मनोज तिवारी ने 'जनता से संवाद' अभियान का किया आगाज, केंद्र की उपलब्धियां गिनाएगी भाजपा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को मटियाला के कांगन हेड़ी गांव से दिल्ली संवाद कार्यक्रम अभियान की शुरूआत की।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 20 Oct 2019 10:15 AM (IST) Updated:Mon, 21 Oct 2019 12:35 AM (IST)
मनोज तिवारी ने 'जनता से संवाद' अभियान का किया आगाज, केंद्र की उपलब्धियां गिनाएगी भाजपा
मनोज तिवारी ने 'जनता से संवाद' अभियान का किया आगाज, केंद्र की उपलब्धियां गिनाएगी भाजपा

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव की तैयारी को धार देने के लिए भाजपा नेता जनता से सीधा संवाद करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को मटियाला के कांगन हेड़ी गांव से दिल्ली संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंद्रह साल कांग्रेस और पांच साल आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में रही। फिर भी लोग बता रहे हैं कि दिल्ली बेहाल है तो उसका कारण हम नहीं हैं। क्योंकि, भाजपा 21 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर है।

मनोज तिवारी ने कहा कि हमें एक मौका और मिलना चाहिए। हम डेढ़ साल के भीतर दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें चला देंगे। छह माह के भीतर ही अनियमित कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को उनका मालिकाना हक दिला देंगे। साढ़े तीन साल के अंदर दिल्ली को टैंकर से मुक्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली को लंदन और शिकागो बनाने का वादा नहीं कर रहा हूं, लेकिन दिल्ली को सर्वश्रेष्ठ जरूर बना देंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की आबादी करीब ढाई करोड़ हो गई है। मुख्यमंत्री केजरीवाल दिल्ली में आने वालों को घुसपैठिया मान रहे हैं। दिल्ली सरकार निगम को फंड नहीं दे रही है, जिस कारण विकास कार्य रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने दो पेरिफेरल सड़कें बनाई, जिससे 15 लाख गाड़ियों को दिल्ली में घुसने की जरूरत नहीं पड़ रही है। हरियाणा चुनाव के दौरान यात्र में पूरे हरियाणा में कहीं भी पराली जलती नहीं मिली, लेकिन दिल्ली सरकार उलटे किसानों को दोषी ठहरा रही है।

मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार को लोकप्रियता न मिले इसलिए दिल्ली सरकार ने आयुष्मान योजना को लागू नहीं किया है। इसके पहले छावला पार्षद पवन शर्मा ने कहा कि केंद्र और निगम में भाजपा की सरकार है। विधानसभा में भाजपा की सरकार आते ही काम की गति रफ्तार पकड़ लेगी। इस मौके पर घुम्मनहेड़ा वार्ड के पार्षद दीपक मेहरा, मुकेश सूर्यान, छावला के पूर्व पार्षद राजपाल नंबरदार, जिला महामंत्री संजय राय व पुष्पराज मौजूद रहे।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में हर आधा किमी पर होगा मोहल्ला क्लीनिक: केजरीवाल

Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण से लगातार दूसरे दिन राहत, Air Quality में सुधार

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक 

chat bot
आपका साथी