CG Chunav 2018 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बिना दूल्हे के निकाल रही बारात : राजनाथ

Chhattisgarh Election 2018 जांजगीर की सभा में राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस पहले यह बताए कि वह किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 11:39 PM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 11:39 PM (IST)
CG Chunav 2018 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बिना दूल्हे के निकाल रही बारात : राजनाथ
CG Chunav 2018 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बिना दूल्हे के निकाल रही बारात : राजनाथ

रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-सक्ती। छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस संगठन पर सीधा निशाना साधा। राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस बिना दूल्हे के बारात निकाल रही है। जांजगीर की सभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले यह बताए कि वह किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है।

उन्‍होंने कहा कि राज्य में पिछली तीन बार से डॉ.रमन सिंह की सरकार प्रदेश को विकास की दौड़ में आगे बढ़ाने का काम कर रही है। अब बारी चौका मारने की है। जिस तरह क्रिकेट के मैच में कोई खिलाड़ी चौका मारता है तो उसका अलग महत्व होता है। उसी तरह इस बार चौका मारने की बारी आपकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य के नक्सल प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों में लोगों ने जबरदस्त वोटिंग की है। नक्सली धमकी दे रहे थे कि अगर कोई वोट डालता है तो उसकी अंगुली काट लेंगे। इसके बाद भी भारी तादाद में लोग मतदान करने के लिए निकले। उन्होंने लोकतंत्र के प्रति, सरकार के प्रति भरोसा जताया है।

राजनाथ ने कहा कि नक्सलवादी देश के विकास में बाधा पहुंचाने का काम करते हैं। देश की सरकार प्रदेश की गरीब जनता के लिए सड़क, पानी, बिजली पहुंचाने का काम करना चाहती है, मगर माओवादी कार्य में बाधा पहुंचाकर विकास कार्यो को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।

केंद्र की योजनाओं का जिक्र करते हुए राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने एक रुपए किलो में चावल योजना तथा 50 लाख परिवारों को मोबाइल फोन देकर उल्लेखनीय कार्य किया है।

नोटबंदी पर निशाने पर रहे राहुल

राजनाथ ने कहा कि नोटबंदी के समय देश की जनता ने जो संयम दिखाया है वो सराहनीय है। नोटबंदी से कालाधन जमा करने वालो में भय है। वहीं कांगे्रस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री के संबंध में अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। कांग्रेस अपना संयम खो चुकी है।

chat bot
आपका साथी