LokSabha Election 2019: सीएम मनोहर लाल को पछतावा, बोले- हमसे बड़ी चूक हो गई
पहली बार राजकुमार सैनी के खिलाफ सीएम मनोहर लाल ने बयान दिया। उन्होंने बड़ी चूक हो गई। राजकुमार सैनी को चुनने का पछतावा हो रहा है।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, [पंकज आत्रेय]। धर्मक्षेत्र की धरा पर पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहली बार सांसद राजकुमार सैनी के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने कहा कि सैनी ने समाज को बांटने का कुकर्म किया है। पिछली बार हमसे बहुत बड़ी चूक हो गई। हम इंसान को पहचान नहीं पाए।
उन्होंने कहा, हम भारत को माता कहते हैं और सबसे आगे इनका सम्मान रखना है। राजकुमार सैनी ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र को दागदार कर दिया। इसका हमें पछतावा हो रहा है। इस बार ऐसी गलती नहीं होने देंगे। वह शनिवार को थीम पार्क में भाजपा प्रत्याशी नायब सैनी के नामांकन अवसर पर विजय संकल्प रैली में बोल रहे थे।
कांग्रेस ने ताक पर रख दी देश की सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां तो गिनाईं ही, कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर बरसे। बोले, देश की सुरक्षा से बढ़कर किसी भी नागरिक के लिए कुछ नहीं होता, लेकिन कांग्रेस ने उसे भी ताक पर रख दिया। अपने घोषणापत्र में अफस्पा को कमजोर करने की बात शामिल करके साबित कर दिया है कि उनके लिए देश की सुरक्षा महत्वपूर्ण नहीं है।
कश्मीर मुद्दे पर भी बोले सीएम
कश्मीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तुलना की। उन्होंने कहा, कश्मीर में धारा-370 जवाहर लाल का ही बोया हुआ बीज है। इसे आज पूरा देश भुगत रहा है। कांग्रेस, महबूबा मुफ्ती, उमर अब्दुला देश में दो प्रधान चाहते हैं। इसके विपरीत मुखर्जी ने भारत मे एक प्रधान, एक संविधान और एक विधान की सोच को बढ़ावा दिया। मनोहरलाल ने कहा कि आज दुनिया को अपनी ताकत दिखाने का वक्त है।
नायब से रिश्ता बताया
मुख्यमंत्री के साथ नायब सैनी की नजदीकियां तो जाहिर हैं ही, उन्होंने मंच से भी इसे स्वीकार किया। बोले, नायब से मेरा रिश्ता पुराना है। इन्होंने पांच साल तक मेरे साथ संगठन में काम किया है।