एक्टर प्रतीक बब्बर ने फिर किया अपनी मां स्मिता पाटिल को याद, इस वजह से कहा- मुझे उनकी तरह बनना है

बॉलीवुड अभिनेता प्रतीक बब्बर , Instagram : _prat

डिजिटल प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध वेब सीरीज चक्रव्यूह में इंस्पेक्टर वीरकर के किरदार में नजर आ रहे हैं प्रतीक बब्बर। 19 मार्च को उनकी फिल्म मुंबई सागा रिलीज होगी। अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म बच्चन पांडे मधुर भंडारकर निर्देशित इंडिया लॉकडाउन में भी प्रतीक नजर आएंगे।

Anand KashyapSun, 14 Mar 2021 08:34 AM (IST)

दीपेश पांडेय, मुंबई। डिजिटल प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध वेब सीरीज 'चक्रव्यूह' में इंस्पेक्टर वीरकर के किरदार में नजर आ रहे हैं प्रतीक बब्बर। 19 मार्च को उनकी फिल्म 'मुंबई सागा' रिलीज होगी। अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'बच्चन पांडे', मधुर भंडारकर निर्देशित 'इंडिया लॉकडाउन' में भी प्रतीक नजर आएंगे।

ऐसा किरदार 'चक्रव्यूह' में

'चक्रव्यूह' में किरदार के बारे में प्रतीक बताते हैं, 'पुलिस अधिकारी का किरदार निभाना हमेशा से मेरी विशलिस्ट का हिस्सा रहा है। मेरा किरदार इंस्पेक्टर वीरकर पुलिस की वर्दी की जगह कार्गो पैंट पहनने वाला तेज-तर्रार पुलिस अफसर है। उसे सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को ब्लैकमेल करने वाले समूह का पर्दाफाश करने की जिम्मेदारी मिलती है। इसकी तैयारी के लिए मैं कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिला। उनके हाव-भाव, अनुशासन और सलामी देने जैसे कई तरीकों के बारे में जाना।'

मिल रहा है मेहनत का फल

प्रतीक करियर के इस दौर को लेकर उत्साहित भी हैं और नर्वस भी। उनका कहना है, 'यहां तक पहुंचने के लिए पिछले तीन-चार वर्ष में बहुत मेहनत की है। अपने प्रोजेक्ट्स को लेकर नर्वस और उत्साहित दोनों हूं। उत्साह तो स्वाभाविक है। नर्वस इसलिए हूं कि यह अंदाज नहीं है कि इन्हें देखने के बाद लोगों की क्या प्रतिक्रिया होगी। हालांकि मेरी मेहनत यूं ही जारी रहेगी। मुझे बस अच्छे लोगों के साथ काम करते हुए अच्छी कहानियों और किरदारों को जीवन देना है।'

मां की विरासत आगे बढ़ाना है

प्रतीक प्रख्यात अभिनेत्री स्मिता पाटिल और अभिनेता राज बब्बर के बेटे हैं। सुपरस्टार रजनीकांत के साथ फिल्म 'दरबार' से उन्होंने तमिल सिनेमा में कदम रखा। प्रतीक कहते हैं, 'मैं सिर्फ उन्हीं प्रस्तावों को स्वीकार करता हूं, जिनसे जुड़ाव महसूस हो। मल्टीस्टारर और बड़े बजट की फिल्मों के साथ 'इंडिया लॉकडाउन' जैसी छोटे बजट की फिल्में करना किसी योजना का हिस्सा नहीं है। मैं सिर्फ अच्छी कहानियां देखकर प्रोजेक्ट चुनता हूं। मेरी मां ने भी सिनेमा में विविध किस्म के किरदार निभाए थे। मुझे उनकी तरह बनना है।'

अक्षय संग काम करना था सपना

'मुंबई सागा' और 'बच्चन पांडे' जैसी सितारों से भरी फिल्मों में कम स्क्रीन टाइम या किरदार की लंबाई से कलाकार के खो जाने या कम प्रभावी होने का भी डर रहता है। इस बाबत प्रतीक कहते हैं, 'ये चीजें तो हर कलाकार के मन में होती हैं, लेकिन अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम जैसे कलाकारों के साथ काम करना भी बड़ी बात होती है। अक्षय सर सभी के पसंदीदा एक्शन हीरो हैं, मैं उन्हें बचपन से देखते आया हूं। 'बच्चन पांडे' में उनके साथ काम करना मेरे लिए सपना सच होने जैसा था।' 

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.