तैमूर नगर में युवक की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : तैमूर नगर में युवक रूपेश की हत्या के मामले में महरौली थाना पुलिस न

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Oct 2018 11:56 PM (IST) Updated:Thu, 04 Oct 2018 11:56 PM (IST)
तैमूर नगर में युवक की हत्या 
मामले में आरोपित गिरफ्तार
तैमूर नगर में युवक की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : तैमूर नगर में युवक रूपेश की हत्या के मामले में महरौली थाना पुलिस ने गुरुवार को दो बदमाशों और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान संगम विहार निवासी आकाश, किशनगढ़ निवासी सूरज और राजपुर खुर्द निवासी अजय राठी के रूप में हुई है। आकाश पर दिल्ली में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह कुछ माह पहले ही तिहाड़ जेल से छूटकर आया था और उसने ही रूपेश को गोली मारी थी। आरोपित लूट के मामले में पकड़े गए और पूछताछ में रूपेश की हत्या की बात भी कुबूल कर ली। हत्यारोपित एक और बदमाश की तलाश की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह रविवार (30 सितंबर) रात तैमूर नगर में ड्रग्स लेने गया था। वहां ड्रग्स बेचने वाली महिला खाला से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद आकाश और उसका एक साथी गोलियां चलाते हुए वहां से निकले। वे गालियां भी दे रहे थे। इसी दौरान रूपेश ने टोका तो आकाश ने गोली मार दी। डीसीपी विजय कुमार ने बताया कि मंगलवार को महरौली थाना क्षेत्र में लूट का मामला सामने आया था। बदमाशों को पकड़ने के लिए महरौली थाने के एसएचओ अतुल कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने पहले आकाश और सूरज को दबोचा। इसके बाद अजय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि रविवार को तैमूर नगर में रूपेश की हत्या आकाश और अजय ने की थी। उसी रात हत्या से पहले तीनों ने एक लूट और हत्या के बाद लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। मंगलवार को तीनों बदमाशों ने महरौली में बाइक लूट ली। आकाश और सूरज के पास से महरौली क्षेत्र से लूटी गई बाइक, सोने की चेन और दो तमंचे बरामद हुए हैं। अजय के पास से तमंचा बरामद किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपितों की पहचान की गई है।

-------------------------------------- रविवार को कब कहां क्या हुआ

शाम करीब सात बजे तीनों बदमाशों ने निजामुद्दीन क्षेत्र के भोगल, जंगपुरा में होंडा सिटी कार लूटी

-निजामुद्दीन से करीब सात किलोमीटर दूर तैमूर नगर पहुंचे

-8.30 बजे तैमूर नगर में रूपेश को गोली मारी

-इसके बाद लूट की कार से तैमूर नगर से करीब 29 किलोमीटर दूर मौर्या एंक्लेव पहुंचे

-10 बजकर 34 मिनट पर तमंचे के बल पर पहली लूट की

-करीब पंद्रह मिनट बाद मौर्या एंक्लेव में फिर लूटपाट की

-इसके बाद छह किलोमीटर दूर इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास लूटी गई कार छोड़ दी

chat bot
आपका साथी