Belaganj Election 2020 : गया के बेलागंज विधानसभा सीट पर राजद के गढ़ में सेंध लगाना एनडीए के लिए नहीं होगा आसान
Belaganj Election News 2020 गया के बेलागंज विधानसभा को राजद का गढ़ माना जाता है। यहां सन 1990 से सुरेंद्र प्रसाद यादव जीतते आए हैं। शुरुआत में जनता दल और उसके बाद राजद प्रत्याशी के तौर पर उनकी जीत होती आई है। इसबार अभय कुशवाहा मैदान में हैं।
गया, कमल नयन: बेलागंज विधानसभा सीट पर दो दशकों से राजद का कब्जा है। डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव यहां वर्ष 2000 से ही जीतते आए हैं। उनके मुकाबले राजग ने युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुशवाहा को मैदान में उतारा है। लोजपा ने यहां से रामाश्रय शर्मा को खड़ा कर दिया है। इससे यहां मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। वैसे कुल 13 प्रत्याशी यहां से चुनावी जंग में किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान समाप्ति के बाद अब सभी प्रत्याशियों को परिणाम का इंतजार है।
यहां सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रमुख मुद्दे हैं। पिछले चुनाव में राजद प्रत्याशी के रूप में सुरेंद्र प्रसाद यादव 53079 वोट लाकर चुनाव जीते थे। तब राजग में रहे हम के प्रत्याशी शरीम अली को 4638 वोटों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। उससे पहले सुरेंद्र प्रसाद यादव ने 2005 और 2010 के चुनाव में जदयू के मो. अमजद को हराया था।
लगातार पांच बार से विधायक चुने जा रहे हैं सुरेंद्र प्रसाद यादव
1962 में अस्तित्व में आए इस विधानसभा सीट से पहला चुनाव कांग्रेस के रामेश्वर मांझी जीते थे। इसके बाद 1967 के चुनाव में इस सीट से एसएसपी के एसएन सिन्हा को जीत मिली। 1969 के मध्यावधि चुनाव में कांग्रेस के मिथिलेश्वर प्रसाद सिंह यहां से विधायक चुने गए। इसके बाद 1972 के चुनाव में एनसीओ के जितेंद्र प्रसाद सिंह जीते.1977 में कांग्रेस के टिकट पर अभिराम शर्मा, जबकि 1980 के चुनाव में इसी पार्टी के शत्रुघ्न शरण सिंह विधायक चुने गए। इसके बाद 1990 से लेकर अब तक हुए 6 चुनाव में लगातार सुरेंद्र प्रसाद यादव यहां से निर्वाचित होते रहे।
बेलागंज और चंदौती प्रखंड को मिलाकर बेलागंज विधानसभा क्षेत्र बनाया गया है। शहर से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा प्रमुख मुद्दे हैं। सिंचाई की बड़ी समस्या है। नहर और पईन अनुपयोगी पड़े हुए हैं। फल्गु नदी पर बीथो बांध के प्रति लोग काफी आशान्वित हैं।
पिछले सात चुनावों का परिणाम
1990 सुरेंद्र प्रसाद यादव जनता दल
1995 सुरेंद्र प्रसाद यादव जनता दल
1998 महेश सिंह यादव एजीपी
2000 सुरेंद्र प्रसाद यादव राजद
2005 (फरवरी) सुरेंद्र प्रसाद यादव राजद
2005 (अक्टूबर) सुरेंद्र प्रसाद यादव राजद
2010 सुरेंद्र प्रसाद यादव राजद
2015 सुरेंद्र प्रसाद यादव राजद
कुल मतदाता 219514
पुरुष मतदाता 118054
महिला मतदाता101469