Tauktae Cyclone से मची तबाही के बाद अब कंगना रनोट ने BMC को दे ये सलाह, मुंबई वालों के लिए भी कही खास बात

केरल कर्नाटक और गोवा में तबाही मचाने के बाद सोमवार को टाक्टे तूफान महाराष्ट्र पहुंचा। खतरनाक तूफान ने राज्य में काफी तबाही मचाई है। इस दौरान बॉलीवुड के कई सितारों ने फैंस को इस तूफान के लिए जागरूक किया और घर में रहने की सलाह दी।

By Anand KashyapEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 10:58 AM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 10:58 AM (IST)
Tauktae Cyclone से मची तबाही के बाद अब कंगना रनोट ने BMC को दे ये सलाह, मुंबई वालों के लिए भी कही खास बात
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट , Instagram: kanganaranaut

नई दिल्ली, जेएनएन। केरल, कर्नाटक और गोवा में तबाही मचाने के बाद सोमवार को टाक्टे तूफान महाराष्ट्र पहुंचा। खतरनाक तूफान ने राज्य में काफी तबाही मचाई है। इस दौरान बॉलीवुड के कई सितारों ने फैंस को इस तूफान के लिए जागरूक किया और घर में रहने की सलाह दी। अब टाक्टे तूफान आने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही बीएमसी को खास सलाह भी दी है।

कंगना रनोट ने टाक्टे तूफान को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। इसके जरिए वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से बोलती रहती हैं। कंगना रनोट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने टाक्टे तूफान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही बीएमसी को पेड़ लगाने की सलाह दी है।

कंगना रनोट ने अपने पोस्ट में लिखा है, 'अगर बीएमसी पौधे नहीं लगा सकती हैं, तो हम सभी को अपनी जिम्मेदारी के तहत पौधे लगाने चाहिए। चक्रवात में गिरने वाले सभी पेड़ों को बेरहमी से काट कर फेंक दिया जाता है। बीएमसी को उनके स्थान पर नए पौधे लगाने चाहिए वरना आसपास के लोग जमीन पर कब्जा कर लेंगे और उस पर कंक्रीट डाल देंगे। मुंबई के लोगों को पौधे लगाने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए, हम सभी को अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।'

कंगना रनोट की इंस्टा पोस्ट

सोशल मीडिया पर कंगना रनोट का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेत्री के कई फैंस और तमाम सोशल मीडिया यूजर्स उनके पोस्ट को पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। आपको बता दें कि सोमवार को तूफान के कारण महाराष्ट्र में स्थिति काफी बिगड़ गई थी। यहां मंबुई, ठाणे, रायगढ़ और दुर्ग में भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से जनजीवन काफी अस्त-व्यस्त हो गया है। अत्यंत गंभीर तूफान की श्रेणी में आ चुके टाक्टे के कारण सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त होने के साथ कई जगह पेड़ उखड़ने और बिजली के खंभे गिरने से संचार सेवाएं व बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई।

इस तूफान की वजह से महाराष्ट्र में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा दो नावों के डूब जाने की खबर है। वहीं, दोनों नौकाओं पर सात नाविक सवार थे। इनमें से तीन को बचा लिया गया जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन नाविक लापता हैं। नवी मुंबई एवं उल्हासनगर में भी अलग-अलग घटनाओं में दो लोग मारे गए हैं। इसके अलावा दो अलग-अलग घटनाओं में तूफान के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है। रायगढ़ जिले में 1,886 घरों को आंशिक क्षति पहुंचने और छह घर पूरी तरह नष्ट होने की खबर है। रायगढ़, सिंधुदुर्ग एवं ठाणे के अलावा उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भी दो लोगों के मारे जाने की खबर है।  

chat bot
आपका साथी