Jharkhand Election 2019: संबित पात्रा बोले, राहुल ने CM पर तथ्यहीन आरोप लगा झारखंड की मिट्टी का किया अपमान

Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि राहुल पहले तथ्यहीन आरोप लगाते हैं फिर माफी मांगते हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 10 Dec 2019 07:34 PM (IST) Updated:Tue, 10 Dec 2019 07:34 PM (IST)
Jharkhand Election 2019: संबित पात्रा बोले, राहुल ने CM पर तथ्यहीन आरोप लगा झारखंड की मिट्टी का किया अपमान
Jharkhand Election 2019: संबित पात्रा बोले, राहुल ने CM पर तथ्यहीन आरोप लगा झारखंड की मिट्टी का किया अपमान

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मुख्यमंत्री रघुवर दास पर लगाए गए आरोप भाजपा को नागवार गुजरे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहु़ल गांधी के आरोपों को तथ्यहीन बताते हुए इन आरोपों को झारखंड की मिट्टी पर हमला बताया है। पात्रा मंगलवार को भाजपा के अरगोड़ा स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से मुखातिब थे। संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने किस तथ्य के आधार पर यह आरोप लगाए हैं, वे बताएं।

कहा, उन्हें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड से जुड़े 5000 करोड़ रुपये के गबन के मामले में मुचलके पर बाहर हैं। कहा, राहुल गांधी पहले तथ्यहीन आरोप लगाते हैं और फिर बाद में कोर्ट में माफी मांगते हैं। उनका ऐसा ही ट्रैक रिकॉर्ड रहा है।

कर्नाटक के झटके झारखंड में लगे

संबित पात्रा ने कर्नाटक उपचुनाव परिणामों की भी चर्चा की। कहा, नतीजे कर्नाटक में आए और भूकंप के झटके झारखंड में महामिलावटी गठबंधन को लगे। कहा, महामिलावटी गठबंधन को जनता ने नकार दिया है। स्थिरता की जीत होगी और महागठबंधन की हार होगी।

नागरिकता संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित होने को बताया ऐतिहासिक

पात्रा ने नागरिकता संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने को ऐतिहासिक बताया। कहा, हमने वादा किया था कि इस बार इस बिल को लाएंगे और भाजपा ने अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने इस बिल का विरोध करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि यह बिल किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। गृहमंत्री अमित शाह ने भी स्पष्ट किया है कि किसी का अधिकार छीना नहीं गया है, बल्कि अधिकार दिया गया है।

पात्रा ने कहा की कांग्रेस और पाकिस्तान एक जैसी भाषा बोलते हैं। उन्होंने नागरिकता संशोधन विधेयक के साथ-साथ एयरस्ट्राइक पर पाकिस्तान के दिए गए वक्तव्य को कांग्रेस के बयानों से भी जोड़ा। संवाददाता सम्मेलन में रांची की मेयर आशा लकड़ा, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रेम मित्तल, युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय पोद्दार, मीडिया सदस्य पंकज पांडेय भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी