Mainpuri Election Result 2019: आखिरी चुनाव में मुलायम ने रचा इतिहास, जलवा कायम

सपा को मिली लगातार नौवीं जीत पांचवी बार जीते सपा संरक्षक। जीत का अंतर घटा लेकिन मुलायम के आगे न टिक सकी भाजपा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 23 May 2019 08:28 AM (IST) Updated:Thu, 23 May 2019 10:31 PM (IST)
Mainpuri Election Result 2019: आखिरी चुनाव में मुलायम ने रचा इतिहास, जलवा कायम
Mainpuri Election Result 2019: आखिरी चुनाव में मुलायम ने रचा इतिहास, जलवा कायम

मैनपुरी, जासं। लोकतंत्र के इतिहास में सबसे अहम माने जा रहे लोकसभा चुनाव में दिल्ली की गद्दी भले ही केसरिया खेमे ने जीत ली हो, लेकिन सपाई किले के रूप में मशहूर मैनपुरी का तिलिस्म कोई भी भाजपाई रणनीति नहीं भेद सकी। मैनपुरी लोकसभा सीट पर आमने- सामने के मुकाबले में सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने लगातार पांचवी बार जीत हासिल की। उन्‍हें 524926 वोट मिले।  भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्‍य ने बीते चुनावों के मुकाबले अधिक वोट 430537 हासिल कर दम दिखाने की कोशिश की, लेकिन किसी भी चरण में मुलायम सिंह को पीछे नहीं छोड़ पाए। 

मैनपुरी लोकसभा सीट पर इस बार सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने अपने सबसे मजबूत पहलवान मुलायम सिंह यादव को मैदान में उतारा था। जबकि भाजपा ने बीते लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की टिकट पर पराजय झेल चुके प्रेम सिंह शाक्य को ही इस बार प्रत्याशी बनाया। मुलायम के मुकाबले भाजपा प्रत्याशी कमजोर माना जा रहा था, लेकिन इस सपाई गढ़ में भाजपा, मोदी मैजिक के भरोसे जीत की उम्मीद लगाए थे। गुरुवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई तो भाजपा से लेकर गठबंधन तक के नेताओं के दिलों की धड़कने बढ़ी हुई थीं। जब पहले चरण का परिणाम आया तो मुलायम सिंह यादव आगे निकल गए। इसके बाद राउंड दर राउंड यह बढ़त जारी रही। हालांकि बीच-बीच में वोटों का अंतर कम होने से भाजपाइयों के हौंसले कम नहीं हुए। इस बार सपा के लिए सबसे मजबूत मानी जाने वाली करहल और जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में करीब आठ फीसद तक कम वोट पड़े थे। यह यादव बहुल क्षेत्र हैं और हर बार सपा को बढ़ी बढ़त दिलाते थे। दूसरी तरफ यादव से इतर अन्य पिछड़ी जातियां भाजपा की तरफ जाती नजर आईं। हालांकि इसके बाद भी सीट पर चला आ रहा सपा की जीत का सिलसिला नहीं थम सका। अंत में मुलायम सिंह ही विजेता साबित हुए। यह मुलायम सिंह का आखिरी चुनाव था और जीत के साथ इतिहास में दर्ज हो गया। इस सीट पर मुलायम सिंह यादव पहली बार वर्ष 1996 में लड़े थे और जीत हासिल की थी। इसके बाद हर चुनाव में सपा ही जीतती रहीं। इनमें से कुल चार बार मुलायम सिंह यादव ही जीते, इस सीट पर यह उनकी पांचवी जीत है। 

मुलायम की जीत का प्रमाण पत्र सदर विधायक राजकुमार यादव, किशनी विधायक बृजेश कठेरिया, देवेंद्र सिंह यादव एडवोकेट, सपा जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा, जिला महासचिव सुखबीर सिंह, नगर अध्य्क्ष जॉनी हृदेश सिंह ने लिया।

मैनपुरी लोकसभा चुनाव- 2019

मुलायम सिंह यादव, सपा - 524926 (विजयी)

प्रेम सिंह शाक्‍य, भाजपा - 430537 

सपा की जीत का अंतर - 94389 वोट

 

वर्ष 2014 का चुनाव

कुल वोटर- 1257344

कुल मतदान- 60.46 फीसद

जीते-तेज प्रताप यादव, सपा

हारे- प्रेम सिंह शाक्‍य, भाजपा

लोकसभा चुनाव 2019 के आंकड़े

कुल मतदाता : 1721866

वोट पड़े : 974487

कुल मतदान: 56.79 फीसद

ये थे प्रत्याशी मैदान में

मुलायम सिंह यादव- सपा-बसपा-रालोद गठबंधन

प्रेम सिंह शाक्य- भाजपा

ओमवीर लोधी- जन सेवा सहायक पार्टी

कुलदीप कुमार- भारतीय किसान पार्टी

चक्रपान- जनादेश अक्षुणी सेना

तेज प्रताप सिंह जाटव- मौलिक अधिकार पार्टी

रजत कुमार- भारतीय जन नायक पार्टी

रविंद्र सिंह कटार- भारतीय नवोदय पार्टी

श्याम सिंह- स्वतंत्र जनताराज पार्टी हरीराम शाक्य- वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल

रविंद्र सिंह यादव- निर्दलीय

सवेंद्र सिंह- निर्दलीय

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी