Pm Modi in Mumbai: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने मध्यवर्ग को स्वार्थी और लालची कहकर अपमान किया

Pm Modi in Mumbai पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद से 2014 के आम चुनावों में कांग्रेस ने सबसे कम सीटें जीती थीं। इस बार कांग्रेस कम से कम सीटों पर लड़ने का रिकॉर्ड बना रही है।

By TaniskEdited By: Publish:Fri, 26 Apr 2019 10:05 PM (IST) Updated:Sat, 27 Apr 2019 12:12 AM (IST)
Pm Modi in Mumbai: पीएम  मोदी बोले- कांग्रेस ने मध्यवर्ग को स्वार्थी और लालची कहकर अपमान किया
Pm Modi in Mumbai: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने मध्यवर्ग को स्वार्थी और लालची कहकर अपमान किया

ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। Pm Modi in Mumbai,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुंबई की धरती से देश के मध्यवर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस ने उसे स्वार्थी और लालची कहकर उसका अपमान किया है। महाराष्ट्र में यह मोदी की अंतिम चुनावी सभा थी।

मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स मैदान में महाराष्ट्र की अपनी 11वीं चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि मध्यवर्ग दशकों से ईमानदारी पूर्वक टैक्स अदाकर देश चलाने का काम करता आ रहा है। मेरी एक अपील पर उसने गैस की सब्सिडी छोड़ दी है। 40 लाख बुजुर्ग नागरिकों ने रेल टिकट पर मिलनेवाली सब्सिडी छोड़ दी। 

कांग्रेस कहती है कि मध्यवर्ग स्वार्थी होता है
सबसे ज्यादा रक्तदान और चक्षुदान भी यही वर्ग करता आ रहा है। इसके बावजूद देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस कहती है कि मध्यवर्ग स्वार्थी होता है। लालची होता है। ये आपका अपमान है कि नहीं ? आखिर वह किसके भरोसे देश को आगे चलाना चाहते हैं ? मोदी के अनुसार यह गाली उसके एक नेता मुंह से ऐसे ही नहीं निकली। यह उनकी पकी-पकाई सोच का परिणाम है। मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र को एक बार फिर ढकोसलापत्र करार देते हुए कहा कि यही कारण है कि उनके ढकोसलापत्र में मध्यवर्ग के लिए एक भी शब्द नहीं कहा गया है।

कांग्रेस मध्यवर्ग पर टैक्स का बोझ डालना चाहती है
प्रधानमंत्री ने इसी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यवर्ग पर टैक्स का बोझ डालना चाहती है। कांग्रेस की पहचान ही यही है। भ्रष्टाचार, टैक्स हाई और महंगाई। जब भी कांग्रेस की सरकारें आई हैं, सिर्फ यही तीन चीजें तेजी से बढ़ती हैं। मोदी ने कहा कि हमारी नीति कांग्रेस के तौर-तरीकों से ठीक 180 डिग्री अलग है। बीते पांच वर्ष में आपने अनुभव किया है कि भ्रष्टाचार की खबरें अखबार से गायब हो गई हैं। भ्रष्टाचार रोकने के लिए एक के बाद एक कड़े कदम उठाए गए। इसके कारण कुछ लोग जेल पहुंच गए हैं, और कुछ लोग बेल पर घूम रहे हैं। हमने पांच साल में टैक्स नहीं, टैक्स देनेवालों की संख्या बढ़ाई है। 

पांच साल टैक्स न बढ़ाकर देश चलाया
पांच साल टैक्स न बढ़ाकर देश चलाना, ये हमने करके दिखाया है। जबकि मेरी सरकार आने से पहले अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री थे। जो अपने आपको बुद्धि का देवता मानते हैं (चिदंबरम्) वह वित्तमंत्री थे। ये पहली बार हुआ, जब पांच लाख तक की करयोग्य आय कर के दायरे से बाहर कर दी गई। मोदी के अनुसार 2014 के चुनाव में मुद्दा था महंगाई। जबकि आज महंगाई की चर्चा मेरे विरोधी भी उसकी चर्चा नहीं कर रहे हैं। महंगाई, जो 10 फीसद की दर से बढ़ रही थी, उसे चार फीसद पर रोक दिया गया है। बीते तीन दशक में यह पहली बार हुआ है, जब सबसे तेज विकास और सबसे कम महंगाई की स्थिति देखी गई है। मध्यवर्ग की बात करते हुए मोदी ने मुंबई के मछुवारों, काली-पीली टैक्सी के ड्राइवरों और डिब्बेवालों के योगदान को भी याद किया। 

हमने आतंकियों को घर में घुसकर मारा है और मारेंगे
आतंक के कई हमले झेल चुकी मुंबई में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने यहां के लोगों को आतंकवाद की भी याद दिलाई। उन्होंने खुद को छत्रपति शिवाजी महाराज का मावला (वीर सिपाही) बताते हुए कहा कि हमने आतंकियों को घर में घुसकर मारा है और मारेंगे। हमने आतंकी हमले होने पर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री बदलने की संस्कृति बदल दी है। कभी चुनाव के कारण आईपीएल के आयोजन दूसरे देशों में भेज दिए जाते थे। आज सारे त्यौहार भी मनाए जा रहे हैं। चुनाव भी हो रहे हैं और आईपीएल भी देश में ही हो रहा है। फिर भी हमसे पूछते हैं कि मोदी तुमने क्या किया।

परिवर्तन को हमें स्थायी बनाना है
मोदी ने कहा कि इस परिवर्तन को हमें स्थायी बनाना है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अतीत की यादों पर टिकी है। राजा और राजकुमार की सोच पर टिकी कांग्रेस यह समझने को तैयार नहीं है कि दुनिया बदल रही है। प्रधानमंत्री के अनुसार दुनिया में आज भारत के लिए बहुत बड़ा अवसर है। हमको इसे हाथ से नहीं जाने देना चाहिए। 

पीएम मोदी की रैली में अनंत अंबानी नजर आए
पीएम मोदी की रैली में भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मौजूद रहे। साथ ही देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी भी इस रैली में नजर आए। बता दें कि कुछ दिनों पहले मुकेश अंबानी दक्षिण मुंबई से कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा के साथ देखे गए थे। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 29 अप्रैल को महाराष्ट्र की 17 सीटों पर मतदान होगा, जिसमें मुंबई की छह सीटों पर मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 

chat bot
आपका साथी