अरबाज़ से अर्जुन तक... 2019 में ये सेलेब्रिटीज़ दे सकते हैं ख़ुशख़बरी

इनकी रिलेशनशिप काफ़ी स्ट्रांग है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि 2019 इनके रिश्ते को अलग मुक़ाम पर लेकर जाएगा। यह मुक़ाम शादी भी हो सकता है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Tue, 04 Dec 2018 02:57 PM (IST) Updated:Tue, 25 Dec 2018 08:27 AM (IST)
अरबाज़ से अर्जुन तक... 2019 में ये सेलेब्रिटीज़ दे सकते हैं ख़ुशख़बरी
अरबाज़ से अर्जुन तक... 2019 में ये सेलेब्रिटीज़ दे सकते हैं ख़ुशख़बरी

मुंबई। 2018 बॉलीवुड के लिए शादियों का साल रहा है। कई सेलेब्रिटीज़ ने अपना सिंगल स्टेटस ख़त्म किया।प्रियंका चोपड़ा ने निक जोनस के साथ फेरे लिये तो दीपिका पादुकोण ने रणवीर सिंह के साथ शादी की। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने 12 दिसम्बर को अपनी गर्लफ्रेंड गिन्नी चतरथ के साथ शादी कर ली। 

इन सेलेब्रिटीज़ के अलावा आने वाले समय में कुछ और जोड़ियों की तरफ़ से ख़ुशख़बरी मिल सकती है। इनकी रिलेशनशिप काफ़ी स्ट्रांग है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि 2019 इनके रिश्ते को अलग मुक़ाम पर लेकर जाएगा। यह मुक़ाम शादी भी हो सकता है।

रणबीर-आलिया

कपूर खानदान के चिराग़ रणबीर कपूर और भट्ट फ़ैमिली की बिटिया आलिया भट्ट इन दिनों अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग कर रहे हैं। इस फ़िल्म के साथ ही रणबीर और आलिया के बीच नज़दीकियों की ख़बरें आने लगी थीं। शुरुआत में इसे को-एक्टर्स की बांडिंग समझा गया, मगर जैसे-जैसे फ़िल्म की शूटिंग आगे बढ़ी, बांडिंग भी मज़बूत होती गयी। ऐसे कयास लगाये जाने लगे कि दोनों एक-दूसरे के लिए सीरियस हैं। रणबीर-आलिया के अफेयर की ख़बरों को बल उन तस्वीरों से मिला, जिनमें दोनों की मॉम्स हैंगआउट करते दिखीं। अब रणबीर और आलिया के बीच की नज़दीकियां देखते हुए इनकी गुड न्यूज़ का इंतज़ार किया जा रहा है।

वरुण-नताशा

वरुण धवन अपनी पीढ़ी के कामयाब सितारों की कतार में खड़े हैं। आम तौर पर यंग एक्टर्स का नाम उनके साथ काम करने वाली अभिनेत्रियों से जुड़ने का चलन रहता है, मगर वरुण के बारे में ऐसे गॉसिप नहीं आते। आलिया के साथ फ़िल्में करने के कारण उनकी अच्छी दोस्ती की ख़बरें तो आती रही हैं, मगर लिंक अप नहीं किया जाता। इसकी वजह है वरुण ने अपनी गर्लफ्रेंड नताशा दलाल को कभी छिपाने की कोशिश नहीं की। करियर में थोड़ी स्थिरता आने के बाद वरुण ने नताशा के साथ अपनी रिलेशनशिप को पैपेराज़ी या मीडिया से नहीं छिपाया। इस कपल की शादी के कार्ड का भी इंतज़ार किया जा रहा है।

राजकुमार-पत्रलेखा

राजकुमार राव ने बॉलीवुड में ख़ुद को एक भरोसेमंद एक्टर के तौर पर स्थापित कर लिया है। राव अपनी पर्सनल लाइफ़ से ज़्यादा अपने काम के लिए चर्चा में रहते हैं। हालांकि अपनी गर्लफ्रेंड पत्रलेखा के साथ वो खुलकर हैंगआउट करते हैं और स्टीडी रिलेशनशिप में हैं। पत्रलेखा के साथ उनके रिश्ते की प्रगाढ़ता को देखते हुए राजकुमार राव की शादी का भी इंतज़ार है। हालांकि राजकुमार का फोकस फ़िलहाल अपना करियर है। हाल ही में दोनों को एक कमर्शियल की शूटिंग करते हुए गोवा में देखा गया था, जहां दोनों के बीच नज़दीकियां देखते ही बनती थीं।

अर्जुन-मलायका

इन सबके बीच अर्जुन कपूर और मलायका अरोरा की शादी की अफ़वाहें भी ज़ोर पकड़ रही हैं। वैसे तो इनकी दोस्ती कई सालों से बॉलीवुड के गॉसिप गलियारों में छायी रही है, मगर अरबाज़ ख़ान के साथ तलाक़ के बाद अर्जुन के साथ मलायका की नज़दीकियों के नये मायने निकाले जाने लगे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में तो अब यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को लेकर काफ़ी सीरियस हैं। हाल ही में मलायका ने अपना 45वां जन्मदिन मनाया, जिसके लिए वो अर्जुन के साथ वेकेशंस पर गयी थीं। मिलन एयरपोर्ट पर दोनों की तस्वीर वायरल हो गयी थी। वहीं, इंडियाज़ गॉट टैलेंट शो के सेट से करण जौहर ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो मलायका को छेड़ते दिख रहे हैं। करण मलायका से पूछते हैं कि वो इटली अकेले गयी थीं या किसी के साथ? इस पर मलायका शर्मा जाती हैं। हाल ही में अर्जुन और मलायका का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में घूम रहा है, जिसमें अर्जुन मलायका को पकड़कर उन्हें कार तक एस्कॉर्ट करते दिख रहे हैं। दोनों की नज़दीकियां शादी की ख़बरों को पुख्ता कर रही हैं।

अरबाज़-जॉर्जिया

उधर, मलायका से तलाक़ के कुछ वक़्त बाद अरबाज़ ख़ान की ज़िंदगी में एक नया ख़ूबसूरत चेहरा आ गया। यह हैं जॉर्जिया एंड्रियानी। जॉर्जिया पेशे से मॉडल हैं और अरबाज़ से 22 साल छोटी हैं। वो अभी 29 साल की ही हैं। अरबाज़ के साथ बॉलीवुड पार्टीज़ में भी अब जॉर्जिया नज़र आने लगी हैं। शिल्पा शेट्टी की प्री-दिवाली पार्टी में अरबाज़ जॉर्जिया संग पहुंचे थे। उससे पहले नवरात्र के दौरान एक कार्यक्रम में अरबाज़ जॉर्जिया के साथ अहमदाबाद गये थे। बॉलीवुड में ख़बरें हैं कि अरबाज़ जॉर्जिया से शादी कर सकते हैं।

सुष्मिता-रोहमन

एक और जोड़ी इन दिनों बी-टाउन में काफ़ी सुर्ख़ियां बटोर रही है। यह हैं पूर्व ब्रह्मांड सुंदरी सुष्मिता सेन और सुपर मॉडल रोहमन शॉल। कुछ वक़्त से सुष्मिता सेन के इंस्टाग्राम एकाउंट और पब्लिक एपीयरेंस से दोनों की रिलेशनशिप का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। दिलचस्प पहलू यह है कि सुष्मिता और रोहमन की उम्रों में बीच 15 साल का फ़ासला बताया जाता है। सुष्मिता अभी 42 की हैं, जबकि रोहमन 27 के। दोनों की अगले साल शादी करने की ख़बरें आ रही हैं। 

chat bot
आपका साथी