Delhi Election 2020 : विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र की विशेषता और प्रमुख मुद्दे, जानें- जातीय गणित

Delhi Election 2020 निगम के छह वार्डों में बंटी विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र की तीन सीटों पर भाजपा दो सीटों पर आम आदमी पार्टी तो एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 27 Jan 2020 03:15 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jan 2020 03:15 PM (IST)
Delhi  Election 2020 : विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र की विशेषता और प्रमुख मुद्दे, जानें- जातीय गणित
Delhi Election 2020 : विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र की विशेषता और प्रमुख मुद्दे, जानें- जातीय गणित

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi  Election 2020: हस्तसाल विधानसभा क्षेत्र से काटकर विकासपुरी विधानसभा सीट का निर्माण हुआ। यह मतदाताओं की संख्या दृष्टि से दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभा है। मिली जुली आबादी वाले इस क्षेत्र में अलग अलग समय में अलग अलग पार्टियों का वर्चस्व रहा है। वर्तमान में निगम के छह वार्डों में बंटी इस विधानसभा क्षेत्र की तीन सीटों पर भाजपा, दो सीटों पर आम आदमी पार्टी तो एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।

विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में एक ओर सुनियोजित कॉलोनी विकासपुरी है तो दूसरी ओर विकासनगर जैसी घनी आबादी वाली अनियोजित कॉलोनी। इस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह गांव आते हैं। इनमें हस्तसाल, बक्करवाला, बापरौला, तिलंगपुर कोटला, रणहौला व बुढेला आता है।

प्रमुख इलाके

हस्तसाल, विकास नगर, कुंवर सिंह नगर, ओम विहार, विकास नगर, बक्करवाला, बापरौला, रनहौला, सैफीपुर, दीपक विहार, तिलंगपुर कोटला और विकासपुरी के कुछ क्षेत्र।

जातीय समीकरण

पंजाबी-15

ओबीसी-15

अनुसूचित जाति-15

जाट-10

ब्राह्मण-8

सिख-3

वैश्य-7

अन्य-7

मुस्लिम-20

कुल मतदाता-381112

पुरुष मतदाता- 212531

महिला मतदाता-168574

अन्य- 7

पिछले विधानसभा चुनाव 2015 के आंकड़े

कुल मतदाता- 381112

कितने मत पड़े- 211802

महेंद्र यादव (आप) विजयी- 132437

संजय सिंह (भाजपा)- 54772

नंद किशोर सहरावत (कांग्रेस) - 19540

क्षेत्र की विशेषता

विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में एक तरफ विकासपुरी जैसी पॉश कॉलोनी है तो दूसरी ओर इस विधानसभा क्षेत्र में कई पुनर्वासित कॉलोनियां भी बसी हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में अनियोजित कॉलोनियों की भी भरमार है। अलग अलग इलाके में लोगों के लिए विकास के पैमाने अलग अलग हैं। सामाजिक दृष्टिकोण से यहां पूर्वांचल वासियों के अलावा जाट, पंजाबी, अनुसूचित जाति, मुस्लिम और ओबीसी बहुतायत में हैं। नतीजतन इतने बड़े क्षेत्र में सभी वर्ग को खुश करना प्रत्याशियों के लिए कड़ी चुनौती होती है।

क्षेत्र के निगम पार्षद

विकासपुरी- सरिता जिंदल- भाजपा

हस्तसाल- अशोक सैनी- आप

विकासनगर- रणधीर कुमार- भाजपा

सैनिक एंक्लेव- रीता गौड़- भाजपा

कुंअर सिंह नगर-- सुरेश पहलवान-कांग्रेस

बापरौला-- अनिता सोलंकी- आप

पिछले तीन चुनावों में हार जीत

वर्ष 2008-- कांग्रेस प्रत्याशी नंद किशोर सहरावत ने भाजपा प्रत्याशी कृष्ण गहलोत को हराया।

वर्ष 2013-- आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र यादव ने भाजपा प्रत्याशी कृष्ण गहलोत को हराया।

वर्ष 2015-- आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र यादव ने भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह को हराया

प्रमुख मुद्दे-

1. क्षेत्र की अधिकांश कॉलोनी का विकास अनियोजित तरीके से हुआ है। नतीजतन वहां सीवर व पानी के निकासी की काफी समस्या है। हाल के समय में कालोनियों में सीवर लाइन डालने का काम शुरु किया गया है। वहीं बड़े नाले भी बनाए जा रहे हैं।

2. कई इलाके में पेयजल अभी भी मुद्दा है। रोजाना जलापूर्ति कई इलाकों में नहीं होती है। कुछ ऐसे भी इलाके हैं जहां दूषित जलापूर्ति की समस्या लोगों को परेशान करती है।

3. सड़कों की स्थिति से भी लोग संतुष्ट नहीं हैं। विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़क जर्जर अवस्था में है।

4. क्षेत्र की सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है।

5. इलाके में पार्किंग की समस्या काफी पुरानी है, इस दिशा में कार्य नहीं हुआ है।

6. नजफगढ़ ड्रेन के किनारे मलबे व गंदगी का ढेर भी इलाके की साफ सफाई की व्यवस्था को चुनौती देता नजर आता है।

जनता की आवाज

के 5 मोहन गार्डन एक्सटेंशन निवासी नवीन झा का कहना है कि क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य हुए हैं, लेकिन सीवर व दूषित जलापूर्ति की समस्या आए दिन लोगों को परेशान करती है। शिक्षा के क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं। विद्यालयों में कई कार्य हुए हैं। काफी कुछ हुआ है लेकिन अभी काफी कुछ होना शेष है।

हरफूल विहार के रहने वाले महेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में पानी व सीवर को लेकर कार्य हुए हैं। पीने योग्य पानी की आपूर्ति भी अब शुरु हो चुुकी है। सीवर लाइन भी डाली जा चुकी है। विकास के और भी कई कार्य हुए हैं। गलियां भी पक्की हुई हैं।

उत्तम नगर ए 1 के निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पानी की लाइन क्षेत्र में डाली जा चुकी है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। विकास के कई कार्य पिछले पांच वर्षों में हुए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई कार्य हुए हैं। आने वाले समय में इन कार्यों में और तेजी आएगी, इसकी उम्मीद हम करते हैं।

हस्तसाल रोड निवासी महेंदर सब्बरवाल ने कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा हर क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं। हस्तसाल इलाके की बात करुं तो यहां पीने योग्य पानी की आपूर्ति लंबे समय से नहीं हो रही थी। अब क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। जलापूर्ति शुरु है। सड़कों को दुरुस्त किया गया है।

Delhi Election 2020 : मादीपुर विधानसभा क्षेत्र की विशेषता, जानें- इस बार क्या चाहती है जनता?

chat bot
आपका साथी