MP Election 2018: BJP घर-घर लगाएगी तोरण, कांग्रेस प्रत्याशी खुद जुटा रहे प्रचार सामग्री

Chhattisgarh Elections 2018: विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए भाजपा इस बार अलग तरह की प्रचार सामग्री का उपयोग कर रही है।

By Prashant PandeyEdited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 08:42 AM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 08:42 AM (IST)
MP Election 2018: BJP घर-घर लगाएगी तोरण, कांग्रेस प्रत्याशी खुद जुटा रहे प्रचार सामग्री
MP Election 2018: BJP घर-घर लगाएगी तोरण, कांग्रेस प्रत्याशी खुद जुटा रहे प्रचार सामग्री

भोपाल, नईदुनिया ब्यूरो। विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए भाजपा इस बार अलग तरह की प्रचार सामग्री का उपयोग कर रही है। 21 नवंबर को घर-घर में दीपावली मना रही भाजपा ने इसके लिए विशेष दीपक तैयार करवाए हैं, वहीं 15 नवंबर से शुरू होने वाले जनसंपर्क के दौरान घर-घर मुख्य दरवाजों पर भाजपा के तोरण लगाए जाएंगे। दूसरी तरफ, कांग्रेस प्रदेश स्तर से अपने प्रत्याशियों को किसी भी तरह की प्रचार सामग्री नहीं बांट रही है। सभी प्रत्याशी अपने स्तर पर सामग्री जुटा रहे हैं।

हाथ के पंखे और कपड़े के बैग से माहौल बनाने की तैयारी

भाजपा ने तोरण और कमल दीपक के अलावा हाथ के पंखे, कपड़े के बैग से भी माहौल बनाने की तैयारी की है। लाखों की संख्या में यह बैग और हाथ के पंखे तैयार करवाए गए हैं। इसके अलावा बूथ संयोजकों को कमल के फूल की लॉकेट वाली माला भी भेजी गई है। प्रचार के दौरान बूथ संयोजक यह माला पहनकर निकलेंगे।

ज्यादा से ज्यादा घरों में दीपक और तोरण द्वार लगाने का लक्ष्य

भाजपा ने संपर्क अभियान के जरिए अधिकांश घरों के मुख्य दरवाजों पर तोरण लगाने का लक्ष्य तय किया है। वहीं 21 नवंबर को कमल दीपावली मनाते वक्त भी ज्यादा से ज्यादा घरों में यह दीपक जलवाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी ने लाखों की संख्या में इस तरह के तोरण द्वार और दीपक बनवाए हैं।

सिर्फ मोदी-शिवराज का फोटो

भाजपा की प्रचार सामग्री में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की फोटो प्रकाशित की गई है। दो अलग-अलग तरह के कैलेंडर छपवाए गए हैं, जिसमें एक में शिवराज और एक में मोदी की फोटो का उपयोग किया गया है। वहीं हाथ के पंखे, कपड़े के बैग में मोदी-शिवराज लाइटिंग बोर्ड में मोदी और शिवराज दोनों के चेहरों का उपयोग किया गया है।

इस बार कांग्रेस ने नहीं दी प्रचार सामग्री

इस चुनाव में प्रदेश कांग्रेस की तरफ से कोई प्रचार सामग्री तैयार नहीं करवाई गई है। कांग्रेस नेता राजीव सिंह के मुताबिक हमने प्रत्याशियों को अपने स्तर पर सामग्री मंगवाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने इस पर कोई काम नहीं किया।

प्रचार सामग्री पर भाजपा के नारे

- कपड़े के बैग पर नया मप्र नई रफ्तार, शिवराज फिर अबकी बार।

- तोरण पर हमारा परिवार, भाजपा परिवार।

भाजपा हर बार इस तरह की प्रचार सामग्रियों का उपयोग करती है, जिनसे मतदाता का सीधा जुड़ाव होता है। इस बार भी इसी बात का ध्यान रखा गया है।  -विजेश लूणावत, संयोजक, प्रचार समिति

भाजपा के विज्ञापनों में सिर्फ शिवराज

भाजपा सिर्फ और सिर्फ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर वोट मांग रही है। पार्टी द्वारा जारी विज्ञापनों में एकमात्र चेहरा शिवराज को ही बताया जा रहा है। आडियो-वीडियो विज्ञापनों में भी सिर्फ शिवराज को ही शामिल किया गया है। मई में जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि प्रदेश का चुनाव संगठन लड़ेगा पर चुनाव आते-आते परिस्थितियां बदल गई हैं। पार्टी पिछले दो चुनाव भी शिवराज के नाम पर ही लड़ी थी।

पार्टी नेताओं की मानें तो प्रदेश में शिवराज की लोकप्रियता का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए पार्टी ने शिवराज का ही चेहरा आगे बढ़ाया है। 'माफ करो महाराज, हमारा नेता तो शिवराज' विज्ञापनों के ये बोल आपको रेडियो के हर चैनल पर सुनने को मिल जाएंगे। अखबार हों या न्यूज चैनल, सभी में इसी तरह के विज्ञापनों की होड़ लगी है। पार्टी ने शिवराज की लोकप्रियता को लेकर भी एक सर्वे करवाया था, जिसमें सबसे ज्यादा लोकप्रिय चेहरा सीएम का बताया गया था।  

chat bot
आपका साथी