LS Election 2019: झारखंड में राजद को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा भाजपा में शामिल

Lok Sabha Election 2019. झारखंड में राजद की प्रदेश अध्‍यक्ष अन्‍नपूर्णा देवी सोमवार को नई दिल्‍ली में भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष की मौजूदगी में लालटेन छोड़कर कमल का साथ लिया।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Mon, 25 Mar 2019 10:19 AM (IST) Updated:Mon, 25 Mar 2019 05:48 PM (IST)
LS Election 2019: झारखंड में राजद को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा भाजपा में शामिल
LS Election 2019: झारखंड में राजद को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा भाजपा में शामिल

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनाव 2019 से पहले झारखंड में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्‍ट्रीय जनता दल को तगड़ा झटका लगा है। राजद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो गई हैं। नई दिल्‍ली में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में पार्टी के राष्‍ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने अन्‍नपूर्णा देवी को बीजेपी की सदस्‍यता ग्रहण कराई। अन्नपूर्णा देवी ने भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात की। अन्नपूर्णा देवी के साथ राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान भी भाजपा में शामिल हुए।

झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने अन्‍नपूर्णा देवी के भाजपा में शा‍मिल होने का स्‍वागत किया है। इस मौके पर सीएम ने कहा कि  अन्नपूर्णा देवी झारखंड की लोकप्रिय नेत्री हैं। इन्होंने हमेशा ही जनहित की राजनीति की है। वर्तमान सरकार की जनहित नीतियों से प्रभावित हो कर विभिन्न दलों के नेता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं। अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने से झारखंड की राजनीति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। सीएम ने  ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा - अन्नपूर्णा देवी जी का भारतीय जनता पार्टी परिवार में हार्दिक स्वागत है। देश का जन-जन नरेंद्र मोदी जी से बेइंतहा प्यार करता है, समाज के हर वर्ग की बस एक ही पुकार है। एक बार फिर मोदी सरकार।

भाजपा की सदस्‍यता लेने के लिए अन्‍नपूर्णा रांची से सोमवार को सुबह 7.30 बजे ही दिल्ली के लिए रवाना हो गईं थीं। झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी दिल्ली में उनके सदस्‍यता ग्रहण के मौके पर मौजूद रहे । इधर अन्नपूर्णा के भाजपा के पाले में आने से झारखंड में राजद बिखर गया है। राज्‍य में अब राजद का अस्तित्‍व खतरे में है।

इससे पहले रविवार को अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम रघुवर दास से मुलाकात की, उनके साथ राजद के पूर्व विधायक जर्नादन पासवान और मनोज भुइंया भी थे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थित में हुई शीर्ष नेताओं की वार्ता में तकरीबन यह तय हो गया था  कि अन्नपूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो रही हैं।

अन्नपूर्णा ने दिल्‍ली में ली भाजपा की सदस्‍यता
राजद की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार शाम 4 बजे नई दिल्ली के भाजपा कार्यालय में भाजपा की सदस्‍यता ग्रहण की। अन्नपूर्णा के करीबियों के अनुसार भाजपा में शामिल होने से पूर्व राजद के शीर्ष नेतृत्व को उन्होंने अपना इस्तीफा भेज दिया है। अन्नपूर्णा देवी की कोडरमा लोकसभा संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवारी लगभग तय है।

अटकलों को बताती रहीं फर्जी
राजद की प्रदेश की शीर्ष नेता अन्नपूर्णा देवी समेत पार्टी के तमाम नेता भाजपा में शामिल होने की बात से इन्कार करते रहे हैं। अन्नपूर्णा ने पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस कर यह स्पष्ट भी किया था कि उनके भाजपा में शामिल होने की बात झूठी हैं। रविवार को भी राजद के प्रधान महासचिव संजय सिंह यादव ने भी इन अटकलों को फर्जी करार दिया था। हालांकि शाम होते-होते स्थिति इसके उलट देखी गई।

कोडरमा की राजनीति ने ली करवट
अन्नपूर्णा के भाजपा में शामिल होने के साथ ही कोडरमा जिले में समाजवादी विचारधारा व सामाजिक न्याय के संघर्ष के एक युग का अंत होगा साथ ही इसमें एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अन्नपूर्णा देवी ने वर्ष 1998 में अपने पति एकीकृत बिहार के मंत्री रहे  रमेश प्रसाद यादव की मौत के बाद राजनीति में प्रवेश किया था। 1998 में वो विधानसभा का पहला उपचुनाव लड़ी थी। इसके बाद वर्ष 2000 में विधानसभा चुनाव, 2005 व 2009 का विधानसभा चुनाव जीती थी। उनके पति रमेश प्रसाद यादव वर्ष 1990 से 98 तक कोडरमा के विधायक रहे थे।

कर्पूरी ठाकुर, जयप्रकाश नारायण व लोहिया के विचारों का जिले में वाहक बना यह परिवार अब भगवा रंग में रंगने जा रहा है। इसे आने वाले दिनों में यहां की राजनीति में एक बड़ा हलचल देखने को मिलेगा। उल्लेखनीय होगा कि अन्नपूर्णा देवी लालू परिवार की बेहद करीबी मानी जाती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनके रुख में बदलाव देखा जा रहा था।

माना जा रहा है कि वह झारखंड के प्रदेश नेतृत्व में इस परिवार की ज्यादा दखलअंदाजी और खासकर चतरा से उम्मीदवारी के मामले को लेकर नाराज चल रही थीं। बहरहाल अन्नपूर्णा देवी के इस निर्णय से जिले के राजद कार्यकर्ता पशोपेश में है। कार्यकर्ताओं का एक  तबका अन्नपूर्णा देवी के इस फैसले से नाराज है। कहा गया है कि एक-दो दिनों में ही अन्नपूर्णा देवी कोडरमा पहुंचकर कार्यकर्ताओं को मनाने व अपने साथ संगठित करने का प्रयास करेंगी। क्योंकि जिले में राजद का एक मजबूत संगठन है, अन्नपूर्णा देवी को आगे की राजनीति के लिए इन्हें अपने साथ लाना बेहद जरूरी होगा।

अन्नपूर्णा राजद से निष्कासित, गौतम सागर राणा बने राजद के झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष
इस बीच, राजद ने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आदेश पर अन्नपूर्णा देवी को राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया है। गौतम सागर राणा को पार्टी ने झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। झारखंड में राजद के नए प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा है कि अन्नपूर्णा देवी के जाने से राजद पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके मुताबिक, कई महीने से अन्नपूर्णा देवी भाजपा के संपर्क में थीं। पार्टी छोड़ने के लिए अन्नपूर्णा चतरा सीट का बहाना कर रही थीं। पूरा झारखंड राजद एकजुट है।

इधर अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने की चर्चा से क्षेत्र का राजनीतिक पारा भी उफान पर पहुंच गया है। विभिन्न सोशल मीडिया में इस बात को लेकर काफी तकरार भी चल रही है। यहां तक की राजद के नेता व कार्यकर्ता भी अन्नपूर्णा देवी के निर्णय को लेकर पशोपेश में है।

यह भी पढ़ें : Lok Sbaha Election 2019: अन्नपूर्णा को RJD ने निकाला, गौतम राणा बने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष

chat bot
आपका साथी