MP Election 2018 : कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली पसंद नवजोत सिंह सिद्धू, सिंधिया की भी डिमांड

MP Election 2018 कांग्रेस स्टार प्रचारकों में शामिल राहुल गांधी के लिए प्रदेश की अधिकांश जिला कमेटियों ने मांग की है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Fri, 16 Nov 2018 08:44 PM (IST) Updated:Sat, 17 Nov 2018 01:44 AM (IST)
MP Election 2018 : कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली पसंद नवजोत सिंह सिद्धू, सिंधिया की भी डिमांड
MP Election 2018 : कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली पसंद नवजोत सिंह सिद्धू, सिंधिया की भी डिमांड

भोपाल। विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अब 10 दिन बचे हैं और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की प्रदेश कांग्रेस में मांग आने लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद सबसे ज्यादा मांग पंजाब सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की आ रही है। उनकी अब तक करीब दस जिलों की कमेटियों ने अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए डिमांड की है।

कांग्रेस स्टार प्रचारकों में शामिल राहुल गांधी के लिए प्रदेश की अधिकांश जिला कमेटियों ने मांग की है, लेकिन प्रचार के लिए समय कम बचने से उनके शुक्रवार के चुनावी दौरे के बाद दो और दौरे होने की संभावना है। सूत्र बताते हैं कि चुनाव प्रचार के समाप्त होने के पहले संभवत: वे 23 और 24 नवंबर को प्रदेश के तूफानी दौरे में करीब 10 सभाओं और रोड शो में शामिल हो सकते हैं।

बसपा प्रभाव वाली सीटों पर नसीमुद्दीन

राहुल गांधी के बाद प्रत्याशियों की दूसरी पसंद के रूप में सिद्धू सामने आए हैं। उनकी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, राजगढ़ सहित करीब दस जिलों ने प्रचार के लिए मांग है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सभा के लिए भी इंदौर से मांग आई है। बहुजन समाज पार्टी से कांग्रेस में आए नसीमुद्दीन सिद्दीकी की मांग बुंदेलखंड के बसपा प्रभाव वाली सीटों से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को मिली है। उन्होंने बुंदेलखंड के चुनावी दौरे भी शुरू कर दिए हैं।

कुछ स्टार प्रचारकों से चर्चा जारी

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से आचार्य प्रमोद कृष्णन, पंजाब के मुख्यमंत्री केप्टन अमरिंदर सिंह, गुजरात के नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी, अभिनेत्री नगमा मोराजी, पूर्व मंत्री कुमारी शैलजा, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर से संपर्क कर उनकी उपलब्धता की तारीखों के बारे में जानकारी ली जा रही है। सोनिया गांधी, अहमद पटेल की उपलब्धता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं कुछ स्टार प्रचारक कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और शोभा ओझा को पत्रकारवार्ताओं तक सीमित कर दिया गया है।

प्रदेश के स्टार प्रचारक नेताओं में सिंधिया आगे

स्टार प्रचारकों में शामिल मप्र के नेता कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, सुरेश पचौरी व अरुण यादव में से सिंधिया की मांग सबसे ज्यादा है। वहीं, अजय सिंह अपने चुनाव क्षेत्र चुरहट के अलावा विंध्य में हेलीकॉप्टर से प्रचार अभियान में जुटे हैं। पचौरी व यादव अपने चुनाव क्षेत्र में सिमट गए हैं। दिग्विजय सिंह भी कुछ विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए पहुंचने का प्रोग्राम बना रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी