Jharkhand Assembly Election 2019: राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भाजपा मीडिया सेल की सक्रियता पर दिया जोर

BJP Media Cell. बैठक में कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धि जन-जन तक पहुंचाने की नसीहत दी। संबित पात्रा ने धारा 370 के बाबत विस्तार से जानकारी दी।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 15 Sep 2019 07:47 AM (IST) Updated:Sun, 15 Sep 2019 09:32 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भाजपा मीडिया सेल की सक्रियता पर दिया जोर
Jharkhand Assembly Election 2019: राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भाजपा मीडिया सेल की सक्रियता पर दिया जोर

रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को मीडिया के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की नसीहत दी है। रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजपा की मीडिया कार्यशाला में उन्होंने कहा कि 21 वीं सदी में मीडिया की भूमिका बढ़ी है। अब 100 फीसद लोग किसी न किसी माध्यम से मीडिया से जुड़ गए हैं। समाचार पत्र गांव-गांव तक जा रहे हैं। बीएल संतोष ने भाजपा मीडिया सेल से जुड़े लोगों को कुछ टास्क भी सौंपे। कहा, रोज सुबह आठ बजे तक अखबार अवश्य पढ़ लें।

विधानसभा चुनाव में महज 100 दिन ही बचे हैं, अपनी गतिविधियां स्थानीय स्तर पर तेज करें। ऐसे स्थानों पर कुछ समय अवश्य दें, जहां लोगों का उठना-बैठना अधिक होता है। संतोष ने जिला स्तर पर मीडिया सेल की सक्रियता पर जोर दिया। यह भी कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ पार्टी के स्थानीय सांसद व विधायकों के कार्यों की भी सराहना की जाए। वहीं, विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों की निगेटिव बातों को मीडिया से माध्यम से सामने लाया जाए। मुख्यमंत्री रघुवर दास, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख और मंत्री सीपी सिंह ने भी कार्यशाला को संबोधित किया।

अनुच्छेद 370 व 35 ए को चुनाव में मुद्दा बनाएगी भाजपा : संबित पात्रा
भाजपा विधानसभा चुनाव में अनुच्छेद 370 और 35 ए को जम्मू-कश्मीर से हटाए जाने को भी चुनावी मुद्दा बनाएगी। मीडिया सेल में इस बाबत स्पष्ट संकेत दिए गए। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने लगभग आधे घंटे तक सिर्फ 370 और 35 ए से जुड़े हर पहलु पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय मयूख ने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से विधानसभा स्तर पर मीडिया मैनेजमेंट दुरुस्त करने पर जोर दिया। मंत्री सीपी सिंह ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला में प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, प्रतुल शाहदेव, राजेश कुमार शुक्ला सहित पार्टी के जिला स्तर के मीडिया सेल के पदाधिकारी उपस्थित थे।


सीएम ने ली क्लास, योजनाओं के बारे में पूछा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्र व राज्य सरकार के स्तर से चलाई जा रही विकास योजनाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की क्लास ली। कुछ लोगों को खड़ा करके योजनाओं के बाबत जानकारी ली। स्पष्ट कहा कि महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के लिए सरकार के स्तर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी आप सभी को होनी चाहिए। इन योजनाओं से कितनों को लाभ पहुंचा यह भी पता होना चाहिए। उन्होंने कुछ योजनाओं की जानकारी भी अपने संबोधन के क्रम में दी। मीडिया, विशेषकर प्रिंट मीडिया से रिश्ते प्रगाढ़ करने जोर दिया। कहा, आज अखबार नाई की दुकान से चाय की दुकान तक हर जगह पाया जाता है। इस मौके पर उन्होंने विरोधियों को बेनकाब करने की भी नसीहत दी।

chat bot
आपका साथी