कार्तिक आर्यन ने लिया कोरोना वैक्सनी का पहला डोज, फैंस बोले- 'National Crush अपना ध्यान रखो'
कार्तिक आर्यन ने वैक्सीन लगवाने के बाद अपनी तस्वीर फैंस के साथ शेयर की है। कार्तिक आर्यन वैसे भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वो अक्सर अपनी कई तस्वीरें और वीडियो भी फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर भी अब धीरे- धीरे कम होता जा रहा है। ऐसे में अब कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। इस कड़ी में बॉलीवुड सितारे भी आगे आ रहे हैं। कई सेलेब्स अपनी कोविड वैक्सीन का डोज ले रहे हैं। हाल ही में अभिनेता कार्तिक आर्यन ने भी कोरोना वैक्सीन का पहला डोज ले लिया है।
कार्तिक आर्यन ने वैक्सीन लगवाने के बाद अपनी तस्वीर फैंस के साथ शेयर की है। कार्तिक आर्यन वैसे भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वो अक्सर अपनी कई तस्वीरें और वीडियो भी फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। अब हाल ही में उन्होंने कोविड वैक्सीन लगवाने की जानकारी भी फैंस को दी है। जिसके बाद उनके फैंस भी काफी खुश नजर आ रहे हैं।
कार्तिक ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए ये तस्वीर शेयर की है। जिसके जरिए पता चलता है कि उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन मुंबई के खार स्थित पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में लगवाई है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'अब एंटीबॉडीज लोड हो रही हैं।' कार्तिक की इस तस्वीर पर उनके फैंस जमकर कमेंट कर रहे हैं। कई लोग उन्हें कह रहे हैं कि अभिनेता अपना ध्यान रखें। एक यूजर ने कमेंट कर लिखा, 'नेशनल क्रश अपना ध्यान रखो'।
बात करें कार्तिक आर्यन के वर्कफ्रंट की तो अभिनेता जल्द ही हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूल भुलैया 2' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री कियारा आडवाणी, परेश रावल, राजपाल यादव भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी कर रहे हैं। ये फिल्म साल 2009 में आई अक्षय कुमार, विद्या बालन और शाइनी आहूजा स्टारर 'भूल भुलैया' का सीक्वल होगा। इसके अलावा अभिनेता 'दोस्ताना 2' में भी नजर आने वाले थे लेकिन बीते दिनों किसी विवाद के चलते उन्हें फिल्म से हटा दिया गया।
इसके अलावा कार्तिक आर्यन फिल्म 'धमाका' में भी नजर आने वाले हैं। यह फ़िल्म अगस्त में रिलीज़ की जा सकती है। कार्तिक की यह पहली फ़िल्म है, जो सिनेमाघरों के बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी। बता दें, 'धमाका' की शूटिंग कार्तिक ने महज़ 10 दिनों में पूरी की थी। फ़िल्म के अधिकतर हिस्सों की शूटिंग इनडोर हुई है। धमाका में कार्तिक न्यूज़ एंकर के किरदार में हैं।