए क्लिक करें।

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.