Sadak 2 Trailer: नेपोटिज़्म की बहस में फंसा 'सड़क 2' का ट्रेलर, 5 घंटे में 12 लाख से अधिक डिस्लाइक

Sadak 2 Trailer सड़क 2 को जब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने का एलान हुआ था तो फ़िल्म के विरोध के लिए सोशल मीडिया में कैंपेन चलाया गया था।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 04:35 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 07:36 AM (IST)
Sadak 2 Trailer: नेपोटिज़्म की बहस में फंसा 'सड़क 2' का ट्रेलर, 5 घंटे में 12 लाख से अधिक डिस्लाइक
Sadak 2 Trailer: नेपोटिज़्म की बहस में फंसा 'सड़क 2' का ट्रेलर, 5 घंटे में 12 लाख से अधिक डिस्लाइक

नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद बॉलीवुड में छिड़ी नेपोटिज़्म की बहस के निशाने पर कई स्टार किड्स आये हैं। इनमें आलिया भट्ट भी शामिल हैं। आलिया और उनके पिता महेश भट्ट को सोशल मीडिया में लगातार ट्रोल किया गया, जिसके चलते आलिया को ट्विटर पर कमेंट्स करने का विकल्प भी बंद करना पड़ा। आलिया के ख़िलाफ़ चली मुहिम का असर अब सड़क 2 के ट्रेलर पर भी पड़ता नज़र आ रहा है। बुधवार को रिलीज़ हुए ट्रेलर को 5 घंटों में 12 लाख डिस्लाइक्स मिले हैं। 

सड़क 2 का ट्रेलर फॉक्स स्टार इंडिया ने लगभग 11 बजे अपने यू-ट्यूब एकाउंट से साझा किया था। शाम 4 बजे तक ट्रेलक को 23 लाख से अधिक व्यूज़ मिल चुके थे, जबकि सिर्फ़ 90 हज़ार लोगों ने इसे पसंद किया और 1.2 मिलियन यानि 12 लाख लोगों ने इसे डिस्लाइक किया है। 

सड़क 2 को महेश भट्ट ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में आदित्य रॉय कपूर और आलिया भट्ट के साथ संजय दत्त मुख्य स्टार कास्ट में शामिल हैं। फ़िल्म 28 अगस्त को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हो रही है। सड़क 2 के साथ महेश भट्ट लगभग दो दशक बाद निर्देशन में लौटे हैं। उन्होंने 1999 में आख़िरी फ़िल्म कारतूस निर्देशित की थी। 

सड़क 2 में दिया है आउटसाइडर को मौक़ा

सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद बॉलीवुड में छिड़ी नेपोटिज़्म या परिवारवाद की बहस के केंद्र में भट्ट परिवार आ गया था। सड़क 2 को जब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने का एलान हुआ था तो फ़िल्म के विरोध के लिए सोशल मीडिया में कैंपेन चलाया गया, क्योंकि लोगों का मानना था कि फ़िल्म से नेपोटिज़्म को बढ़ावा मिल रहा है। हालांकि पूजा भट्ट ने परिवार पर नेपोटिज़्म का आरोप लगाने वालों को आड़े हाथों लिया।

पूजा ने ट्वीट करके कहा था कि सड़क 2 से भी नये टैलेंट को बॉलीवुड में लॉन्च किया जा रहा है। पूजा ने बताया था कि सड़क 2 में चंडीगढ़ के एक म्यूज़िक टीचर को मौक़ा दिया गया है, जो बिना किसी अप्वाइंटमेंट के भट्ट कैंप के ऑफ़िस पहुंच गये थे। उनका गाना इश्क़ कमाल फ़िल्म का हिस्सा है। वैसे ट्रेलर में भी इस गाने को सुना जा सकता है। 

chat bot
आपका साथी