काम पर लौटने लगे कामगार, पीडब्ल्यूडी को राहत

ढांचागत विकास की अधर में लटकी परियोजनाओं पर काम कर रहे लोक निर्माण विभाग को कुछ राहत मिली है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Jun 2020 08:17 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 08:17 PM (IST)
काम पर लौटने लगे कामगार, पीडब्ल्यूडी को राहत
काम पर लौटने लगे कामगार, पीडब्ल्यूडी को राहत

राज्य ब्यूरो न्यू दिल्ली: ढांचागत विकास की अधर में लटकी परियोजनाओं पर काम कर रहे लोक निर्माण विभाग को कुछ राहत मिली है। अब वे कामगार लौटने लगे हैं, जो लॉकडाउन में निर्माण कार्य में मिली छूट के बाद भी काम पर नहीं आ रहे थे। इसमें से अधिकतर लोग घर जाने की फिराक में थे, लेकिन अब उन्होंने इरादा बदल दिया है। हालांकि, बड़ी संख्या में लोग गांव जा भी चुके हैं। इसका असर काम पर साफ दिखाई दे रहा है। ढांचागत विकास के लिए दिल्ली में बीते एक साल के दौरान निर्माण कार्य को लेकर कई बार संकट खड़ा हुआ है। कई बार काम रुका है, पिछले साल मानसून की बारिश के बाद जब लोक निर्माण विभाग ने विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया। लेकिन, प्रदूषण के चलते नवंबर के अंत में करीब 40 दिन काम बंद रहा। इसके बाद सुबह से शाम तक निर्माण कार्य की अनुमति मिली। हालांकि, इसके कुछ समय बाद रात-दिन काम करने की छूट दे दी गई। इसके बाद काम ने तेजी पकड़ी, लेकिन 25 मार्च से लॉकडाउन की वजह से काम बंद चल रहा है। 14 मई से निर्माण कार्य दिन में करने की छूट मिली, तो कामगारों का संकट खड़ा हो गया है। दिल्ली में बाहर से कामगारों को लाए जाने की छूट नहीं है।

लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि 15 दिन पहले तक स्थिति स्पष्ट नही थी कि कामगार रुकेंगे या घर जाएंगे। लेकिन अब माहौल बदल रहा है, जिन्हें जाना था, वे जा चुके हैं, ज्यादातर लोग अब मन बदल चुके हैं और काम पर लौट रहे हैं। ऐसे में 15 दिन में काम तेजी पकड़ सकता है। हालांकि, अभी एक चौथाई कामगार भी मौजूद नहीं हैं। कई कार्य बिल्कुल बंद है। वहां के 70-80 फीसद लोग गांव चले गए हैं।

chat bot
आपका साथी