बिहार चुनाव 2020: वैशाली में बोले नीतीश कुमार-कुछ लोग केवल बोलते हैं, करते कुछ नहीं

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर वैशाली के महुआ में पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमने जनता की सेवा की और न्याय के साथ विकास किया। बिहार में किसी इलाके की उपेक्षा नहीं की। उन्होंने कहा कि चुनाव में लोग उपेक्षा का आरोप लगाते हैं यह गलत है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 01:23 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 01:23 PM (IST)
बिहार चुनाव 2020: वैशाली में बोले नीतीश कुमार-कुछ लोग केवल बोलते हैं, करते कुछ नहीं
वैशाली में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे नीतीश कुमार।

वैशाली, जेएनएन। बिहार चुनाव 2020: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर वैशाली के महुआ में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमने जनता की सेवा की और न्याय के साथ विकास किया। बिहार में किसी इलाके की उपेक्षा नहीं की। उन्होंने कहा कि चुनाव में लोग उपेक्षा का आरोप लगाते हैं, यह गलत है। कुछ लोग सिर्फ बोलते हैं, करते नहीं। नीतीश कुमार ने कहा कि हाशिये को मुख्यधारा में लाया गया है। उन्होने कहा कि लालटेन का जमाना गया, हर घर में बिजली, खेती के लिए बिजली दी जा रही है।

महिला के विकास से सूबे का विकास बढ़ेगा

जनता दल युनाइटेड के नेता नीतीश कुमार ने कहा कि महिला-पुरुष साथ काम करेंगे तभी विकास होगा। बिहार ये काम कर रहा है। महिलाओं में जागृति आयी है। उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। महिला के विकास से सूबे का विकास बढ़ेगा। पहले महिलाएं काम जनप्रतिनिधि थीं। कानून बनाकर उन्हें आरक्षण दिया। कुछ लोग का परिवार सिर्फ अपना घर ही है। उन्होंने कहा कि अगली बार गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। अब हर जगह उजाला ही उजाला होगा। हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा।

पहले मतदान फिर जलपान

नीतीश कुमार ने कहा कि वैशाली ऐतिहासिक जगह है। महुआ के 495 वार्डों में से 468 में नल जल का काम पूरा हो गया है। 99 ग्रामीण सड़कों का काम पूरा हो चुका है। गांव से महत्पूर्ण सड़क को जोड़ा जाएगा। नीतीश कुमार ने जनता से वोट देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान। 

इसबार तीन चरणों में चुनाव

कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा का चुनाव तीन चरणों में होगा। बिहार की कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी