Assembly Elections 2019: महाराष्ट्र की 288 व हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर शुरू होने वाला है मतदान

Assembly Elections 2019 हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sun, 20 Oct 2019 11:04 PM (IST) Updated:Mon, 21 Oct 2019 06:55 AM (IST)
Assembly Elections 2019: महाराष्ट्र की 288 व हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर शुरू होने वाला है मतदान
Assembly Elections 2019: महाराष्ट्र की 288 व हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर शुरू होने वाला है मतदान

 मुंबई, प्रेट्र। Assembly Election 2019: हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश समेत 18 राज्यों की विधानसभा की 51 और लोकसभा की दो सीटों के लिए उपचुनाव में भी सोमवार को वोट डाले जाएंगे। महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। लोकसभा चुनाव में मिली भारी जीत के बाद उसके और उसके सहयोगी दलों के सामने सत्ता को बचाए रखने की चुनौती है। वहीं विपक्ष सत्ता विरोधी लहर की उम्मीद में सरकार में वापसी की आस लगाए बैठा है। 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए भाजपा-शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-राकांपा गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। भाजपा 150 और शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस 147 और राकांपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राज ठाकरे की पार्टी ने भी 101 प्रत्याशी उतारे हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए 235 महिलाओं समेत कुल 3,237 प्रत्याशी मैदान में हैं। लगभग नौ करोड़ मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें सवा चार करोड़ से ज्यादा महिला मतदाता हैं।

हरियाणा की 90 सीटों के लिए कुल 1,169 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 75 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है, पिछली बार भाजपा ने 48 सीटों पर जीत हासिल की थी। कुल 1.83 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 85 लाख से ज्यादा महिला और 252 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

महाराष्ट्र की सतारा और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में भी सोमवार को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा 17 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में भी सोमवार को मतदान होगा। इनमें से भाजपा गठबंधन के पास 30 सीटें थी। भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार वाले राज्यों में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 11, गुजरात में छह, बिहार में पांच, असम में चार और हिमाचल व तमिलनाडु में दो-दो सीटें हैं।

chat bot
आपका साथी