MP Election 2018 : लखनऊ में ही बन गया समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र

MP Election 2018 सपा के चुनावी घोषणा पत्र में मध्यप्रदेश की जनता से न तो सुझाव मांगे और न ही जानीं अपेक्षाएं।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Mon, 19 Nov 2018 09:16 PM (IST) Updated:Tue, 20 Nov 2018 01:17 AM (IST)
MP Election 2018 : लखनऊ में ही बन गया समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र
MP Election 2018 : लखनऊ में ही बन गया समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र राष्ट्रीय नेताओं ने लखनऊ में बैठकर ही तैयार कर लिया। न तो राज्य के सपा नेताओं का इसमें कोई योगदान रहा और न ही यहां के मतदाताओं की अपेक्षाओं को जाना गया। प्रदेश की 52 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर सपा यहां सत्ता में आने के सपने भी संजो रही है।

मध्यप्रदेश सपा अध्यक्ष गौरी सिंह यादव रायसेन जिले की सिलवानी सीट से चुनावी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं। पिछले एक महीने से वह सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में मतदाताओं को रिझाने में ही इतने व्यस्त हैं कि पार्टी के अन्य प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए भी समय नहीं निकाल पा रहे।

घोषणा पत्र के लिए पार्टी पदाधिारियों या फिर चुनाव प्रचार समिति ने भी किन्हीं मुद्दों को चिन्हित नहीं किया। प्रदेश के मतदाताओं अथवा समाज के विभिन्न वर्गों से भी उनके सुझाव जानने की कोई पहल नहीं हुई।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस का दावा है कि उसने अपने घोषणा पत्र को बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से हजारों की संख्या में सुझाव लिए हैं। उसके बाद ही भाजपा ने 'दृष्टि पत्र" और कांग्रेस ने अपने 'वचन पत्र" में मतदाताओं को रिझाने बड़ी-बड़ी घोषणाएं शामिल कीं।

बताया जाता है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं ने घोषणा पत्र लखनऊ में ही तैयार कर लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 20 नवंबर को भोपाल में घोषणा पत्र जारी करेंगे। प्रदेश की 52 सीटों पर चुनाव लड़ रही सपा का दावा है कि प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो गरीबों को पांच लाख रुपए तक के आवास के लिए विशेष रियायतें दी जाएंगी। उनका आशय सपा के सहयोग से बनने वाली सरकार से है।

राष्ट्रीय संगठन ने तैयार किया घोषणा पत्र

पार्टी का घोषणा पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 20 नवंबर को जारी करेंगे। राष्ट्रीय संगठन ने इसे तैयार किया है हमारी ओर से विशेष सुझाव नहीं दिए गए।

- मूलचंद यादव 'बंते भैया", अध्यक्ष, सपा चुनाव प्रचार समिति मप्र

गरीबों को देंगे रियायती आवास

घोषणा पत्र लखनऊ में तैयार किया गया है, प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो हम लोग गरीबों को पांच लाख रुपए का आवास विशेष रियायतों पर देंगे। किसानों के लिए भी अच्छी योजनाएं लाएंगे।

- गौरी सिंह यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी मप्र

chat bot
आपका साथी