Jamui Election 2020 : हॉट सीट जमुई में त्रिकोणीय मुकाबल रहा, कई घराने की प्रतिष्ठा दांव पर

Jamui Election News 2020 इस बार जमुई विधानसभा के चुनाव में कई राजनीतिक घराने की प्रतिष्‍ठा दांव पर लगी रही। जहां एक ओर भाजपा ने श्रेयसी सिंह को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। वहीं दूसरी ओर अन्‍य पार्टियां के प्रत्‍याशी को भी कम नहीं दिखे।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 05:48 AM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 08:10 PM (IST)
Jamui Election 2020 : हॉट सीट जमुई में त्रिकोणीय मुकाबल रहा, कई घराने की प्रतिष्ठा दांव पर
जमुई विधानसभा के प्रत्‍याशी श्रेयसी सिंह का मुकाबला विजय प्रकाश और अजय प्रताप से है।

जमुई, जेएनएन। Bihar assembly election 2020 : राजनीतिक रुप से जमुई की धरती को उर्वरा कहा जा सकता है। यहां के नेताओं ने मुख्यमंत्री से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक का पद सुशोभित किया है। जमुई विधानसभा सीट पर पहले चरण में 28 अक्टूबर को चुनाव हुआ। यहां 60 फीसद मतदाताओं ने मतदान में हिस्‍सा लिया।इस दफा भी एनडीए से यह सीट भाजपा कोटे में गई है, लेकिन उम्मीदवार बदल गया है। भाजपा ने श्रेयसी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। आरजेडी की टिकट पर वर्तमान विधायक विजय प्रकाश महागठबंधन के प्रत्याशी हैं तो भाजपा से टिकट कटने के बाद अजय प्रताप रालोसपा से ताल ठोकते दिखे। श्रेयसी सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. दिग्विजय सिंह की पुत्री हैं तो विजय प्रकाश पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव के अनुज हैं, जबकि अजय प्रताप सूबे के कद्दावर नेता नरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। तीनों राजनीतिक घराने के उम्मीदवारों के मैदान में रहने से जमुई हॉट सीट बना हुआ है और मुकाबला भी इन्हीं तीनों के बीच रहा। वैसे इस सीट से कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

दस बार राजपूत नेताओं ने किया प्रतिनिधित्व

जमुई विधानसभा सीट की बात करें तो सबसे अधिक दस बार राजपूत नेताओं ने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। विधानसभा अध्यक्ष रहे स्व. त्रिपुरारी सिंह यहां से चार बार विधायक चुने गए तो बिहार के मुख्यमंत्री रहे स्व. चंद्रशेखर सिंह के गांव मलयपुर निवासी स्व. सुशील कुमार सिंह उर्फ हीरा जी तीन बार विधायक चुने गए। जमुई की जनता ने सूबे के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह, उनके पुत्र स्व. अभय सिंह और अजय प्रताप को भी प्रतिनिधित्व का मौका दिया। हालांकि, 2005 के चुनाव में पहली बार यादव जाति से विजय प्रकाश ने जीत हासिल की थी लेकिन सरकार नहीं बन पाने के कारण वे शपथ नहीं ले सके थे।

जातीय समीकरण : इस सीट पर सबसे अहम भूमिका में यादव, मुस्लिम और राजपूत मतदाता हैं।

कुल वोटर- 2,93,587 (पुरुष वोटर- 1,55,782 व महिला वोटर- 1,37,794)

 241 जमुई विधानसभा क्षेत्र

कुल प्रत्याशी-14

1. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी से  अजय प्रताप

2. राष्ट्रीय जनता दल से विजय प्रकाश

3. भारतीय जनता पार्टी से श्रेयसी सिंह

4.  जनता दल राष्ट्रवादी से अब्दुल बाकी

5. जवान किसान मोर्चा से दिनेश कुमार

6.  लोग जनशक्ति पार्टी से नकुल कुमार शर्मा

7.  जन अधिकार पार्टी से मु शमशाद आलम

8. पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक से रविंद्र मंडल

9. जनता पार्टी से सूर्य प्रकाश सिन्हा

10. निर्दलीय से नंदलाल सिंह 11. निर्दलीय से महावीर यादव 12. निर्दलीय से रंजीत शर्मा

13. निर्दलीय से रामअवतार कुमार चंद्रवंशी

14. निर्दलीय से सुजाता सिंह  

2015 का परिणाम

राजद के विजय प्रकाश ने 66,577 वोट पाकर बीजेपी के अजय प्रताप को हराया। दूसरे नंबर पर रहे अजय प्रताप को 58,328 वोट मिले। वर्तमान विधायक- विजय प्रकाश

chat bot
आपका साथी