रोचक ! BJP के सबसे अमीर प्रत्याशी हैं 222 रुपये सालाना कमाने वाले ब्रह्म सिंह तंवर

Delhi Election 2020 मुंडका से AAP प्रत्याशी धर्मपाल लाकड़ा (61) के पास करीब 292 करोड़ की संपत्ति है। सौ करोड़ से अधिक संपत्ति वाले वह एकमात्र उम्मीदवार हैं।

By JP YadavEdited By: Publish:Mon, 27 Jan 2020 02:26 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jan 2020 02:45 PM (IST)
रोचक ! BJP के सबसे अमीर प्रत्याशी हैं 222 रुपये सालाना कमाने वाले ब्रह्म सिंह तंवर
रोचक ! BJP के सबसे अमीर प्रत्याशी हैं 222 रुपये सालाना कमाने वाले ब्रह्म सिंह तंवर

नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। Delhi Election 2020:  दिल्ली के ताज के लिए करोड़पति उम्मीदवारों की फौज चुनावी मैदान में है। कोई भी प्रमुख राजनीतिक दल करोड़पति उम्मीदवारों को टिकट देने में पीछे नहीं हैं। कांग्रेस ने सबसे अधिक 55 करोड़पति उम्मीदवारों पर दांव खेला है तो वहीं आप ने भी करोड़पतियों पर ही ज्यादा भरोसा जताया है। AAP ने 50 व भाजपा ने 47 करोड़पति उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। खास बात यह कि AAP के करोड़पति उम्मीदवार अधिक दौलतमंद हैं। वहीं, सबसे हैरत की बात तो यह है कि भाजपा में सबसे दौलतमंद उम्मीदवार ब्रह्म सिंह तंवर हैं, जो छतरपुर से चुनौती पेश कर रहे हैं। उन्होंने अपने हलफनामे में कुल वार्षिक आय 222 रुपये बताई है,

सर्वाधिक दौलतमंद उम्मीदवार AAP में

इस बार चुनावी मैदान में सबसे दौलतमंद उम्मीदवार भी AAP से हैं। सबसे दौलतमंद उम्मीदवार मुंडका से AAP प्रत्याशी धर्मपाल लाकड़ा (61) के पास करीब 292 करोड़ की संपत्ति है। सौ करोड़ से अधिक संपत्ति वाले वह एकमात्र उम्मीदवार हैं। हालांकि, उनके पास चल संपत्ति 3.37 करोड़ ही है, लेकिन अचल संपत्ति करीब 288 करोड़ की है। उन्होंने आइटीआइ पूसा से डीजल मैकेनिक में सर्टिफिकेट कोर्स किया है और अपनी आय का स्नोत व्यवसाय, खेती व बैंकों से मिलने वाले ब्याज को बताया है। इसके अलावा AAP में पांच ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्होंने हलफनामे में अपनी संपत्ति 50 करोड़ से अधिक बताई है। AAP में प्रमिला टोकस दूसरे व राम सिंह नेताजी तीसरे सबसे दौलतमंद उम्मीदवार हैं। उनके पास 80 करोड़ से अधिक की दौलत है। वहीं कांग्रेस के चार व भाजपा के तीन उम्मीदवारों के पास 50 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 67 सीटों पर ही उम्मीदवार उतारे हैं, तीन सीटें सहयोगी दलों को दी है। वहीं कांग्रेस 66 सीट पर चुनाव लड़ रही है, चार सीटें आरजेडी को दी है।

आय 222 रुपये पर हैं करोड़ों के मालिक

भाजपा में सबसे दौलतमंद उम्मीदवार ब्रह्म सिंह तंवर हैं, जो छतरपुर से चुनौती पेश कर रहे हैं। उन्होंने अपने हलफनामे में कुल वार्षिक आय 222 रुपये बताई है, हालांकि वह करोड़ों की जमीन जायदाद के मालिक हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 66.32 करोड़ है। इसके बाद भाजपा में दूसरे सबसे दौलतमंद उम्मीदवार डॉ. अनिल गोयल हैं। कृष्णा नगर सीट से नामांकन कर उन्होंने राजनीति में कदम रखा है। उन्होंने हलफनामें में अपनी कुल संपत्ति 64.48 करोड़ बताई है। वह और उनकी पत्नी दोनों पेशे से डॉक्टर हैं।

कई विधायकों ने खरीदी वीआइपी नंबर की कार

चुनाव लड़ रहे कई विधायकों ने 2015 के बाद वीआइपी नंबर की महंगी गाड़ी खरीद ली है। प्रमिला टोकस के हलफनामे के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2017 व 2018 में दो गाड़ियां खरीदीं। दोनों पर वीआइपी नंबर है। नरेश बाल्यान ने उत्तम नगर से विधायक बनने के बाद दो कारें खरीदी। कैलाश गहलोत ने भी विधायक बनने के बाद वीआइपी नंबर की गाड़ी ले ली है। विश्वास नगर से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार ओपी शर्मा भी विधायक बनने के बाद वीआइपी नंबर की कार से चलने लगे। इसके अलावा भी कई विधायक हैं, जिनके पास वीआइपी नंबर की कार है।

कांग्रेस में ये हैं सबसे दौलतमंद

छतरपुर सीट से चुनाव लड़ रहे सतीश लोहिया कांग्रेस के सबसे दौलतमंद उम्मीदवार हैं। चल व अचल संपत्ति मिलाकर वह करीब 55.66 करोड़ के मालिक हैं। नांगलोई जाट से उम्मीदवार मनदीप शौकीन के पास 53.15 करोड़ व विकासपुरी से उम्मीदवार मुकेश शर्मा के पास 50.99 करोड़ की संपत्ति है।

दिल्ली चुनाव से जड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक 

दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

chat bot
आपका साथी