MP Election 2018: समाजवादी पार्टी की निगाहें मध्य प्रदेश के 'बुंदेलखंड' पर

MP Election 2018 मध्य प्रदेश के चुनाव में सपा ने हीरा सिंह मरकाम की गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन किया है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Fri, 16 Nov 2018 11:26 PM (IST) Updated:Sat, 17 Nov 2018 01:26 AM (IST)
MP Election 2018: समाजवादी पार्टी की निगाहें मध्य प्रदेश के 'बुंदेलखंड' पर
MP Election 2018: समाजवादी पार्टी की निगाहें मध्य प्रदेश के 'बुंदेलखंड' पर

भोपाल/लखनऊ। मध्‍यप्रदेश के चुनाव में समाजवादी पार्टी की निगाहें उन सीमावर्ती जिलों पर टिकी हुई हैं, जो बुंदेलखंड क्षेत्र के तहत आते हैैं। सपा ने समय रहते ही इन जिलों में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी थी और खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश ने चुनावी सभाएं करके पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया था। इस बार पार्टी ने अपनी पूरी ताकत भी इन क्षेत्रों में झोंक रखी है। बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं ने इन क्षेत्रों में डेरा डाल रखा है।

मध्य प्रदेश के चुनाव में सपा ने हीरा सिंह मरकाम की गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन किया है और उससे समन्वय बनाकर बुंदेलखंड के तहत आने वाले जिलों छतरपुर, सागर, टीकमगढ़, दमोह, दतिया, भिंड, विदिशा, सतना और इसके आसपास के क्षेत्रों में उम्मीदवार घोषित किए हैं।

खुद अखिलेश सीधी, रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर व खजुराहो में कई सभाएं कर चुके हैैं और 'जवानी, किसानी और पानी" का नारा दिया है। गौरतलब है कि बुंदेलखंड की यही तीन बुनियादी समस्याएं हैं। सपा युवाओं को रोजगार, किसानों की ऋण माफी और पानी के संकट को मुद्दा बनाकर लोगों के बीच जा रही है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव और मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी दावा करते हैं कि सीमावर्ती जिलों के 50 विधानसभा क्षेत्रों में उनके उम्मीदवार मजबूती से लड़ रहे हैं। यूपी में किए विकास कार्यों के आधार पर पार्टी को समर्थन भी मिल रहा है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी जल्द ही मध्य प्रदेश के चुनावी दौरे पर निकलेंगे। गौरतलब है कि इन क्षेत्रों में अब तक चुनावी कमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने संभाल रखी थी। उनके गंभीर रूप से बीमार होने के बाद मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल व अन्य नेताओं को वहां भेजा गया है।  

chat bot
आपका साथी