Sadak 2 Trailer: ट्रेलर को 24 घंटों में मिले एक करोड़ से अधिक व्यूज़ और 53 लाख डिस्लाइक्स

Sadak 2 Trailer महेश भट्ट के निर्देशन में बनी सड़क 2 डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर 28 अगस्त को रिलीज़ की जा रही है और अब फ़िल्म के बहिष्कार को लेकर भी ट्विटर पर अभियान जारी है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 11:59 AM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 07:47 PM (IST)
Sadak 2 Trailer: ट्रेलर को 24 घंटों में मिले एक करोड़ से अधिक व्यूज़ और 53 लाख डिस्लाइक्स
Sadak 2 Trailer: ट्रेलर को 24 घंटों में मिले एक करोड़ से अधिक व्यूज़ और 53 लाख डिस्लाइक्स

नई दिल्ली, जेएनएन। 'सड़क 2' ट्रेलर के साथ जो हुआ है, वैसा पहली बार देखा जा रहा है। इस ट्रेलर ने डिस्लाइक्स का ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो डिजिटल प्रमोशन के इतिहास में दर्ज़ होगा। संजय दत्त, आलिया भट्ट और आदित्य रॉय कपूर अभिनीत फ़िल्म के ट्रेलर को 24 घंटों में 53 लाख से अधिक डिस्लाइक मिले हैं, जबकि सिर्फ़ 2 लाख 95 हज़ार लाइक्स हैं। हालांकि इस अवधि में फ़िल्म का ट्रेलर एक करोड़ से अधिक बार देखा गया है।

सड़क 2 का ट्रेलर 12 अगस्त को सुबह लगभग 11 बजे रिलीज़ किया गया था और 13 अगस्त को 11 बजे तक इसे 1 करोड़ 67 लाख 92 हज़ार 971 व्यूज़ मिल चुके हैं। सुशांत सिंह राजपूत केस की वजह से सोशल मीडिया में नेपोटिज़्म की बहस का सीधा असर 'सड़क 2' के ट्रेलर पर नज़र आ रहा है। ट्रेलर रिलीज़ होने से पहले ही सोशल मीडिया पर इसके बहिष्कार की मुहिम छेड़ दी गयी थी।

दरअसल, सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती के ज़रिए महेश भट्ट का नाम उछलने से भट्ट परिवार ट्रोलर्स और सुशांत के फैंस के निशाने पर आ गया है। आलिया को लगातार ट्विटर पर निशाना बनाया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें अपना कमेंट ऑप्शन भी बंद करना पड़ा।

'सड़क 2' डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर 28 अगस्त को रिलीज़ की जा रही है और अब फ़िल्म के बहिष्कार को लेकर भी ट्विटर पर अभियान जारी है। 'सड़क 2' को महेश भट्ट ने निर्देशित किया है। यह पहली बार है, जब उन्होंने आलिया को किसी फ़िल्म में निर्देशित किया है।

फ़िल्म की कहानी आलिया के किरदार पर केंद्रित है, जो एक फ़र्ज़ी बाबा की तलाश में निकली है, जिसका उनके निजी जीवन से गहरा ताल्लुक है। आदित्य रॉय कपूर इस जर्नी में उनका साथ देते हैं। वहीं, संजय दत्त टैक्सी ड्राइवर के रोल में हैं। संजय दत्त और पूजा भट्ट के ज़रिए फ़िल्म का कनेक्शन महेश भट्ट की सड़क से भी जोड़ा गया है। 

chat bot
आपका साथी