अब केआरके ने बॉलीवुड को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा- 'मैं सुशांत सिंह राजपूत नहीं बनूंगा, बॉलीवुड ने लिया गलत आदमी से पंगा...'

केआरके (कमाल राशिद खान) लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। बीते दिनों उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के खिलाफ बयानबाजी की थी। जिसके बाद उनका विवाद पंजाबी गायक मीका सिंह के साथ भी देखने को मिल रहा है।

By Anand KashyapEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 08:27 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 08:27 AM (IST)
अब केआरके ने बॉलीवुड को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा- 'मैं सुशांत सिंह राजपूत नहीं बनूंगा, बॉलीवुड ने लिया गलत आदमी से पंगा...'
बॉलीवुड अभिनेता केआरके और सुशांत सिंह राजपूत, Instagram: KRK/sushantsinghrajput

नई दिल्ली, जेएनएन। केआरके (कमाल राशिद खान) लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। बीते दिनों उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के खिलाफ बयानबाजी की थी। जिसके बाद उनका विवाद पंजाबी गायक मीका सिंह के साथ भी देखने को मिल रहा है। वहीं केआरके सलमान और मीका सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने से बिल्कुल भी पीछे नहीं हट रहे हैं।

अब केआरके ने बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री को लेकर बड़ी बात बोली है। उन्होंने खुद की तुलना दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से की है। सलमान खान और मीका सिंह के विवाद के बीच अब केआरके ने कहा है कि वह सुशांत सिंह राजपूत नहीं बनेंगे और बॉलीवुड को हराकर रहेंगे। यह बात केआरके ने सोशल मीडिया पर कही है। केआरके सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं।

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'बॉलीवुड के गुंडे भाई यह तो तू 100 पर्सेंट मान कर चल कि मैं आउटसाइडर भले ही हूं लेकिन मैं दूसरा सुशांत सिंह राजपूत नहीं बनूंगा। न ही मैं मरूंगा और न ही बॉलीवुड की जीत होगी। इस बार बॉलीवुड की हार होगी। क्योंकि इस बार बॉलीवुड ने गलत आदमी से पंगा लिया है।' केआरके यहीं नहीं रुके।

उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, 'बॉलीवुड के गुडों एक बात कान खोलकर सुन लो। हम पश्चिमी यूपी वाले न कभी किसी से डरते और न ही हारते। अब आर पार की होगी, और ऐसी होगी कि बॉलीवुड की हिस्ट्री में दर्ज की जाएगी। तुम्हारी चुनौती स्वीकार है।' सोशल मीडिया पर केआरके का यह दोनों ट्वीट्स तेजी से वायरल हो रहे हैं। फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स उनके इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

वहीं आपको बता दें कि केआरके के विवाद के बाद मीका सिंह ने उनका मजाक उड़ाते हुए एक गाना बनाया है। उनके गाने का काम 'केआरके कुत्ता' है। मीका सिंह ने 11 जून को यूट्यूब पर यह गाना रिलीज किया था। उन्होंने अपने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर 'केआरके कुत्ता' सॉन्ग के रिलीज होने की जानकारी फैंस को दी थी। उन्होंने अपने इस नए म्यूजिक वीडियो का पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'दोस्तों साल का सबसे बहुप्रतीक्षित गाना 'केआरके कुत्ता' रिलीज हो गया है। मेरे बेटे कमाल आर खान कृपया अब इस गाने पर अपना रिव्यू दें। मैंने इस गानें को बनाने में वाकई कड़ी मेहनत की है।' इसी के साथ ही मीका ने अपने इस गाने का यूट्यूब लिंक भी साझा किया था।  

chat bot
आपका साथी