यूपी में सपा-बसपा गठबंधन को मजबूती देने पहुंचे पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, पीएम मोदी पर हमलावर

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के साथ खड़े हुए। मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आज हार्दिक पटेल का महिमामंडन किया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 02:00 PM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 03:23 PM (IST)
यूपी में सपा-बसपा गठबंधन को मजबूती देने पहुंचे पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, पीएम मोदी पर हमलावर
यूपी में सपा-बसपा गठबंधन को मजबूती देने पहुंचे पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, पीएम मोदी पर हमलावर

लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन करने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के साथ खड़े हुए। समाजवादी पार्टी के दफ्तर में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आज हार्दिक पटेल का महिमामंडन किया। उन्होंने हार्दिक पटेल को फिलहाल देश का सबसे अधिक संघर्ष करने वाला जुझारू नेता बताया।

अखिलेश यादव के साथ प्रेस कान्फ्रेंस में हार्दिक पटेल के साथ समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी व विधान परिषद में नेता विरोधी दल अहमद हसन भी थे। अखिलेश यादव ने कहा कि हार्दिक पटेल के संघर्ष को पूरे देश ने देखा है। इनको तो नौ महीने जेल में रखा गया और छह महीना गुजरात में घुसने नही दिया गया। यह हमको और आपको गुजरात की सही कहानी सुनाएंगे।

इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को हार्दिक पटेल ने संबोधित किया। हार्दिक पटेल के निशाने पर सिर्फ पीएम नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ही थे। हार्दिक ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश में सपा-बपसा गठबंधन को मजबूती देने आया हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी दलों को एकजुट होना पड़ेगा। भाजपा काफी मजबूत पार्टी है। हमको उसके खिलाफ काफी योजना बनाकर लडऩा होगा। पटेल ने कहा कि भाजपा के पास बहुत पैसा है। हमको भाजपा से लडऩे के लिए बूथ स्तर पर जाना पड़ेगा। यहां पर सपा-बसपा के गठबंधन को बेहद मजबूत करना होगा।

हार्दिक पटेल ने कहा कि देश मोदी से नही चलता संविधान से चलता है। हमको ऐसा पीएम नहीं चाहिए जो कि संविधान के खिलाफ चले। हम तो अब उसके साथ हैं जो पार्टी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ है। पटेल ने कहा कि मैं तो देश के हर राज्य में जाकर भाजपा के खिलाफ माहौल बना रहा हूं। हम तो सबसे अच्छे रिश्ते बनाने के इच्छुक हैं। अब तो अधिक से अधिक राज्य में घूमेंगे। लोकसभा चुनाव लडऩे की बाबत हार्दिक पटेल ने कहा कि अभी तय नहीं है। मैं तो दूसरों की मदद करने उतरा हूं। देश में जिस दिन चुनाव की तारीख घोषित होगी, सभी लोग व्यस्त हो जाएंगे। अब तो जनता भी अधिक इंतजार नहीं चाह रही है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र भाई झूठ बोलते हैं आर बार बार बोलते हैं ताकि सबको सच लगे। मां गंगा के रास्ते आज मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने गुजरात मॉडल दिखा कर देश का महौल खराब कर रखा है। आज देश का यूथ देश का किसान मुश्किल से चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था खराब है। लोग सीएम योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

समाजवादी पार्टी कार्यालय में इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हार्दिक पटेल ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से भी भेंट की। उन्होंने मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद भी लिया। 

chat bot
आपका साथी