Raavan Leela से होगा 'स्कैम 1992' वाले प्रतीक गांधी का बॉलीवुड डेब्यू, सिनेमाघरों में इस दिन होगी रिलीज़

पोस्टर पर प्रतीक अपनी लीडिंग लेडी के साथ बांसुरी बजाने वाला पोज़ दे रहे हैं। बैकग्राउंड में उन्हें अट्टहास करते हुए रावण के गेटअप में दिखाया गया है। पोस्टर पर टाइटल के ऊपर देवनागरी में लिखा गया है- राम में क्यों तूने रावण को देखा...

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Tue, 24 Aug 2021 11:27 AM (IST) Updated:Tue, 24 Aug 2021 01:51 PM (IST)
Raavan Leela से होगा 'स्कैम 1992' वाले प्रतीक गांधी का बॉलीवुड डेब्यू, सिनेमाघरों में इस दिन होगी रिलीज़
Pratik Gandhi on Raavan Leela poster. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। सोनी लिव की वेब सीरीज़ स्कैम 1992- द हर्षद मेहता स्टोरी से छा जाने वाले कलाकार प्रतीक गांधी अब अपने बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार हैं। वैसे तो प्रतीक पहले भी गुजराती और हिंदी फ़िल्मों में नज़र आते रहे हैं, मगर बतौर लीड एक्टर रावण लीला (भावई) उनकी पहली हिंदी फ़िल्म है। इसीलिए इस फ़िल्म को उनका डेब्यू कहा जा रहा है। फ़िल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए तैयार है। 

मंगलवार को इसका फ़र्स्ट लुक जारी कर दिया गया। पोस्टर पर प्रतीक अपनी लीडिंग लेडी ऐंद्रिता रे के साथ बांसुरी बजाने वाला पोज़ दे रहे हैं। ऐंद्रिता का भी फीमेल लीड में हिंदी डेब्यू है। पोस्टर के बैकग्राउंड में प्रतीक को अट्टहास करते हुए रावण के गेटअप में भी दिखाया गया है।

पोस्टर पर टाइटल के ऊपर देवनागरी में लिखा गया है- राम में क्यों तूने रावण को देखा... फ़िल्म की कथा, पटकथा और निर्देशन हार्दिक गज्जर का है। वहीं पोस्टर शेयर करके प्रतीक ने लिखा- मुखौटे पे मुखौटा... राम के रावण की लीला।

रावण लीला 1 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी। फ़िल्म में प्रतीक बिल्कुल अलग अंदाज़ में नज़र आएंगे। फ़िल्म के बारे में अभी ज़्यादा जानकारी का खुलासा नहीं किया गया है, मगर यह एक प्रेम कहानी है। फ़िल्म का निर्माण बैकबेंचर फ़िल्म्स के साथ धवल जयंतीलाल गाडा, अक्षय जयंतीलाल गाडा, पार्थ गज्जर और हार्दिक गज्जर ने किया है।

इस फ़िल्म के अलावा प्रतीक अतिथि भूतो भव और डेढ़ बीघा ज़मीन में भी नज़र आएंगे। अतिथि भूतो भव की एक्ट्रेस दिविना ठाकुर ने प्रतीक के बारे में जागरण डॉट कॉम को बताया था- प्रतीक गांधी को भले ही स्कैम 1992 से फेम मिला हो, मगर उन्होंने थिएटर और फ़िल्मों में काफ़ी काम किया है। वरुण धवन के साथ भी एक फ़िल्म में नज़र आ चुके हैं। प्रतीक के जो स्टेज शोज़ होते थे, वो स्कैम 1992 से पहले भी हाउसफुल जाते थे। ऐसा नहीं है कि शो के बाद ही इतना अटेंशन मिला है। प्रतीक ने झांसी में डेढ़ बीघा ज़मीन की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फ़िल्म में खुशाली कुमार फीमेल लीड में हैं। 

chat bot
आपका साथी