MP Chunav 2018: BJP में नहीं चला 70 का फॉर्मूला, 78 साल के कश्यप मैदान में, 89 साल के खंगार भी प्रत्याशी

MP Chunav 2018 खंगार इस चुनाव में सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी हैं और सबसे कम उम्र 25 साल के 31 प्रत्याशी बुजुर्ग नेताओं का सामना कर रहे हैं। इनमें से ज्यादातर निर्दलीय हैं।

By Rahul.vavikarEdited By: Publish:Sat, 17 Nov 2018 10:57 PM (IST) Updated:Sat, 17 Nov 2018 10:57 PM (IST)
MP Chunav 2018: BJP में नहीं चला 70 का फॉर्मूला, 78 साल के कश्यप मैदान में, 89 साल के खंगार भी प्रत्याशी
MP Chunav 2018: BJP में नहीं चला 70 का फॉर्मूला, 78 साल के कश्यप मैदान में, 89 साल के खंगार भी प्रत्याशी

भोपाल, नईदुनिया स्टेट ब्यूरो। भाजपा के जिस फॉर्मूले के कारण कद्दावर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर और सरताज सिंह का मंत्री पद छिन गया, विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण में यह फॉर्मूला कारगर साबित नहीं हुआ। भाजपा ने 78 साल के मोती कश्यप को बड़वारा से मैदान में उतारा है।

सिलवानी विधानसभा क्षेत्र से 89 साल के निर्भय सिंह खंगार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमा रहे हैं। खंगार इस चुनाव में सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी हैं और सबसे कम उम्र 25 साल के 31 प्रत्याशी बुजुर्ग नेताओं का सामना कर रहे हैं। इनमें से ज्यादातर निर्दलीय हैं।

भाजपा करीब दो साल पहले 70 का फॉर्मूला लेकर आई थी। इस फॉर्मूले के तहत 70 साल की उम्र पूरी कर चुके नेताओं से संगठन की जिम्मेदारी संभालने को कहा गया था। सीधे तौर पर पार्टी इस आयुसीमा के नेताओं को मैदानी जिम्मेदारियों से मुक्त करना चाहती थी।

पार्टी ने तत्कालीन मंत्री बाबूलाल गौर और सरताज सिंह को इसी फॉर्मूले के तहत मंत्रिमंडल से विदाई दे दी थी। तब कहा जा रहा था कि 70 से अधिक उम्र के नेताओं को चुनाव से भी दूर रखा जाएगा, लेकिन टिकट बांटते समय इसका ख्याल नहीं रखा गया। पार्टी ने 78 साल के मोती कश्यप को बड़वारा से प्रत्याशी बनाया है। जबकि 76 साल के नागेंद्र सिंह नागौद से मैदान में हैं। रैगांव से मैदान में डटे जुगल किशोर बारगी भी 75 साल के हैं। वर्तमान में मंत्री और मुरैना से भाजपा के प्रत्याशी रुस्तम सिंह भी 73 साल के हैं। वहीं भाजपा से बगावत कर कांग्रेस में शामिल हुए सरताज सिंह 78 साल के हैं। उन्हें पार्टी ने होशंगाबाद से प्रत्याशी बनाया है। वहीं पार्टी ने 25 साल के एक भी प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया है।

सिर्फ 31 युवा प्रत्याशी

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 25 साल के 31 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 16 प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि 72 से 89 साल के निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी, अनारक्षित समाज पार्टी, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, भारतीय जन मोर्चा पार्टी, बहुजन मुक्ति पार्टी शिवसेना और राष्ट्रीय संयुक्त समाज पार्टी ने 25-25 साल के युवाओं को टिकट दिया है। उल्लेखनीय है कि इस बार विधानसभा चुनाव में 2907 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी