Raj Kundra Case: अश्लील वीडियो मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा को 2 महीने बाद मुंबई कोर्ट से मिली जमानत
अदालत ने राज को 50 हज़ार के मुचलके पर ज़मानत दी है। बता दें राज को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जुलाई में गिरफ़्तार किया था। उन पर अश्लील फ़िल्मों के निर्माण और उन्हें ऐप के ज़रिए प्रसारित करने का आरोप है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके परिवार के लिए एक राहत भरी ख़बर है। शिल्पा के पति बिज़नेसमैन राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफिक फ़िल्म केस में दो महीने बाद मुंबई कोर्ट से ज़मानत मिल गयी है। अदालत ने राज को 50 हज़ार के मुचलके पर ज़मानत दी है। राज के साथ उनके सहयोगी रायन थोर्पे को भी अदालत से ज़मानत मिल गयी है।
बता दें, पोर्नोग्राफिक फ़िल्म केस में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राज को 19 जुलाई की रात को गिरफ़्तार किया था। राज के साथ उनके सहयोगी रायन थोर्पे को भी पुलिस ने गिरफ़्तार किया था। उन्हें पहले 23 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया था, जिसे बढ़ाकर 27 जुलाई तक कर दिया गया था। 27 जुलाई को अदालत ने राज और रायन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। Mumbai court grants bail to businessman and actor Shilpa Shetty's husband Raj Kundra in the case on a surety of Rs 50,000 pic.twitter.com/jtEB9Ixd5C
राज ने 28 जुलाई को मजिस्ट्रेट कोर्ट में ज़मानत की अर्ज़ी दाख़िल की थी, जिसे कोर्ट ने नामंजूर कर दिया था। अदालत ने इसके पीछे अपराध की गंभीरता का हवाला दिया है। साथ ही इस बात की आशंका भी जतायी गयी कि केस की जांच चल रही है। ऐसे में ज़मानत देने से सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने की आशंका रहेगी। अदालत ने पाया कि जांच अधिकारियों ने बहुत सा डाटा जमा किया है, लेकिन कुछ डाटा आरोपियों द्वारा डिलीट भी कर दिया गया। ऐसे हालात में आरोपी सबूतों से छेड़छाड़ कर सकते हैं। न्यायिक हिरासत की अवधि 10 अगस्त को ख़त्म हो गयी थी।
दोनों ने बॉम्बे हाई कोर्ट में भी ज़मानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे हाई कोर्ट ने 7 अगस्त को ही डिसमिस कर दिया था। जस्टिस एएस गडकरी ने कहा था कि मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट द्वारा हिरासत में रिमांड कानून के अनुरूप है और इसमें किसी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है। Mumbai Crime Branch submitted a 1500-page supplementary chargesheet in connection with the case, today, before Esplanade Court. The chargesheet has been filed against businessman and actor Shilpa Shetty's husband Raj Kundra (in file photo) and others. pic.twitter.com/2gDPanYGkL
15 सितम्बर को क्राइम ब्रांच ने पोर्नोग्राफिक फ़िल्म केस में राज के ख़िलाफ़ लगभग 1500 पन्नों की चार्जशीट एसप्लांडे कोर्ट में दाखिल की थी। चार्जशीट में राज के अलावा अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। वहीं, शिल्पा शेट्टी और शर्लिन चोपड़ा को इस केस में गवाह के तौर पर पेश किया गया है। इन दोनों समेत 43 गवाहों के बयान दर्ज़ किये गये हैं।