Box Office: तीसरे वीकेंड में 'उरी' 150 करोड़ पार, कंगना की इस फ़िल्म को दी शिकस्त

मणिकर्णिका की रिलीज़ के बावजूद विक्की कौशल की उरी ना सिर्फ़ ख़ूब उड़ रही है, बल्कि कंगना की एक और फ़िल्म तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के कलेक्शंस को पीछे छोड़ने वाली है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Sat, 19 Jan 2019 03:28 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jan 2019 08:33 AM (IST)
Box Office: तीसरे वीकेंड में 'उरी' 150 करोड़ पार, कंगना की इस फ़िल्म को दी शिकस्त
Box Office: तीसरे वीकेंड में 'उरी' 150 करोड़ पार, कंगना की इस फ़िल्म को दी शिकस्त

मुंबई। विक्की कौशल की फ़िल्म 'उरी द सर्जीकल स्ट्राइक' को लेकर तीसरे हफ़्ते में भी दर्शकों के बीच ज़बर्दस्त जोश देखा जा रहा है, जिसके चलते फ़िल्म रविवार को कमाई के एक नये पड़ाव ₹150 करोड़ को पार कर गयी है। 

25 जनवरी को फ़िल्म का तीसरा हफ़्ता शुरू हो चुका है और 'उरी' थकने का नाम नहीं ले रही। तीसरे वीकेंड में भी फ़िल्म का शानदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज़ के तीसरे शुक्रवार (25 जनवरी) का उरी ने ₹4.40 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि शनिवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी पर फ़िल्म ने दोगुनी कमाई करते हुए ₹9.75 करोड़ अपने खाते में जमा किये। रविवार को 17वें दिन फ़िल्म ने ₹9.20 करोड़ बटोरे और इसके साथ ही नेट कलेक्शन ₹157.38 करोड़ हो गया। 

'उरी' की इस उड़ान को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स अब मानने लगे हैं कि फ़िल्म ₹200 करोड़ तक पहुंच सकती है। ख़ास बात यह है कि कंगना की फ़िल्म 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी' की रिलीज़ के बावजूद ना सिर्फ़ 'उरी' ख़ूब उड़ रही है, बल्कि कंगना की एक और फ़िल्म 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' के कलेक्शंस को पीछे छोड़ चुकी है। 

उरी के निर्माण और प्रचार पर निर्माताओं को ₹42 करोड़ का ख़र्च आया है। बजट की इस ब्रेकेट में आने वाली फ़िल्मों में उरी सबसे सफल फ़िल्म बन चुकी है। अब तक यह रिकॉर्ड 'मनु वेड्स तनु रिटर्न्स' के नाम था, जिसने ₹148.84 करोड़ का कलेक्शन बॉक्स ऑफ़िस पर किया था। उरी ने मुंबई सर्किट में ₹50 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। वहीं, दिल्ली और यूपी सर्किट से ₹25 करोड़ मिले हैं। सिर्फ़ इन दो सर्किटों से फ़िल्म को ₹75 करोड़ मिले हैं, जो मीडियम बजट की किसी फ़िल्म के लिए एक रिकॉर्ड है।

दूसरे हफ़्ते में ₹62.54 करोड़ की उड़ान

18 जनवरी को फ़िल्म का दूसरा हफ़्ता शुरू हुआ और दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹7.70 करोड़ का कलेक्शन किया। शनिवार को ₹13.35 करोड़ जमा किये, जबकि रविवार को ₹17.17 करोड़ बटोरे। इसके साथ ही दूसरे वीकेंड में उरी ने ₹38.22 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया। याद रहे कि फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹35.73 करोड़ का कलेक्शन किया था। सोमवार को फ़िल्म ने 6.82 करोड़, मंगलवार को 6.30 करोड़, बुधवार को 6 करोड़ और गुरुवार को 5.20 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके साथ दूसरे हफ़्ता ख़त्म होने के बाद उरी का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 133.79 करोड़ हो गया था। 

Milestones: 

20 जनवरी को उरी ने 10 दिनों का सफ़र पूरा कर लिया और कलेक्शन ₹108.90 करोड़ हो गया है। इसके साथ ही साल 2019 में 100 करोड़ क्लब का खाता खुल गया है। मंझले बजट की फ़िल्मों में उरी सबसे तेज़ 100 करोड़ कमाने वाली फ़िल्म भी बनी।

अगर पिछले साल आयी मंझले बजट की फ़िल्मों से 'उरी' की तुलना करें तो यह सबसे तेज़ 100 करोड़ फ़िल्म है। सोनू के टीटू की स्वीटी को 100 करोड़ तक पहुंचने में 25 दिन, बधाई हो और राज़ी को 17 दिन और स्त्री को 16 दिन का समय लगा था। 

पहले हफ़्ते में 70 करोड़ की उड़ान

गुरुवार (17 जनवरी) को उरी ने एक हफ़्ते का सफ़र पूरा कर लिया। विक्की कौशल अभिनीत और आदित्य धर निर्देशित 'उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक' 11 जनवरी को रिलीज़ हुई थी। पहले दिन फ़िल्म ने ₹8.20 करोड़ का कलेक्शन किया। पहले दिन की कमाई से ही उरी ने संकेत दे दिये थे कि फ़िल्म कम से कम पहले वीकेंड में तो बड़ा कारनामा करने वाली है और हुआ भी वैसा ही। दूसरे दिन यानि शनिवार को उरी के कलेक्शंस में लगभग 52 फ़ीसदी का उछाल आया। फ़िल्म ने ₹12.43 करोड़ का झमाझम कलेक्शन किया, जबकि रविवार को ₹15.10 करोड़ अपनी पॉकेट में कर लिये।

कमाल की बात यह है कि वर्किंग वीक शुरू होने के बाद भी उरी के कलेक्शंस में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी। पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹10.51 करोड़ जमा किये, जबकि मंगलवार को ₹9.57 करोड़ और बुधवार को ₹7.73 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि गुरुवार को भी फ़िल्म ने ₹7.40 करोड़ जोड़े। इसके साथ ही 'उरी' का सात दिनों का नेट कलेक्शन ₹70.94 करोड़ हो गया। यहां बताते चलें कि उरी का पहले हफ़्ते का कलेक्शन पिछले साल आईं सोनू के टीटू की स्वीटी, राज़ी, स्त्री और बधाई हो से भी अधिक है। इन फ़िल्मों का एक हफ़्ते (7 दिन) का कलेक्शन इस प्रकार है- सोनू के टीटू की स्वीटी- ₹45.94 करोड़ राज़ी- ₹56.59 करोड़ स्त्री- ₹60.39 करोड़ बधाई हो- ₹66.10 करोड़ (8 दिनों का कलेक्शन) उरी- ₹70.94 करोड़

जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय फौज द्वारा पाकिस्तान की सीमा में घुसकर सर्जीकल स्ट्राइक्स करने की कहानी पर बनी 'उरी द सर्जीकल स्ट्राइक' बॉक्स ऑफ़िस पर नये कीर्तिमान बना रही है। 'उरी' सही मायनों में विक्की कौशल की पहली फ़िल्म है, जिसमें उन्होंने लीड रोल निभाया है और फ़िल्म उनके कंधों पर टिकी है। ऐसे में उरी की कामयाबी विक्की के करियर को ज़बर्दस्त पुश देने वाली है। उरी में यामी गौतम, मोहित रैना, परेश रावल और कीर्ति कुल्हरी अहम भूमिका में हैं। परेश रावल का किरदार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार अजीत डोभाल से प्रेरित है। वहीं, रजित कपूर प्रधान मंत्री के किरदार में हैं। 

chat bot
आपका साथी