Bihar Lok Sabha Election Phase 7: अाठ सीटों पर पड़े 53.55% वोट,157 प्रत्याशियों की किस्‍मत EVM में कैद

Bihar Lok Sabha Election Phase 7 बिहार में लोकसभा चुनाव की आठ सीटों पर मतदान हो गया। सातवें चरण में अाठ सीटों पर हुए मतदान फीसद 53.55 रहा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Sun, 19 May 2019 06:38 AM (IST) Updated:Sun, 19 May 2019 09:24 PM (IST)
Bihar Lok Sabha Election Phase 7: अाठ सीटों पर पड़े 53.55% वोट,157 प्रत्याशियों की किस्‍मत EVM में कैद
Bihar Lok Sabha Election Phase 7: अाठ सीटों पर पड़े 53.55% वोट,157 प्रत्याशियों की किस्‍मत EVM में कैद

पटना [जागरण टीम]। बिहार में लोकतंत्र का महापर्व रविवार को संपन्‍न हो गया। लाेकसभा चुनाव के सातवें व अंतिम चरण में आठ सीटों (नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद) के लिए वोटिंग हुई। इसके साथ ही 157 प्रत्याशियों की किस्‍मत ईवीएम में कैद हो गई। रविवार को आठ सीटों पर कुल 53.55 फीसद मतदान हुआ। इसमें सबसे अधिक 57.74 फीसद मतदान सासाराम में और सबसे कम 43.54 फीसद मतदान पटना साहिब में हुआ है।  
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में बिहार की आठ सीटों पर जमकर वोटिंग हुई। पिछले चुनाव का रिकॉर्ड टूटा और दो फीसद अधिक मतदाताओं ने अपने सांसद के लिए वोट डाले। युवा और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं उत्साह देखने को मिला।
कहां से मिली कितनी शिकायतें
वोटिंग के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कंट्रोल रूम में नालंदा से 10, पटना साहिब से 11, पाटलिपुत्र से 29, आरा से 38, बक्सर से10, सासाराम 34, काराकाट 12, और जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र से 67 शिकायतें मिली। श्रीनिवास ने बताया कि ज्यादातर शिकायतों पर तत्काल पहल कर निपटारा किया गया।
कई जगह हुई घटनाएं
इसके साथ ही सातवें चरण में कई लोकसभा क्षेत्रों में मारपीट की भी घटना हुई है। खासकर बक्‍सर के ढकाइच बूथ पर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों तरफ से चार पुलिसकर्मियों सहित कई लोग जख्मी हो गए। वहीं, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्‍त हो गईं । इसी तरह सिमरी में भी एक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उधर मनेर के ब्यापुर में भी हंगामा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मीसा भारती पहुंचीं। उन्‍होंने निर्दोष के साथ मारपीट का आरोप लगाया। बताया जाता है कि मनेर में राजद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई थी। ब्यापुर में बोगस वोटिंग की कोशिश के आरोप पर यह हंगामा हुआ था। पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के बेटे के साथ भी मारपीट की गई थी।
वहीं सासाराम में पुलिस पर पथराव की घटना हुई। सूर्यपुरा के अगरेर खुर्द गांव का मामला था। वहां वीवीपैट व सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। जहानाबाद के अरवल स्थित करपी प्रखंड के आईयारा गांव मे मतदान के दौरान एक गुट के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए हवाई फायरिंग की। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए नक्सल एएसपी अयोध्या सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई। हालांकि किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है। 
पटना के पालीगंज स्थित बूथ 101 व 102 पर भी कुछ देर के लिए बवाल हुआ। फायरिंग भी हुई। सरकुना बूथ पर ग्रामीणों ने ईवीएम को तोड़ दिया। पथराव की भी घटना हुई। आत्मरक्षा में पुलिस ने कई राउंड फायरिंग की। शुरू में तो बूथ से दो मतदानकर्मी के गायब होने की बात सामने आई, लेकिन बाद में प्रशासन ने साफ कर दिया कि ऐसा कुछ नहीं है। इसी तरह, पटना के दुल्हिनबाजार स्थित बूथ 101 और 102 पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर मतदान करने से रोकने का आरोप लगाया। लोग इतने आक्रोशित थे कि उन्‍हें शांत करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की।
तेज प्रताप के सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मी को पीटा
इतना ही नहीं, पटना में वोट देने गए राजद सुप्रीमो लालू यादव के लाल तेज प्रताप यादव के सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मी रंजन राही के साथ मारपीट की। मीडियाकर्मियों ने इस संबंध में आरोप लगाया कि तेजप्रताप के चालक ने मीडियाकर्मी के पैर पर गोली चढ़ा दी। विरोध किया तो उनके बाउंसरों ने मारपीट की। बता दें कि इस मामले में तेजप्रताप ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। तेजप्रताप यादव ने कहा है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया था। नालंदा के राजगीर में प्रखंड विकास पदाधिकारी को बंधक बना लिया था।
सिर से जुड़ीं सबा और फरहा ने की वोटिंग 
सिर से जुड़ीं सबा और फरहा ने भी रविवार को वोटिंग की। उन्‍होंने पहली बार अलग-अलग मतदान किया। इससे वे दाेनों काफी खुश थीं। हालांकि 2015 में एक ही वोट देने का अधिकार उन्‍हें मिला था। इस बार उनकी मांग पर निर्वाचन आयोग ने सहमति दी। दोनों के अलग-अलग वोटर आई कार्ड बने। पटना डीएम ने अपील भी की थी कि जब सबा-फरहा मतदान कर सकती हैं तो आपलोग क्‍यों नहीं। 


बिहार की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी ने भी रविवार को वोट दिया। उनका बूथ पटना के वेटनरी कॉलेज में था। वहीं तेजप्रताप के साथ ही उनकी बड़ी बेटी मीसा भारती ने भी वोट दिया।  

बोले मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार
मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने मतदान के बाद कहा कि चुनाव एक या दो चरणों में होने चाहिए। इतनी गर्मी में इतना लंबा चुनाव नहीं होना चाहिए। चुनाव फरवरी-मार्च या अक्‍टूबर-नवंबर में होने चाहिए। यह आम लोगों से जुड़ा मामला है। इसके लिए वे सर्वदलीय बैठक की पहल करेंगे। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत के साथ वोट देने पटना के बूथ पर पहुंचे थे। 





मतदान फीसद, एक नजर
- सुबह 08 बजे: कुल 4.78 फीसद मतदान।
- सुबह 09 बजे: कुल 8.08 फीसद मतदान। नालंदा में 08.50, पटना साहिब में 04.60, पाटलीपुत्र में 04.85, आरा में 09.00, बक्‍सर में 07.50, सासाराम में 09.30, काराकाट में 11 तथा जहानाबाद में 11 फीसद वोटिंग।
- पूर्वाह्न 10 बजे: कुल 17 फीसद मतदान। नालंदा में14.21, पटना साहिब में 09.45, पाटलीपुत्र में 11.38, आरा में 13.58, बक्‍सर में 12.79, सासाराम में 13.10, काराकाट में 16 तथा जहानाबाद में 17 फीसद वोटिंग।
- पूर्वाह्न 11 बजे: कुल 18.55 फीसद मतदान। नालंदा में17.61, पटना साहिब में 15.83, पाटलीपुत्र में 20.75, आरा में 17.62, बक्‍सर में 16.80, सासाराम में 17.40, काराकाट में 18 तथा जहानाबाद में 26 फीसद वोटिंग।
- दोपहर 12.00 बजे: कुल 24.97 फीसद मतदान। नालंदा में 23.43, पटना साहिब में 22.86, पाटलीपुत्र में 27.40, आरा में 25.30, बक्‍सर में 23, सासाराम में 24.30, काराकाट में 25 तथा जहानाबाद में 35 फीसद वोटिंग।
- अपराह्न 01.00 बजे:  कुल  32.50 फीसद मतदान। नालंदा में 30.20, पटना साहिब में 28.02, पाटलीपुत्र में 38.45, आरा में 30.00, बक्‍सर में 32.80, सासाराम में 32.20, काराकाट में 32 तथा जहानाबाद में 36 फीसद वोटिंग।
- अपराह्न 02.00 बजे: कुल 36.87 फीसद मतदान। नालंदा में 35.16, पटना साहिब में 32.42, पाटलीपुत्र में 39.34, आरा में 34.21, बक्‍सर में 41.10, सासाराम में 37.90, काराकाट में 37 तथा जहानाबाद में 39.50 फीसद वोटिंग।
- अपराह्न 03.00 बजे: कुल 41.16 फीसद मतदान। नालंदा में 40.87, पटना साहिब में 35.29, पाटलीपुत्र में 41.61, आरा में 38.52, बक्‍सर में 46, सासाराम में 47.50, काराकाट में 47 तथा जहानाबाद में 43 फीसद वोटिंग।
- सायं 04.00 बजे: कुल 46.28 फीसद मतदान। नालंदा में 46.26, पटना साहिब में 39.69, पाटलीपुत्र में 49.20, आरा में 42, बक्‍सर में 49, सासाराम में 49.60, काराकाट में 51 तथा जहानाबाद में 45 फीसद वोटिंग। 
- सायं 05.00 बजे: कुल 49.45 फीसद मतदान। नालंदा में 49.72, पटना साहिब में 41.25, पाटलिपुत्र में 51.01, आरा में 46, बक्‍सर में 53.20, सासाराम में 56.00, काराकाट में 54.00 तथा जहानाबाद में 46.00 फीसद वोटिंग। 

- सायं 06.00 बजे: कुल 53.55 फीसद मतदान। नालंदा में 54.40, पटना साहिब में 43.54, पाटलिपुत्र में 57.26, आरा में 52.60, बक्‍सर में 55.60, सासाराम में 57.74, काराकाट में 55.00 तथा जहानाबाद में 54.00 फीसद वोटिंग।

दांव पर इन दिग्गजों की प्रतिष्‍ठा
बिहार में अंतिम चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में भी चुनाव है। पाटलिपुत्र सीट पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के गढ़ सेंध लगाने में जुटीं हैं। वहिां उनका मुकाबला भारतीयजनता पार्टी (भाजपा) के रामकृपाल सिंह से है। काराकाट में राष्‍ट्रही लोक समता पार्टी (रालाेसपा) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रत्‍याशी व पूर्व सांसद महाबली सिंह से मुकाबले में घिरे हैं। सासाराम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार (कांग्रेस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद छेदी पासवान के बीच लड़ाई है। पटना साहिब सीट पर भाजपा के रविशंकर प्रसाद का मुकाबला कांग्रेस के शत्रुघ्‍न सिन्‍हा से है। बक्‍सर सीट पर भाजपा के अश्विनी चौबे और राजद के जगदानंद सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। कहना न होगा कि अंतिम चरण के मतदान में रविवार को इन दिग्‍गजों की प्रतिष्‍ठा दांव पर लगी है।

इनमें है कांटे का मुकाबला
- नालंदा: जदयू के कौशलेंद्र कुमार और हम के अशोक कुमार आजाद के बीच सीधा मुकाबला।
- पटना स‍ाहिब: कांग्रेस के शत्रुघ्‍न सिन्‍हा और भाजपा के रविशंकर प्रसाद के बीच सीधा मुकाबला।
- पाटलिपुत्र: भाजपा के रामकृपाल यादव और राजद की मीसा भारती में सीधी लड़ाई।
- बक्‍सर: भाजपा के अश्विनी चौबे और राजद के जगदानंद सिंह के बीच सीधा भिड़ंत।
- जहानाबाद: राजद के सुरेंद्र यादव व जदयू के चंदेश्‍वर चंद्रवंशी की लड़ाई को तिकाेना बनाने में लगे सांसद अरुण कुमार।
- सासाराम: कांग्रेस की मीरा कुमार के साथ भाजपा के छेदी पासवान का सीधा मुकाबला।
- आरा: भाजपा के आरके सिंह के साथ सीपीआइ माले के राजू यादव से मुकाबला।
- काराकाट: रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा व जदयू के महाबली सिंह में सीधी लड़ाई। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी