बिहार चुनाव 2020: सीतामढ़ी पहुंचे LJP सुप्रीमो चिराग पासवान, कहा- सत्ता में आए तो बनाएंगे माता सीता का भव्य मंदिर

Bihar Election 2020 कहा सीएम नीतीश के रहते बिहार का विकास नहीं हो सकता है। मुख्यमंत्री की सोच युवा विरोधी है। वे नहीं चाहते की बिहार के युवा पढ़ें और आगे बढ़ें। पापा को मिस कर रहा हूं। चुनाव के बाद महागठबंधन में जाने की बात को बताया अफवाह।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 10:23 AM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 06:02 PM (IST)
बिहार चुनाव 2020: सीतामढ़ी पहुंचे LJP सुप्रीमो चिराग पासवान, कहा- सत्ता में आए तो बनाएंगे माता सीता का भव्य मंदिर
लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने सीतामढ़ी के मां जानकी मंदिर में पूजा अर्चना की।

सीतामढ़ी, जेएनएन। Bihar Election 2020 :  Bihar Election 2020 : लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा की सरकार बनी तो सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बनेगा। बजट की चिंता नहीं है। जरूरत पड़ी तो घूम-घूमकर देश वासियों से भिक्षा मांगेंगे। सीता की जन्मस्थली से मेरी व्यक्तिगत आस्था जुड़ी है। मां सीता नारी शक्ति व मातृत्व शक्ति की प्रतीक हैं। जितना सम्मान माता सीता का है, उतना ही सम्मान महिलाओं को भी मिलना चाहिए। वे रविवार को सीतामढ़ी पहुंचकर पुणौरा धाम जानकी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद एक होटल के सभागार में प्रेस को संबोधित कर रहे थे।

कहा, सीता मंदिर अयोध्या के श्री राम मंदिर से भी भव्य बनेगा। प्रभु श्री राम माता सीता के बिना अधूरे हैं और माता सीता प्रभु श्री राम के बिना। अयोध्या का दर्शन करने वाले माता सीता का भी दर्शन करें, इसके लिए हमारी सरकार बनी तो छह लेन का काॅरीडोर बनाएंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बिहार में अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए सूफी सेक्टर का भी विकास कराया जाएगा। बिहार के विकास से जुड़ा यह मेरा संकल्प है। माता सीता की मिट्टी व आशीर्वाद के रूप में मिली लाल चुनरी को प्रदेश में हर जगह ले जाएंगे।

सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए चिराग ने कहा कि नीतीश के रहते कभी बिहार का विकास नहीं हो सकता है। सात निश्चय में भ्रष्टाचार है। बड़े से बड़े घोटाले हुए हैं। सरकार बनी तो इन सभी घोटालों की जांच कराकर दोषियों को जेल भेजेंगे। मुख्यमंत्री की युवा विरोधी सोच है। नीतीश नहीं चाहते की बिहार के युवा पढ़ें और आगे बढ़ें। मैं अकेले चुनाव प्रचार में निकला हूं। सूरजभान सिंह सहित अन्य नेता भी प्रचार कर रहे हैं, लेकिन पापा की कमी खल रही है। पहली बार ऐसा है कि वे चुनाव प्रचार में नहीं हैं। अकेले उनके सपने को पूरा करने निकला हूं। जगह जगह अपार समर्थन मिल रहा है।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की सोच के साथ निकला हूं। वे मेरे बुरे दिन में मेरे साथ खड़े थे। जब पापा बीमार थे तो प्रधानमंत्री दो-दो बार फोन कर पापा का हालचाल लेते थे। मेरे पापा भी अंतिम सांस तक उनके साथ थे। मैं भी वादा करता हूं अंतिम सांस तक नरेंद्र मोदी के साथ रहूंगा। चुनाव बाद भाजपा-लोजपा सरकार बनाएगी। मेरी लड़ाई तीस साल के नेतृत्व से है। चुनाव बाद महागठबंधन के साथ जाने का कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। मेरी सोच पर कोई पाबंदी नहीं लगा सकता है। भाजपा के किसी नेता से कोई नाराजगी नहीं है कि वे मेरे बारे में क्या बोलते हैं। वे जो भी बोल रहे हैं वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दबाव में बोल रहे हैं। भाजपा लोजपा की सरकार बनेगी। बिहार में जितने सरकारी पद रिक्त पड़े हैं उसे भरा जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रुन्नीसैदपुर प्रत्याशी गुड्डी देवी,सुरसंड प्रत्याशी अमित कुमार उर्फ माधव चौधरी, बेलसंड प्रत्याशी नसीर अहमद उर्फ लाल,बाजपट्टी प्रत्याशी इंतेखाब आलम,राजेश चौधरी व जिला अध्यक्ष ऋषिकेश झा आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी