अमोनिया की मात्रा बढ़ने से बंद हुए जल संयंत्र फिर से शुरू

राजधानी चारों ओर से हरियाणा व उत्तर प्रदेश राज्यों की सीमा से जुड़ा प्रदेश है। पानी के लिए दिल्ली वासियों को पड़ोसी राज्यों पर निर्भर होना पड़ता है। दिल्ली में यमुना का पानी हरियाणा और गंगा का पानी उत्तर प्रदेश से आता है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 09:40 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 09:40 PM (IST)
अमोनिया की मात्रा बढ़ने से बंद हुए जल संयंत्र फिर से शुरू
अमोनिया की मात्रा बढ़ने से बंद हुए जल संयंत्र फिर से शुरू

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली:

राजधानी चारों ओर से हरियाणा व उत्तर प्रदेश राज्यों की सीमा से जुड़ा प्रदेश है। पानी के लिए दिल्ली वासियों को पड़ोसी राज्यों पर निर्भर होना पड़ता है। दिल्ली में यमुना का पानी हरियाणा और गंगा का पानी उत्तर प्रदेश से आता है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में कुछ दिनों से अमोनिया की मात्रा बढ़ने से सोनिया विहार व भागीरथी विहार स्थित जल शोधन संयंत्र को बंद कर दिया गया था। जिसके चलते यमुनापार सहित दिल्ली के अन्य इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद थी। हालांकि, जल बोर्ड द्वारा लोगों के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था करवाई गई। जनता की समस्या को देखते हुए 70 से 80 प्रतिशत क्षमता के साथ सोनिया विहार और भागीरथी विहार जल संयंत्र को एक बार फिर से शुरू कर दिया गया है। यह कहना है दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा का।

उन्होंने सोनिया विहार जल उपचार संयंत्र में लगे प्लांट का निरीक्षण करते हुए कहा कि पानी में अमोनिया की मात्रा फिलहाल 1.7 पीपीएम से 1.9 पीपीएम के बीच है। शुक्रवार को अमोनिया का स्तर 3.5 पीपीएम तक चला गया था, जो बहुत ही ज्यादा खराब स्तर माना जाता है। इसी वजह से सोनिया विहार और भागीरथी विहार प्लांट को बंद करना पड़ा था। इन दोनों प्लांट की क्षमता कुल मिलाकर 250 एमजीडी है। दोनों प्लांट से दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली के कुछ इलाके में पानी सप्लाई किया जाता है। सोनिया विहार प्लांट पर जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों और चीफ इंजीनियर के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। सोनिया विहार और भागीरथी विहार प्लांट में दोबारा पूरी क्षमता के साथ काम शुरू करने का निर्देश दिया। सरकार दिल्ली वासियों को 24 घंटे स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। प्लांट बंद होने से यह इलाके रहे प्रभावित सोनिया विहार और भागीरथी विहार प्लांट में दिक्कत होने की वजह से दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी, सोनिया विहार, करावल नगर, बाबरपुर, ताहिरपुर, दिलशाद गार्डन, नंदनगरी, शाहदरा, लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, कोंडली, विवेक विहार, सीलमपुर, शास्त्री पार्क, ब्रह्मपुरी, गांधी नगर, सराय काले खां, ओखला, बदरपुर, सरिता विहार, वसंत कुंज, महरौली, ग्रेटर कैलाश, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, लोधी रोड, काका नगर आदि इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई।

chat bot
आपका साथी