Adithya Varma: स्क्रीन पर एक बार फिर नज़र आएगी 'कबीर सिंह' की कहानी, डेब्यू करेगा इस सुपरस्टार का बेटा
Adithya Varma आदित्य वर्मा का किरदार निभा रहे ध्रुव फेमस तमिल एक्टर कैनडी जॉन विक्टर (चियान विक्रम) के बेटे हैं। चियान तमिल सिनेमा को हिट फ़िल्में दे चुके हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Adithya Varma: शाहिद कपूर की हिट फिल्म 'कबीर सिंह' की कहानी एक बार फिर पर्दे पर नज़र आने वाली है। तेलुगु फ़िल्म अर्जुन रेड्डी की ऑफ़िशियल रीमेक कबीर सिंह के बाद एक और रीमेक आने को तैयार है। इस बार 'आदित्य वर्मा' नाम की इस फ़िल्म को तमिल भाषा में रिलीज़ किया जाएगा। इस फ़िल्म का ट्रेलर भी जारी कर दिया गया है। ट्रेलर में कई सीन हूबहू कॉपी किए गए हैं।
इस तमिल फ़िल्म को E4 एंटरटेनमेंट के मुकेश मेहता ने प्रोड्यूस किया है। वहीं, इस फ़िल्म को Gireesaaya ने डायरेक्ट किया है। 'अर्जुन रेड्डी' के इस तमिल वर्ज़न में अर्जुन के किरदार का नाम डॉ. आदित्य वर्मा है, जिसे ध्रुव विक्रम ने निभाया है।
ध्रुव की यह पहली फ़िल्म है। ध्रुव फेमस तमिल एक्टर कैनडी जॉन विक्टर (चियान विक्रम) के बेटे हैं। चियान तमिल सिनेमा में कई हिट फ़िल्में दे चुके हैं। वहीं, इस फ़िल्म में ध्रुव के अपोजिट 'मीरा' के किरदार में बनिता संधू नज़र आने वाली हैं। बनिता इससे पहले कई टीवी विज्ञापन में नज़र आ चुकी है। इसके अलावा हाल में आए डबलमिंट के 'एक अजनबी हसीना से मुलाकात हो गई' वाले विज्ञापन के बाद काफी चर्चा में रही हैं। बनिता एक ब्रिटिश मॉडल है। इसके बाद शूजित सरकार की फ़िल्म अक्टूबर से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया, जिसमें वरुण धवन उनके हीरो थे।
बनिता के अलावा इस फिल्म में प्रिया आनंद भी हैं। प्रिया इससे पहले हिंदी फ़िल्म 'फुकरे रिटर्न्स' और 'इंग्लिश विंग्लिश' में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह कई तमिल फ़िल्मों में काम कर चुकी हैं। बता दें कि 'अर्जुन रेड्डी' तेलुगु की बड़ी हिट फ़िल्म साबित हुई थी। इसके बाद हिंदी में बने इसके रीमेक में शाहिद और कियारा की जोड़ी ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर जमकर धमाल मचाया था।
शाहिद की इस फ़िल्म ने 278 करोड़ से ज्यादा का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया था। अब इसके तमिल रीमेक से भी लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। वहीं, फ़िल्म में लीड रोल में ध्रुव का लुक काफी शानदार दिख रहा है। अब देखना है कि चियान के बेटे का डेब्यू दर्शकों को कितना पसंद आता है।