Sunny Deol Birthday: बॉबी देओल ने भाई सनी को बताया अपनी दुनिया, बहनों के साथ ये खास तस्वीर शेयर कर किया बर्थडे विश
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सनी देओल अपना जन्मदिन 19 अक्टूबर को मनाते हैं। वह आज अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं। सनी देओल को फैंस सहित उनके कई करीबी भी जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। इनमें फिल्मी सितारे भी शामिल हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सनी देओल अपना जन्मदिन 19 अक्टूबर को मनाते हैं। वह आज अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं। सनी देओल को फैंस सहित उनके कई करीबी भी जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। इनमें फिल्मी सितारे भी शामिल हैं। सनी देओल को उनके छोटे और प्यारे भाई अभिनेता बॉबी देओल ने भी जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दिग्गज अभिनेता के बधाई दी है।
बॉबी देओल अक्सर अपने भाई सनी के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। उनके जन्मदिन पर बॉबी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेहद खास तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में बॉबी और सनी देओल के अलावा उनकी दो बहनें अजीता और विजेता देओल भी नजर आ रही हैं। तस्वीर में चारों भाई-बहन एक-दूसरे को गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर में चारों भाई-बहन बेहद प्यारे नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए बॉबी देओल ने बड़े भाई सनी देओल को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, 'जन्मदिन की ढेर सारी बधाई भैया, आप मेरी दुनिया हो।' सोशल मीडिया पर बॉबी, सनी, अजीता और विजेता देओल की यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। दिग्गज अभिनेता के फैंस तस्वीर को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर सनी देओल को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।
आपको बता दें कि सनी देओल का जन्म 19 अक्टूबर 1956 को मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के घर में हुआ था। उनका असली नाम अजय सिंह देओल है। उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 1984 में आई फिल्म 'बेताब' से की थी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री अमृता सिंह मुख्य भूमिका में थीं। सनी देओल की छवि हिंदी फिल्म जगत में एक्शन हीरो की रही है।
उन्हें यह तमगा उनके करियर की दूसरी फिल्म 'अर्जुन' से मिल गया था। उनकी यह फिल्म साल 1985 में आई थी। सनी देओल ने अस्सी और नब्बे के दशक में कई शानदार फिल्मों में काम किया। साल 1986 में वह अपने पिता धर्मेंद्र के साथ नजर आए। इसके बाद सनी देओल ने 'डकैत' (1987), 'यतीम' (1988) 'त्रिदेव' (1988) और 'चालबाज' (1989), 'घायल' (1990), 'घातक' (1996) और 'गदर' (2001) जैसी कई फिल्मों में काम किया और प्रशंसा बटोरी।