रणवीर-दीपिका के Wedding Photos हुए वायरल, देखते ही आलिया के मुंह से निकला...
आलिया का नाम इन दिनों दीपिका के एक्स बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर के साथ पूरी शिद्दत से जोड़ा जा रहा है, जो अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र में उनके हीरो भी हैं।
मुंबई। इटली के लेक कोमो में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी का दो दिवसीय समारोह 15 नवंबर को सम्पन्न हो गया। कोंकणी और सिंधी रीति-रिवाज़ से हुई शादी में दोनों परिवारों के सदस्य और चंद ख़ास दोस्त ही शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार, शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की तादाद 40 के आस-पास बतायी जाती है। शादी की तस्वीरें शेयर होने के साथ ही इंटरनेट पर वायरल हो चुकी हैं। ग़ौर करने वाली बात यह है कि लाइक्स के मामले में बाजीराव अपनी मस्तानी से हार गये हैं।
बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ और बाक़ी लोगों के लिए बेंगलुरु और मुंबई में रिसेप्शंस रखे गये हैं। बहरहाल, कई घंटे तक इंतज़ार करवाने के बाद दीपिका और रणवीर ने अपनी शादी की दो तस्वीरें 15 नवंबर की रात 8 बजे के आस-पास अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स से शेयर कीं। एक तस्वीर कोंकणी रस्म की है, जबकि दूसरी तस्वीर सिंधी रीति-रिवाज़ की है। शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर आते ही छा गयीं। पोस्ट होने के 15 घंटों में दीपिका के एकाउंट से शेयर की गयी तस्वीरों को 50 लाख से ज़्यादा लाइक्स मिल चुके हैं, जबकि रणवीर के एकाउंट से शेयर की गयी तस्वीरों को 34 लाख से अधिक लोगों ने पसंद किया है। दीपिका यहां आगे निकल गयी हैं, लेकिन अगर दोनों के लाइक्स अगर मिला दिये जाएं तो यह संख्या 85 लाख को पार कर जाएगी। ट्विटर पर रणवीर के एकाउंट पर पोस्ट तस्वीरों को सिर्फ़ 4 घंटे में 1.60 लाख से ज़्यादा लोगों ने पसंद किया है, जबकि दीपिका के एकाउंट पर शेयर तस्वीरों को इसी अवधि में 2.30 लाख से अधिक लाइक्स मिले।
बताते चलें कि रणवीर और दीपिका ने अपना वेडिंग फोटो लीक होने से बचाने के लिए भरपूर इंतज़ाम किये थे। शादी के लिए चुनिंदा मेहमानों को ही न्यौते भेजे गये थे। जो बात सबसे अहम है, वो ये कि मेहमानों के लिए क्या करें-क्या ना करें की लिस्ट भी तैयार की गयी थी, जिससे जोड़े की निजता में कोई खलल ना पड़े। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि मेहमानों को मोबाइल फोन से तस्वीरें लेने की भी अनुमति नहीं होगी, ताकि तस्वीरें कहीं लीक ना हों। यही वजह है कि शादी के वेन्यू और कुछ मेहमानों की तस्वीरें तो 14 नवंबर को ही इंटरनेट पर आ गयी थीं, लेकिन दूल्हा-दुल्हन बने रणवीर और दीपिका की तस्वीरें नहीं आ सकी थीं।
उधर, तस्वीरें सार्वजनिक होने के बाद अब इस स्टार कपल को बधाइयां मिलने का सिलसिला जारी है, मगर इनमें प्रियंका चोपड़ा का अंदाज़ सबसे जुदा है। दीपिका और रणवीर के साथ बाजीराव मस्तानी में काम कर चुकीं प्रियंका ने शादी के फोटो पर लिखा है- Insanely Beautiful... यानि दीवाना कर देने वाली ख़ूबसूरती।
इस तस्वीर में दीपिका और रणवीर कोंकणी रस्म के हिसाब से दूल्हा-दुल्हन बने हुए हैं। प्रियंका ने रणवीर के साथ गुंडे में भी काम किया था, जिसमें अर्जुन कपूर पैरेलल लीड रोल में थे। आलिया भट्ट ने भी फोटो कैप्शन में सिर्फ़ उफ़ लिखा है और हार्ट के सिम्बल बनाये हैं। आलिया, रणवीर के साथ ज़ोया अख़्तर की गली बॉयज़ में काम कर रही हैं।
A post shared by Ranveer Singh (@ranveersingh) on Nov 15, 2018 at 6:36am PST
ख़ास बात यह है कि आलिया का नाम इन दिनों दीपिका के एक्स बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर के साथ पूरी शिद्दत से जोड़ा जा रहा है, जो अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र में उनके हीरो भी हैं। दीपिका और रणबीर के बीच दूरी की वजह कटरीना कैफ़ बनी थीं, जिनके साथ रणबीर बाद में लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे और दीपिका डिप्रेशन का शिकार हो गयी थीं। बहरहाल, वो सब अब गुज़रे वक़्त की बातें हैं। फ़िलहाल तो मौक़ा है दीपिका और रणवीर को बधाई देने का। A post shared by Priyanka Chopra (@priyankachopra) on Oct 23, 2018 at 7:29pm PDT
रणवीर-दीपिका के बाद अब सबकी निगाहें प्रियंका और निक जोनस की शादी पर टिकी हैं, जो 2 दिसम्बर को बतायी जा रही है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है। ख़बरें हैं कि प्रियंका और निक जोधपुर के उम्मेद पैलेस भवन में अपनी ज़िंदगी के सबसे हसीन पल का स्वागत करेंगे।