Sushant Singh Rajput Case: ज़रूरी नहीं किसी की साइड लें, मगर सच बाहर आना चाहिए- अनुपम खेर
Sushant Singh Rajput Case सुशांत ने 14 जून को सुसाइड के ज़रिए अपना जीवन ख़त्म कर लिया था। तभी से उनके फैंस सीबीआई जांच की मांग कर रहे है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत का निधन आत्म-हत्या करने की वजह से हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई, मगर उनकी मौत के बाद से ही सोशल मीडिया में तमाम तरह की बातें चल रही हैं। नेपोटिज़्म से लेकर बॉलीवुड में पक्षपात को उनकी मौत का ज़िम्मेदार माना जा रहा है। इसके पीछे साजिश होने के दावे भी किये जा रहे हैं। इसीलिए सुशांत के फैंस लगातार सीबीआई जांच की मांग उठा रहे हैं। अब अनुपम खेर ने सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस के लॉजिकल एंड की बात कही है। अनुपम ने कहा कि उनके परिवार को सच जानने का हक़ है।
अनुपम खेर ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करके अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- ''सुशांत सिंह राजपूत की मौत का किस्सा 14 जून स अब तक जहां पहुंचा है, इतने उतार-चढ़ाव के बाद। तो इस पर ना बोलना आंख मूंदने वाली बात है। बहुत दिनों तक मैं नहीं बोला।
बहुत से लोग नहीं बोलना चाह रहे हैं, क्योंकि समझ नहीं आ रहा कि क्या बोलें। पर अब जो स्थिति नज़र आ रही है, उसमें बिना किसी को दोष दिये, इतना तो हमारा फ़र्ज़ बनता है कि इसको हम एक लॉजिकल एंड (तार्किक छोर) तक लेकर जाएं। एक सह कलाकार होने के नाते... एक इंसान होने के नाते...। वो किसी का बेटा है, किसी का भाई है।
हम सबने उसकी प्रशंसा की है। उसने बहुत अच्छा काम किया है। तो इस समय चुप रहना... ज़रूरी नहीं कि हमें किसी को क्रिटिसाइज़ करना है, लेकिन उसकी मृत्यु का एक लॉजिकल एंड बहुत ज़रूरी है। वो कैसे हो सकता है। उसमें कौन कसूरवार है, कौन नहीं है।
इसका फ़ैसला तो होनना चाहिए। पचास हज़ार थ्योरीज़ हैं। हम उनसे सहमत हों या ना हों, यह अलग बात है। लेकिन हम यह तो पूछें कि जो भी हो रहा है, उसका एक अंत तो होना चाहिए। जो इंसाफ़ की गुहार कर रहे हैं, उन्हें तो महसूस करवाना चाहिए, कि हम उनके साथ हैं। आंख मूंदना कायरता का निशानी है और कायर होना अच्छी बात नहीं है।
इस वीडियो के साथ अनुपम ने लिखा- ''सुशांत के परिवार और फैंस को सच जानने का हक़ है। इतना कुछ कहा जा चका है, इतनी सारी साजिशों की बातें चल रही हैं, लेकिन कौन किस साइड है, मुद्दा अब यह नहीं रहा, अब यह केस निर्णायक अंत तक पहुंचना चाहिए। हमें सच जानना है।'' अनुपम खेर ने एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी में धोनी के पिता का रोल निभाया था, जबकि सुशांत टाइटल रोल में थे।
Sushant’s family & fans deserves to know the truth. So much has been said, there are so many conspiracy theories, but it is not about who stands on which side anymore, it is about ensuring, that this case reaches a logical conclusion. We must know the truth.🙏#JusticeforSushant pic.twitter.com/leL6ItKFuu
— Anupam Kher (@AnupamPKher) August 4, 2020
बता दें कि सुशांत ने 14 जून को सुसाइड के ज़रिए अपना जीवन ख़त्म कर लिया था। तभी से उनके फैंस सीबीआई जांच की मांग कर रहे है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, पिछले दिनों सुशांत के पिता केके सिंह द्वारा पटना में एफआईआर लिखाने के बाद बिहार पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी। वहीं, बिहार सरकार ने शासन से इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की संस्तुति की है।