MP Chunav 2018: डैमेज कंट्रोल के लिए कांग्रेसियों को नियुक्तियों का लॉलीपॉप

MP Chunav 2018 प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विभिन्न जिलों से सिफारिशी पत्र लाने वाले नेताओं की भीड़ उमड़ रही है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 09:20 PM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2018 01:21 AM (IST)
MP Chunav 2018:  डैमेज कंट्रोल के लिए कांग्रेसियों को नियुक्तियों का लॉलीपॉप
MP Chunav 2018: डैमेज कंट्रोल के लिए कांग्रेसियों को नियुक्तियों का लॉलीपॉप

भोपाल। विधानसभा चुनाव में खंदक की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस अब भीतरघात से बचने और कार्यकर्ताओं को लुभाने डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी संगठन चंद्रप्रभाष शेखर का दावा है कि भाजपा की तुलना में हमारे यहां बागियों की संख्या बहुत कम है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की सिफारिश पर हम कार्यकर्ताओं को पद के साथ जवाबदारी दे रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विभिन्न जिलों से सिफारिशी पत्र लाने वाले नेताओं की भीड़ उमड़ रही है। जिलाध्यक्ष और प्रत्याशियों की अनुशंसा पर उन्हें जिला संगठन सचिव, उपाध्यक्ष और चुनाव में प्रचार प्रभारी सहित अन्य जवाबदारी के नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष शेखर कहते हैं कि हम अब तक 70 नेताओं को संगठन में नियुक्तियां दे चुके हैं। जल्दी ही 100 प्रचार प्रभारियों को भी तैनात किया जा रहा है। पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को इस तरह की जवाबदारी सौंपना जरूरी है। जिलाध्यक्ष और पार्टी प्रत्याशियों की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष ये नियुक्तियां दे रहे हैं।

उज्जैन से भेजा मंदसौर

गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ने होशंगाबाद के मोना गौरव को चुनाव प्रचार प्रभारी का दायित्व संबंधी नियुक्ति पत्र जारी किया। इसी तरह आष्टा (सीहोर) के मोहम्मद रशीद को जिला संगठन में सचिव की जवाबदारी सौंपी गई। नियुक्ति पत्र मिलने से गदगद रशीद ने शेखर को आश्वस्त किया कि पार्टी को जिताने के लिए पूरी ताकत से मेहनत करेंगे। इसी तरह उज्जैन के कांग्रेसी नेता मानसिंह चौधरी की ड्यूटी प्रदेश कांग्रेस ने मंदसौर में चुनाव प्रचार के लिए लगाई है।

ठाकुर को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया

कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने धार जिले में हितेश ठाकुर को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की जवाबदारी सौंपी है। धार जिले के अध्यक्ष बालमुकुंद गौतम अपनी पत्नी एवं कांग्रेस प्रत्याशी प्रभा बालमुकुंद के चुनाव में व्यस्त हैं। इसलिए संगठन के कामकाज में उनके सहयोग के लिए पार्टी ने ठाकुर को बतौर कार्यवाहक के रूप में नियुक्ति की है।

बागियों की सदस्यता स्वत: खत्म

बागियों के मुद्दे पर शेखर का दावा है कि हमारे यहां एक बागी का निष्कासन हुआ, जबकि भाजपा ने 53 लोगों को निकाला। ऐसे कांग्रेसी जो दूसरे दलों के चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतर गए हैं उन सभी की सदस्यता स्वमेव ही खत्म हो चुकी है।

कांग्रेस में पथरिया से अनुराग हजारे सपा, आदित्य सालोमन जबेरा निर्दलीय, हटा प्रदीप खटीक निर्दलीय, मनीष पटेल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, मंडला बीएल सरखड़े आम आदमी पार्टी, महाराजपुर राजेश मेहरा बसपा एवं सागर में अंकलेश्वर दुबे सपा से चुनाव लड़ रहे हंै। पवई में भुवन विक्रम सिंह कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी