Jharkhand Election 2019: सिसई में वोटरों का बवाल, पुलिस फायरिंग में युवक की मौत; मतदान रद

Jharkhand Election 2019 Phase 2 Voting दूसरे चरण की 20 सीटों पर वोटिंग के बीच गुमला के सिसई विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 36 पर पुलिस फायरिंग हुई है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 10:11 AM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 06:03 PM (IST)
Jharkhand Election 2019: सिसई में वोटरों का बवाल, पुलिस फायरिंग में युवक की मौत; मतदान रद
Jharkhand Election 2019: सिसई में वोटरों का बवाल, पुलिस फायरिंग में युवक की मौत; मतदान रद

रांची, जेएनएन। Jharkhand Election 2019 Phase 2 Voting झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच बड़ी खबर आ रही है। गुमला जिले के सिसई में मतदान केंद्र संख्‍या 36 पर वोटरों के पथराव के बाद पुलिस फायरिंग हुई है। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई है। जबकि दूसरा घायल है। उसे इलाज के लिए रिम्‍स, रांची भेजा गया है। फिलहाल सिसई में हंगामा के बाद मतदान रोक दिया गया है। चुनाव आयोग ने अब यहां पुनर्मतदान का आदेश दिया है। बताया गया कि मतदान कर्मी मौके से भाग खड़े हुए हैं। मतदाताओं का आरोप है कि उन्‍हें वोट देने से जबरन रोका गया, जिसके बाद लोगों ने यहां पथराव शुरू कर दिया। इधर, चुनाव आयोग ने फायरिंग की इस घटना पर संज्ञान लिया है और पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है। निर्वाचन आयोग के पदाधिकारी फायरिंग वाले मतदान केंद्र पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों द्वारा पत्रकार पर भी हमला हुआ है। आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। CRPF बटालियन गांव में पहुंच गयी है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने इस मामले में डीसी से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने डीसी और एसपी को वहां अविलंब जाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया। गुमला के मतदान केंद्र संख्या 36 पर हुई गोलीबारी में घायल मोहम्मद तबरेज को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया है। घायल थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके सिर में गहरे जख्म के निशान हैं।

ग्रामीणों ने किया पथराव

गुमला के एसपी ने बताया कि सिसई के बूथ नंबर 36 पर मतदान बाधित होने की खबर मिली है। यहां वोटरों की ओर से मतदान केंद्र पर पथराव किया गया है। पुलिस फायरिंग की सूचना मिली है। बताया गया है कि यहां वोटरों ने वोट देने से रोकने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा बलों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया है। पुलिस बल ने यहां आत्‍मरक्षा में हवाई फायरिंग की है। पुलिस के मुताबिक मतदान कर्मी खुद को बचाने के लिए बूथ से भागकर एक कमरे में बंद हो गए हैं। एसपी ने कहा कि अतिरिक्‍त पुलिस बल मतदान केंद्र पर भेजे जा रहे हैं।

गुमला में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प

गुमला के सिसई में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस झड़प में आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिसमें थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी भी नाम शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस के जवान अखिलेश यादव और राहुल भी घायल हुए हैं। बीडीओ के चालक सीताराम सिंह और पत्रकार सीताराम साहू भी पथराव में घायल हुए हैं।

गोली लगने से एक युवक की मौत

गोली लगने से जिलानी नामक युवक की मौत हो चुकी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्‍सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की। ग्रामीण यहां अब भी हंगामा कर रहे हैं। यहां पत्थरबाजी होने का क्रम जारी है। इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है। अस्पताल में बड़ी संख्‍या में लोग पहुंचे हैं। अस्पताल के चिकित्सक ने उपायुक्त को घटना की जानकारी देते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है।

यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ...

chat bot
आपका साथी