तमिलनाडु में नया सियासी विवाद, कमल हासन ने डीएमके पर MNM के घोषणापत्र की चोरी के लगाए आरोप

तमिलनाडु में चुनावी घोषणाओं पर नया सियासी विवाद पैदा हो गया है। कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मैयम (Makkal Needhi Maiam MNM) ने डीएमके पर अपने घोषणा पत्र (MNM के घोषणापत्र) से साहित्‍य‍िक चोरी का आरोप लगाया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 06:59 PM (IST) Updated:Tue, 09 Mar 2021 12:50 AM (IST)
तमिलनाडु में नया सियासी विवाद, कमल हासन ने डीएमके पर MNM के घोषणापत्र की चोरी के लगाए आरोप
तमिलनाडु में चुनावी घोषणाओं पर नया सियासी विवाद पैदा हो गया है।

चेन्‍नई, एजेंसियां। तमिलनाडु में चुनावी घोषणाओं पर नया सियासी विवाद पैदा हो गया है। कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मैयम (Makkal Needhi Maiam, MNM) ने डीएमके पर अपने घोषणा पत्र (MNM के घोषणापत्र) से साहित्‍य‍िक चोरी का आरोप लगाया है। कमल हासन ने सोमवार को कहा कि इसे कथित तौर पर मत कहें... उन्होंने (DMK) स्पष्ट रूप से (MNM के घोषणापत्र से) साहित्यिक चोरी की है। उन्हें इसे स्वीकार करना होगा।

कमल हासन यहीं नहीं रुके उन्‍होंने यह भी कहा कि सही या गलत, एक विचार तो विचार है। जो भी सत्ता में आता है उसको अच्छे काम करने ही चाहिए लेकिन यदि वे नकल करना चाहते हैं तो हमारे पास और भी अच्‍छी योजनाएं हैं। इससे पहले कमल हासन की पार्टी एमएनएम के उपाध्‍यक्ष ने कहा कि फरवरी में ही हमने गृहणियों के लिए घोषणाएं की थी। यदि उनके (DMK) पास सबूत है कि यह विजन पहले लॉन्च किया गया था तो हमें बताएं।

दरअसल, द्रमुक ने रविवार को तमिलनाडु के लोगों को भरोसा दिया कि विधानसभा चुनाव के बाद यदि वह सत्ता में आती है तो सभी परिवारों की महिला मुखिया को एक हजार रुपए प्रति माह की आर्थिक मदद दी जाएगी। पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने तिरुचिरापल्ली में एक चुनावी जनसभा में कहा कि उनकी पहल से उन सभी परिवारों को फायदा मिलेगा जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों से जरूरी चीजें खरीदते हैं।

स्टालिन ने यह भी कहा कि उन्‍होंने राज्य के विकास के लिए दस साल का एक दृष्टिपत्र भी जारी किया है। सरकार बनने पर तमिलनाडु में सभी परिवारों की महिला मुखिया के लिए हम 1000 रुपए की आर्थिक मदद करेंगे। अब कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मैयम (Makkal Needhi Maiam, MNM) की ओर से यह दावा किए जाने पर कि यह एलान उनकी पार्टी के विजन से चोरी किया गया है... एक नया सियासी विवाद पैदा हो गया है।

chat bot
आपका साथी