AAP का 'मेरा वोट काम को' चुनावी अभियान शुरू, विकास के नाम पर वोट मांगेंगे पार्टी नेता

आम आदमी पार्टी (आप) ने अब नया अभियान शुरू किया है। इसे ‘मेरा वोट काम को’ नाम दिया गया है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 15 Dec 2019 03:03 PM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 03:03 PM (IST)
AAP का 'मेरा वोट काम को' चुनावी अभियान शुरू, विकास के नाम पर वोट मांगेंगे पार्टी नेता
AAP का 'मेरा वोट काम को' चुनावी अभियान शुरू, विकास के नाम पर वोट मांगेंगे पार्टी नेता

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली विधानसभा चुनाव में तीसरी बार दमखम के साथ उतरने जा रही आम आदमी पार्टी (आप) ने अब नया अभियान शुरू किया है। इसे ‘मेरा वोट काम को’ नाम दिया गया है। इसके तहत सभी विधायक और पार्टी पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सरकार के कार्यो के नाम पर वोट मांगेंगे।

पिछले सितंबर से आप विभिन्न प्रकार के अभियान चला रही है। जिसमें पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय, राज्यसभा संजय सिंह और पार्टी के नेता दिलीप पांडेय अलग अलग जन संवाद अभियान चला चुके हैं। अब पार्टी का निर्देश है कि विधायक अपने अपने इलाके में अभियान चलाकर सरकार द्वारा कराए गए कार्यों को जन जन तक पहुंचाएं।

राघव चड्ढा ने साधा भाजपा पर निशाना

आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर विकास के मुद्दे पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का कहना है कि केजरीवाल सरकार के पांच साल में किए गए विकास कार्यों से भाजपा घबरा गई है। यही वजह है कि दिल्ली सरकार की जनहित की योजनाओं का भी विरोध किया जा रहा है। भाजपा के लोगों को दिल्ली की जनता को बताना चाहिए कि आखिर वे विकास पर विरोध की राजनीति क्यों कर रहे हैं।

पार्टी मुख्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि पिछले 5 साल में दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिसका लाभ सीधे तौर पर दिल्ली की गरीब और आम जनता को मिल रहा है। मगर भाजपा को इस पर आपत्ति है। डोर स्टेप डिलीवरी का विरोध कर रहे मनोज तिवारी को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेता दलालों को लाभ पहुंचना चाहते हैं?

भाजपा पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप

उन्होंने कहा कि जहां आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता के हक में लगातार सकारात्मक राजनीति कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी पिछले 5 सालों से लगातार नकारात्मक राजनीति कर रही है। सीसीटीवी कैमरे, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा, फ्री वाईफाई, बिजली में सब्सिडी, मुफ्त पानी सभी का भाजपा ने विरोध किया है।

चड्ढा ने कहा कि यदि डोर स्टेप डिलीवरी योजना जनता के साथ धोखा है तो मनोज तिवारी बताएं कि क्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा और कर्नाटक की सरकारें केजरीवाल की डोर स्टेप डिलीवरी योजना को पूर्णतया कॉपी करके अपने-अपने राज्यों में लागू कर रही हैं? वह बताएं कि भाजपा शासित पूर्वी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम केजरीवाल जी की इसी योजना को कॉपी करते हुए निगम की सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए क्यों लागू करने जा रहा है।

दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

chat bot
आपका साथी