Loksabha Election 2019 : पूर्वांचल में भाजपा के निशाने पर होंगी पूर्वी जोन प्रभारी प्रियंका

पूर्वांचल में भाजपा के निशाने पर कांग्रेस की महासचिव व पूर्वी जोन प्रभारी प्रियंका वाड्रा निशाने पर होंगी। वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए उनके हिंदुत्व कार्ड पर हमला किया जाएगा।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sun, 21 Apr 2019 11:30 AM (IST) Updated:Sun, 21 Apr 2019 11:30 AM (IST)
Loksabha Election 2019 : पूर्वांचल में भाजपा के निशाने पर होंगी पूर्वी जोन प्रभारी प्रियंका
Loksabha Election 2019 : पूर्वांचल में भाजपा के निशाने पर होंगी पूर्वी जोन प्रभारी प्रियंका

वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में भाजपा के निशाने पर कांग्रेस की महासचिव व पूर्वी जोन प्रभारी प्रियंका वाड्रा निशाने पर होंगी। वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए उनके हिंदुत्व कार्ड पर हमला किया जाएगा। इसके लिए रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा को माल्यार्पण के दौरान प्रियंका की ओर से किए अपमान को हथियार बनाया जाएगा जो हिंदू संस्कार की कसौटी पर कांग्रेस के गांधी परिवार को कसने के लिए ब्रह्मास्त्र साबित होगा।


कांग्रेस में सस्पेंस के बादल : वाराणसी संसदीय सीट पर 22 अप्रैल से नामांकन शुरु हो रहा है। अभी तक कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा चुनाव लड़ेंगी या नहीं, इस पर भी सस्पेंस कायम है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कोई स्पष्ट संदेश नहीं दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने भी दो से तीन दिन बाद पत्ता खुलने की बात कही है। इस सस्पेंस से स्थानीय कांग्रेस कार्यालय में भी सन्नाटा छाया हुआ है। प्रत्याशी स्थानीय होगा या बाहरी, सवालों के बीच कार्यकर्ता चुनावी रणनीति तय नहीं कर पा रहे हैं। 

भाजपा की रणनीति : वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को बनारस दौरे पर थे। उन्होंने विधायकों व संगठन पदाधिकारियों के साथ रवींद्रपुरी स्थित श्रीराम निवास भवन में बैठक की। इसके बाद अर्दली बाजार के टैगोर टाउन स्थित रिया पैलेस में भोजन के दौरान इस अहम रणनीति पर चर्चा हुई। विधायक रवींद्र जायसवाल ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष मसला उठाया। जानकारी दी कि प्रियंका वाड्रा गंगा यात्रा के दौरान 21 मार्च को बनारस आईं थीं। इस दौरान रामनगर स्थित पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के आवास पर पहुंची थीं।

श्रद्धासुमन अर्पित करने के दौरान उनकी प्रतिमा को अपने लगे से माला उतारकर पहना दी जिसका भाजपाजनों ने जोरदार विरोध किया था। चर्चा के दौरान भाजपा काशी प्रांत मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने इस प्रकरण का वीडियो भी केंद्रीय मंत्री को उपलब्ध कराया। काशी प्रांत के अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि इस प्रकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रतिमा पर अर्पित इस माला निकाल फेंका गया और वहां सफाई कराई गई। रणनीति को साझा करते हुए कहा कि पूर्वांचल में प्रियंका वाड्रा को घेरने में संगठन कोई कसर नहीं छोड़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने भी इस प्रकरण के वीडियो को सहेजते हुए शीर्ष नेतृत्व के समक्ष चर्चा की बात कही।

आज से नामांकन को घर-घर निमंत्रण : रवींद्रपुरी में हुई बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के नामांकन व रोड शो की तैयारियों की समीक्षा की। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद ने बताया कि 21 अप्रैल से घर-घर भाजपा कार्यकर्ता जाएंगे और मोदी के नामांकन की खातिर जनता को निमंत्रण देंगे। कहा कि वाराणसी लोकसभा के सभी पांच विधानसभाओं में 15 अप्रैल को विधान सभा संयोजक, विधान सभा प्रभारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, सेक्टर प्रभारी और संघ प्रमुखों की बैठकें हो चुकी हैं। 17 अप्रैल को वाराणसी लोकसभा के सभी 226 सेक्टरों में बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी व पदाधिकारियों की बैठक हुई है। 19 अप्रैल को 1819 बूथों में 1802 पर बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख समेत 38 हजार कार्यकर्ताओं संग चर्चा कर जिम्मेदारियां सौंपी गई है। इसी क्रम में 21 अप्रैल को सभी जनप्रतिनिधि से लगायत कार्यकर्ता अपने बूथों पर घर-घर संपर्क करेंगे। 

chat bot
आपका साथी