JagranHumanChain VIDEO: जागरण ने रचा इतिहास, झारखंड में बनाई 250 KM की मानव श्रृंखला

JagranHumanChain. दैनिक जागरण के मतदाता जागरूकता अभियान में सभी 24 जिलों में मानव श्रृंखला बनी जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता रही।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Mon, 22 Apr 2019 06:05 AM (IST) Updated:Tue, 23 Apr 2019 01:28 PM (IST)
JagranHumanChain VIDEO: जागरण ने रचा इतिहास, झारखंड में बनाई 250 KM की मानव श्रृंखला
JagranHumanChain VIDEO: जागरण ने रचा इतिहास, झारखंड में बनाई 250 KM की मानव श्रृंखला

रांची, राज्य ब्यूरो। JagranHumanChain  झारखंड के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक है। दैनिक जागरण ने यहां 250 किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाकर इतिहास रच दिया है। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरे राज्य में एक साथ मानव श्रृंखला का निर्माण हुआ है। हर जिले में 10 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई है। इसमें समाज के हर क्षेत्र की भागीदारी हो रही है।

युवाओं में इस अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह है और उनकी भागीदारी सबसे ज्यादा नजर आ रही है। आम-खास एक-दूसरे का हाथ थामे करीब दो घंटे तक यहां वोटरों को जगाने की कड़ी बने रहे। स्‍कूली बच्‍चे, पुलिसकर्मी, स्‍वास्‍थ्‍यकर्मी, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी से लेकर आम लोगों से जुड़ाव वाले इस महती अभियान में स्‍वत: स्‍फूर्त ओज दिख रहा था। वोट फॉर इंडिया के नारे भी खूब गूंजे।

ये भी पढ़ें - UP-दिल्ली समेत 4 राज्यों में BJP ने घोषित किए 7 प्रत्याशी, जानिए- किसे-कहां से मिला टिकट

सुबह छह बजे से ही राजधानी रांची, हजारीबाग, कोडरमा, खूंटी, पलामू, चतरा, सिमडेगा, गढ़वा समेत अन्‍य जिलों में उत्‍साह के साथ लोगों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। स्‍कूली बच्‍चे हाथों में झंडे, पोस्‍टर-बैनर लेकर वोटराें को जगाने सड़क पर एक साथ उतर आए हैं।

सड़कों पर उमड़े करीब पांच लाख लोग, बोले-सभी चुनें, सही चुनें 
लोकतंत्र के उत्सव में सभी मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दैनिक जागरण के अभियान पहला मुद्दा, पहला वोट ने सोमवार को झारखंड में इतिहास रच दिया। एक साथ सभी 24 जिलों में सुबह सात से नौ बजे के बीच दस-दस किलोमीटर की मानव शृंखला बनाई गई, यह मानव शृंखला 250 किमी लंबी रही। इसमें करीब पांच लाख लोग शामिल हुए। प्रदेश के करीब दो हजार स्कूलों के  बच्चे भी इसमें उत्साह से शामिल हुए और नारा बुलंद किया, देश में मजबूत सरकार के लिए सभी चुनें, सही चुनें। अभियान में राज्य निर्वाचन आयोग भी जागरण का हमकदम था। 

शायद ये देश के इतिहास में पहली बार हुआ होगा, जब किसी राज्य में चुनाव के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक साथ सभी जिलों में इतनी विशाल मानव शृंखला बनाई गई हो। जागरण ने 26 मार्च से पहला मुद्दा, पहला वोट अभियान छेड़ रखा है। इसके तहत पहले चरण में कालेजों, विश्वविद्यालयों सहित उन सभी जगह पहुंचने की कोशिश की गई, जहां युवा मतदाता हों। इसी कड़ी में फिर वोट यात्रा शुरू हुई।

लगातार आठ दिन हर जिले में इसका आयोजन हुआ और सोमवार को झारखंड के लोगों ने अपना नाम इतिहास में दर्ज करवा लिया। रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़, पलामू समेत हर जिले में बच्चों सहित हर वर्ग के लोगों में इस शृंखला को लेकर जबरदस्त उत्साह था। सुबह साढ़े छह बजे से ही प्रदेशभर में लोग जिलों में निर्धारित किए गए रूट पर एकत्र होने लगे थे। सभी की जुबान पर एक ही नारा गूंज रहा था-लोकंतत्र को मजबूत बनाना है, सभी को मतदान स्थल तक जाना है।

हर जिले में लंबी दूरी के बावजूद युवाओं और छात्रों का उत्साह देखने लायक था। बीच-बीच में भारत माता की जय जैसे नारे भी लगते रहे। पूरे राज्य में करीब दो हजार से ज्यादा स्कूल, कालेज इस अभियान में शामिल हुए। रांची के मोरहाबादी मैदान में गांधी प्रतिमा के समीप मुख्य कार्यक्रम में चुनाव आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. मनीष रंजन ने कहा कि सभी अपने मताधिकार को लेकर संवेदनशील बनें। उन्होंने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहतर मतदान के प्रतिशत से हम बेहतर जनप्रतिनिधि का चयन कर सकते हैं। समाज की उन्नति के लिए यह आवश्यक है। मतदाता जागरूकता अभियान से लोगों में मतदान की प्रवृत्ति बढ़ी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भयमुक्तऔर निर्भीक होकर मतदान करें और अपने पसंदीदा जनप्रतिनिधि का चयन करें। मतदान का बेहतर प्रतिशत लोकतंत्र को मजबूत करेगा।

इस मौके पर सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के डीआइजी अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि मतदान को लेकर जागरूकता आवश्यक है। लोगों को चाहिए कि वे अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। इससे लोकतंत्र और सशक्त होगा और लोग बेहतर जनप्रतिनिधि का चयन कर सकेंगे। दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक, झारखंड प्रदीप शुक्ला ने सभी अतिथियों को इस जागरूकता कार्यक्रम की मूल भावना से अवगत कराया।

हर जिला मुख्यालय में मानव श्रृंखला की शुरुआत के लिए एक स्थान तय था। वहां समाज के गणमान्य लोगों ने इस पवित्र अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। दैनिक जागरण का प्रयास है कि अधिकाधिक भागीदारी से झारखंड में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने की इस महती आयोजन का संदेश पूरे देश में जाए। इससे उन राष्ट्रविरोधी तत्वों को भी सबक मिले जो वोट बहिष्कार की दलील देकर हमारे देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की मंशा रखते हैं।


दैनिक जागरण के अभियान पहला मुद्दा, पहला वोट को पूरे प्रदेश में जबरदस्त सफलता मिली है। यह मानव श्रृंखला उसी अभियान की परिणति है। अभियान के दौरान हर जिला मुख्यालय में रोजाना सैकड़ों लोगों ने भागीदारी की। अभियान में समाज की महती भागीदारी से यह सकारात्मक संदेश गया है कि मतदान आवश्यक है। एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर हम वोट अवश्य दें ताकि एक जवाबदेह प्रतिनिधि हम चुन सकें जो समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी हो।

ये भी पढ़ें - Lok Sabha Election 2019: क्या फरीदाबाद सीट पर बदलेगा कांग्रेस का प्रत्याशी?

हजारीबाग में दैनिक जागरण मानव श्रृंखला के लिए उड़ाए जा रहे गुब्‍बारे।

चुनाव की विस्तृत जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें

chat bot
आपका साथी