'बधाई हो' के 50 दिन पूरे और आयुष्मान खुराना ने भूमि के साथ दी नई ख़ुशख़बरी

आयुष्मान खुराना बधाई हो के ज़रिए 2018 के सबसे कामयाब अभिनेताओं में शामिल हो गये हैं। अमित आर शर्मा निर्देशित बधाई हो पैरेंटल प्रेग्नेंसी पर आधारित फ़िल्म थी।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Sat, 08 Dec 2018 04:31 PM (IST) Updated:Tue, 11 Dec 2018 07:21 AM (IST)
'बधाई हो' के 50 दिन पूरे और आयुष्मान खुराना ने भूमि के साथ दी नई ख़ुशख़बरी
'बधाई हो' के 50 दिन पूरे और आयुष्मान खुराना ने भूमि के साथ दी नई ख़ुशख़बरी

मुंबई। साल 2018 की दो बेहतरीन फ़िल्में, 'स्त्री' और 'बधाई हो' देने वाले अमर कौशिक और आयुष्मान खुराना साथ आ गये हैं। अमर के निर्देशन में बनने जा रही 'बाला' में आयुष्मान लीड रोल निभाएंगे और उनका साथ देने भूमि पेडनेकर आयी हैं, जो आयुष्मान के साथ दो सफल फ़िल्मों की हीरोइन बन चुकी हैं।

रोमांटिक फ़िल्म 'बाला' की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके उम्र से पहले ही बाल झड़ने लगे हैं, यानि गंजा होने लगा है। फ़िल्म में आयुष्मान के किरदार का नाम ही बाला है। भूमि पेडनेकर एक बार फिर स्मॉल टाउन गर्ल के किरदार में दिखेंगी। लीक से हटकर फ़िल्मों को चुनाव कर रहे आयुष्मान की यह फ़िल्म भी किसी रूढ़िवादी सोच पर प्रहार करेगी। भूमि के साथ आयुष्मान की यह तीसरी फ़िल्म होगी। दोनों पहली बार 'दम लगाके हईशा' में साथ आये थे, जो भूमि का डेब्यू था। इस फ़िल्म में दोनों ने छोटे शहर में रहने वाले पति-पत्नी का किरदार निभाया था। फ़िल्म में भूमि के किरदार को ओवरवेट दिखाया गया था, जिससे आयुष्मान को मजबूरी में शादी करनी पड़ती है। इसके बाद दोनों आरएस प्रसन्ना निर्देशित 'शुभ मंगल सावधान' में साथ आये। यह फ़िल्म मर्दों में इरेक्टाइल डिस्फंक्शन की समस्या पर आधारित थी। ये दोनों ही फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थीं।

अमर कौशिक ने 2018 की सबसे कामयाब फ़िल्म 'स्त्री' का निर्देशन किया, जो उनका डेब्यू था। फ़िल्म में राजकुमार राव, श्रद्धा कपू, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बैनर्जी ने मुख्य भूमिकाएं निभायीं। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर बेहद कामयाब रही और 129.67 करोड़ का कलेक्शन किया था। स्त्री को समीक्षकों ने भी काफ़ी पसंद किया था।

वहीं, आयुष्मान खुराना 'बधाई हो' के ज़रिए 2018 के सबसे कामयाब अभिनेताओं में शामिल हो गये हैं। अमित आर शर्मा निर्देशित 'बधाई हो' पैरेंटल प्रेग्नेंसी पर आधारित फ़िल्म थी। लगभग 20 करोड़ की लागत से बनी फ़िल्म ने हिंदी सिनेमा में कई वर्जनाओं को तोड़ा। बॉक्स ऑफ़िस पर 136 करोड़ से अधिक जमा कर चुकी 'बधाई हो' फ़िल्म व्यवसाय के लिए किसी सबक से कम नहीं है। फ़िल्म में गजराज राव और नीना गुप्ता ने आयुष्मान के माता-पिता का किरदार निभाया था। सान्या मल्होत्रा उनकी गर्लफ्रेंड के किरदार में थीं, जबकि सुरेखा सीकरी ने दादी का रोल निभाया। फ़िल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों ने समान रूप से पसंद किया। फ़िल्म ने 6 दिसम्बर को सिनेमाघरों में 50 दिन का सफ़र पूरा कर लिया है, जो आज के दौर में बड़ी बात मानी जाती है।

'बाला' अभी स्क्रिप्टिंग स्टेज में है। शूटिंग अगले साल मार्च में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि सितम्बर में रिलीज़ करने की योजना है। इसके अलावा कुछ दिन पहले आयुष्मान ने अपनी एक और फ़िल्म 'ड्रीम गर्ल' का एलान किया था। आयुष्मान खुराना को फोर्ब्स मैगज़ीन ने बॉलीवुड का डिपेंडेबल एक्टर माना है।

यह भी पढ़ें: बधाई हो, आयुष्मान खुराना... यह ख़िताब तो अक्षय-सलमान को भी नहीं मिला

chat bot
आपका साथी