Madhya Pradesh Chunav 2018 : राहुल बाबा को मोदी फोबिया-अमित शाह

Madhya Pradesh Chunav 2018 अमित शाह ने बड़वानी, शाजापुर और बड़नगर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 08:30 PM (IST) Updated:Thu, 15 Nov 2018 08:30 PM (IST)
Madhya Pradesh Chunav 2018 : राहुल बाबा को मोदी फोबिया-अमित शाह
Madhya Pradesh Chunav 2018 : राहुल बाबा को मोदी फोबिया-अमित शाह

बड़वानी/शाजापुर/बड़नगर (उज्जैन)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुस्र्वार को मध्य प्रदेश के दौरे पर थे। उन्होंने बड़वानी, शाजापुर और बड़नगर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

बड़वानी में उन्होंने कहा कि राहुल बाबा को मोदी फोबिया है। वे यह नहीं बताते कि 60 साल में उन्होंने क्या     किया। ये भी नहीं बताते कि आगे क्या करेंगे, वे तो हर भाषण में बस मोदी, मोदी, मोदी की रट लगाते हैं। उनकी सभाओं से पता ही नहीं चलता कि कांग्रेस की सभा है या भाजपा की।

शाह ने कहा कि स्वतंत्रता के लिए सबसे पहले आंदोलन आदिवासी भाइयों ने किया था। भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में झारखंड से आजादी की जो अलख जगी, वही मप्र-छत्तीसगढ़ आदि जगहों पर फैलते हुए आंदोलन बन गई, लेकिन कांग्रेस ने कभी भी आदिवासी वीर योद्धाओं का सम्मान नहीं किया। उन्होंने एक ही परिवार को आजादी दिलाने का जिम्मेदार माना।

असम में घुसपैठियों को खदेड़ेंगे

शाजापुर में शाह ने कहा कि असम में 40 लाख घुसपैठियों को खदेड़ेंगे। इन्हें चिन्हित करते ही ममता, राहुल बाबा, मुलायम, चंद्रबाबू नायडू एक हो गए। राहुल बाबा को घुसपैठियों के ह्यूमन राइट्स दिखते हैं लेकिन हमें देश की सुरक्षा प्यारी है। मप्र में 15 साल के भीतर साढ़े सात लाख से 40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होने लगी। अगले पांच साल में इसे 80 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा देंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अभी तक नेता, नीति और सिद्धांत तय नहीं हो पाए हैं। 'श्रीमान बंटाधार" के समय बिजली नहीं आती थी, अब 24 घंटे बिजली मिल रही है। अच्छा काम करने पर कांग्रेसी काऊं-काऊं करते हैं। जब मौनी बाबा की सरकार थी, तब खाद के लिए कि सानों को लाइनें लगाना पड़ती थी। उन पर पुलिस लाठियां भांजती थी। 55 साल से एक ही परिवार चार पीढ़ी तक शासन में रहा है लेकिन किसान, गरीब सहित सभी वर्ग की हालत भाजपा के राज में ही सुधर पाई। अगले पांच साल में मप्र को देश के सबसे समृद्ध राज्यों में पहले नंबर पर लाएंगे।

हिसाब मांग रही कमलनाथ एंड कंपनी

उज्जैन के बड़नगर में शाह ने कहा कि कमलनाथ एंड कंपनी हिसाब मांग रही है कि हमने 15 साल में क्या किया। आप बताएं 55 साल में कांग्रेस ने क्या किया। राहुल गांधी दिन में सपने देख रहे हैं। राहुल बाबा कान खोल कर सुन लो, प्रदेश की भाजपा सरकार अंगद के पांव की तरह है, ये नहीं हिल सकती। उन्होंने कहा कि उरी में हमारे 12 जवानों को जला दिया गया। प्रधानमंत्री के निर्देश पर हमारी सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर इसका बदला लिया। अमेरिका, इजरायल के बाद भारत भी इस सूची में शामिल हो गया।

chat bot
आपका साथी